दवा खाकर किया फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का शुभारंभ:श्रावस्ती में आशा और स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर पात्र लोगों को खिलाएंगे दवा
श्रावस्ती को फाइलेरिया मुक्त बनाने के उद्देश्य से एमडीए/आईडीए अभियान 2026 का शुभारंभ बृहस्पतिवार को जनप्रतिनिधियों ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर किया। शाम 5 से 6 बजे के बीच स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी गई। जानकारी के अनुसार, ब्लॉक हरिहरपुर रानी के प्लानिंग यूनिट भंगहा में जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने दवा खाकर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करें और पात्रता के अनुसार दवा का सेवन जरूर करें। विधायक ने सीएचसी इकौना में खाई दवा इसी क्रम में सीएचसी इकौना में विधायक राम फेरन पांडेय ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी दवा खाई। इसके बाद उपस्थित लोगों को फाइलेरिया उन्मूलन में सहयोग करने की शपथ दिलाई गई। घर-घर जाकर दवा खिलाएंगी टीमें अभियान के तहत आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें घर-घर जाकर पात्र लाभार्थियों को एल्बेंडाजोल, डीईसी और आइवरमेक्टिन दवाएं निर्धारित पात्रता के अनुसार खिलाएंगी। अभियान के दौरान केवल दवाओं का वितरण नहीं किया जाएगा, बल्कि स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में लाभार्थियों के सामने ही दवा का सेवन सुनिश्चित कराया जाएगा। संक्रमण के वर्षों बाद दिख सकते हैं लक्षण जिलाधिकारी ने बताया कि फाइलेरिया गंभीर और लाइलाज बीमारी है। संक्रमण के 10 से 15 वर्ष बाद भी इसके लक्षण सामने आ सकते हैं। इसलिए बीमारी के लक्षण दिखाई न देने पर भी सभी पात्र व्यक्तियों को बचाव की दवा का सेवन करना जरूरी है। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य विभाग की टीमों का सहयोग करने और अभियान को सफल बनाकर श्रावस्ती को फाइलेरिया मुक्त बनाने में भागीदारी निभाने की अपील की।

