Breaking News
बलिया में मतदेय स्थलों के पुनर्गठन पर मंथन:मतदाताओं की सुविधा के अनुसार बदले जाएंगे बूथ, डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

बलिया के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार शाम 4 बजे कलेक्ट्रेट में मतदेय स्थलों के पुनर्गठन को लेकर बैठक हुई। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी मतदेय स्थल मतदाताओं के लिए दो किलोमीटर से अधिक दूर नहीं होना चाहिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन बूथों के स्थान परिवर्तन के प्रस्ताव आए हैं, उनका मौके पर निरीक्षण कर नियमों के अनुरूप निर्णय लिया जाए। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय ग्राम पुरास दक्षिण बरुना स्थित मतदेय स्थल संख्या 261 को अलग करने के सुझाव पर संबंधित एसडीएम को निरीक्षण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि दूरी दो किलोमीटर से अधिक नहीं होती है तो बदलाव नहीं किया जाएगा। बैठक में बहेरी स्थित मतदेय स्थल संख्या 110, 111 और 112 को दिल्ली पब्लिक स्कूल, बहेरी में स्थानांतरित करने का सुझाव दिया गया। यह सुझाव मतदाताओं और चार पहिया वाहनों के आवागमन में होने वाली दिक्कतों को देखते हुए दिया गया। मतदेय स्थल संख्या 64 इस्लामिया स्कूल परमानंदापुर को स्थानांतरित करने के सुझाव पर जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय परमानंदापुर को नया मतदेय स्थल बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, प्राथमिक विद्यालय बसंतपुर स्थित मतदेय स्थल संख्या 18 को एक ही बूथ में समायोजित करने का निर्णय लिया गया।
बहेरी के मदरसा अनवारुल ओलूम जूनियर हाई स्कूल स्थित मतदेय स्थल संख्या 107, 108 और 109 को पंचायत भवन चंद्रशेखर नगर में स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर भी एसडीएम सदर को निरीक्षण कर निर्णय लेने को कहा गया। कंपोजिट विद्यालय ब्रह्माइन डेरा स्थित मतदेय स्थल संख्या 12 को बूथ संख्या 10 अथवा 11 में स्थानांतरित करने का सुझाव भी आया। बेल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र में अंबेडकर पसरा स्थित जर्जर स्कूल में बने बूथ को तत्काल बदलने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए। बूथों के स्थानांतरण और नए बूथ बनाने के सभी प्रस्तावों पर संबंधित एसडीएम को स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को जिले के सभी बूथों की जांच करने और उन मतदेय स्थलों की सूची तैयार करने का भी निर्देश दिया, जहाँ 1100 से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं। बैठक में एडीएम अनिल कुमार, सभी उप जिलाधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

संत रविदास अमृत भारत एक्सप्रेस का स्वागत अनुयायी करेंगे:जौनपुर में पहली बार जनप्रतिनिधि नहीं, संत समाज करेगा अगवानी

जौनपुर में संत रविदास अमृत भारत एक्सप्रेस (14623/14624) का स्वागत इस बार एक नई परंपरा के तहत होगा। संत रविदास की तपोस्थली छेराहटा (अमृतसर) से उनकी जन्मस्थली वाराणसी के बीच चलने वाली इस ट्रेन का स्वागत पहली बार किसी जनप्रतिनिधि या राजनीतिक नेता के बजाय संत रविदास पंथ के अनुयायी करेंगे। यह ट्रेन शनिवार सुबह 11 बजे जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर संत रविदास समाज के लोग पारंपरिक तरीके से ट्रेन की अगवानी करेंगे। स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ समाजसेवी रमेश बौद्ध और रमेश चंद्र गौतम करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में रविदासिया समाज के श्रद्धालु स्टेशन पर उपस्थित रहेंगे। इस पहल को सामाजिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अनुयायियों का मानना है कि जिस महापुरुष के नाम पर यह ट्रेन शुरू की गई है, उसके स्वागत का पहला अधिकार उनके अनुयायियों को ही है। इस निर्णय से श्रद्धालुओं में संतोष और उत्साह है। रेलवे प्रशासन ने स्वागत समारोह के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार उपाध्याय और आरक्षण पर्यवेक्षक अनुराग तिवारी को व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए हैं। संत रविदास अमृत भारत एक्सप्रेस अमृतसर स्थित संत रविदास की तपोस्थली और वाराणसी स्थित उनकी जन्मस्थली को सीधे रेल मार्ग से जोड़ती है। यह नई रेल सेवा श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम यात्रियों के लिए भी सुविधाजनक होगी।

हरदोई में युवक की बेरहमी से पिटाई, VIDEO:सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा, सिर में गंभीर चोट आई

हरदोई में शुक्रवार शाम को युवक से मारपीट का वीडियो सामने आया है। मारपीट में युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है। उसका अस्पताल में इलाज किया गया। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी में पूरी घटना कैद हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया गया की घटना गुरुवार रात करीब 8:30 बजे की है। सरामुल्लागंज निवासी सचिन (पुत्र विजय) गुरुवार रात सराफा बाजार स्थित कन्हैया लाल-ओमप्रकाश सर्राफा दुकान के पास मौजूद था। इसी दौरान कुछ युवकों से उसकी किसी बात को लेकर बहस हो गई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई। विवाद बढ़ने पर दबंगों ने सचिन को घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने सचिन को सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। घायल सचिन को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद पीड़ित के पिता विजय ने सांडी थाने में तहरीर दी है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी समर बहादुर सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। ताकि आरोपियों की जल्द पहचान की जा सके। साक्ष्यों के आधार पर सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

धान रोपाई के दौरान गिरी आकाशीय बिजली:देवरिया में युवती की मौत, घायल मां अस्पताल में भर्ती

देवरिया जिले के खामपार थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। यह घटना गुरुवार शाम करीब पांच बजे बरईपार पांडेय गांव में धान की रोपाई के दौरान हुई। हादसे में युवती की मां भी झुलस गईं। मृतका की पहचान प्रीति (18) पुत्री मुख्तार प्रसाद के रूप में हुई है। वह बरईपार पांडेय गांव की निवासी थी। वह अपनी मां ज्ञानती देवी के साथ खेत में धान की रोपाई कर रही थी। रोपाई के दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी बीच खेत में आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में मां-बेटी आ गईं। घटना के बाद आसपास काम कर रहे ग्रामीणों ने दोनों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्रीति को मृत घोषित कर दिया। उनकी मां ज्ञानती देवी का उपचार जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर खामपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रीति की असामयिक मौत से परिवार में गहरा सदमा है। गांव में भी शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है। बारिश के बीच खेत में कर रहे थे काम, अचानक गिरी बिजली गुरुवार को सुबह से मौसम में बदलाव बना हुआ था। दोपहर में तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हुई। इसी दौरान खेत में धान की रोपाई कर रहीं प्रीति और उसकी मां आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। ग्रामीणों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन प्रीति की जान नहीं बच सकी। हादसे की सूचना पर खामपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। मौसम विभाग पहले ही जारी कर चुका था चेतावनी मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना को लेकर पहले ही अलर्ट जारी किया था। विशेषज्ञों का कहना है कि खराब मौसम के दौरान खेतों, खुले स्थानों और ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए। बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थान पर पहुंचना ही सबसे प्रभावी बचाव माना जाता है।

वाराणसी में SBI-बैंक में गार्ड की गोली से दो घायल:बड़ालालपुर ब्रांच में अचानक बंदूक चलने से हड़कंप, नगदी निकालने आए ग्राहक लहूलुहान

वाराणसी के बड़ालालपुर स्टेट बैंक आफ इंडिया में गुरुवार दोपहर को ड्यूटी पर तैनात गार्ड की बंदूक से गोली चल गई। गार्ड की बंदूक से अचानक बैंक परिसर में गोली चलने से हड़कंप मच गया। बंदूक की गोली नगदी निकालने आए दो युवकों को लगी और दोनों लहुलुहान हो गए। गार्ड की गोली से घायल युवक जमीन पर लेट गए और चीखने लगे। आनन फानन में मैनेजर समेत बैंक स्टाफ आया और गार्ड से गोली चलाने का कारण पूछा, इसके बाद पुलिस को सूचना दी। घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। वहीं गार्ड को पुलिस हिरासत में रखा गया है। गार्ड ने बताया कि उसे खुद नहीं पता गोली कैसे चल गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए मामले की जांच कर रही है। वहीं चोलापुर निवासी घायल युवक अवधेश राजभर और अनुज का इलाज जारी है।
महादय
सविनय निवेदन है कि पर्थी प्वधेश
राजअर एक्र सोहन राजभर नरिवासी ग्राम
अरेसूवो नाना चोलाशूर जनदर वारणती
पार्वी आज दिनक 16/07/2026 ईo ल 1भग
1: बजे दोपहर को अपने बैक बैक कफ
वण्डिया शाखय बड़ालाल पर अपने
खाते से कैसा निकाल
6 आया था
प्राथा ज्योदि बैक मक उन्दर जाा
था तथी गोली चल जाने वहा हा गया

चोरी की मोटरसाइकिल के साथ आरोपी गिरफ्तार:चौकिया ओवरब्रिज पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने पकड़ा

गाजीपुर में कोतवाली पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी गुरुवार शाम चौकिया ओवरब्रिज पर वाहन चेकिंग के दौरान हुई। पुलिस अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही थी। पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 5 बजे उपनिरीक्षक राम मिलन यादव अपनी टीम के साथ चौकिया ओवरब्रिज पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एक संदिग्ध युवक को रोका गया। जांच करने पर उसके पास मिली मोटरसाइकिल चोरी की पाई गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अलाउद्दीन (33) पुत्र इश्तियाक के रूप में हुई है, जो ग्राम शेखपुरा, थाना कोतवाली का निवासी है। बरामद मोटरसाइकिल थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 0448/2026, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित पाई गई है। कोतवाली पुलिस ने आरोपी अलाउद्दीन को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

बर्थ-डेथ सर्टिफिकेट में जोनल अधिकारी करेंगे करेक्शन:लखनऊ में नगर निगम में नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने जारी किया निर्देश, लोगों को मिलेगी सुविधा

लखनऊ में अब जोनल कार्यालयों में बर्थ और डेथ सर्टिफिकेक का करेक्शन होगा। नगर स्वास्थ्य अधिकारी अशीष सिंह ने यह निर्देश दिया है। इसके बाद यह फैसला राजधानी के सभी आठ जोनों में शुक्रवार से लागू हो जाएगा। नगर स्वास्थ्य अधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि 2019 में शासनादेश के मुताबिक उप- रजिस्ट्रार की जिम्मेदारी जोनल अधिकारियों को दी गई है। ऐसे में वह पहले से बर्थ और डेथ सर्टिफिकेट बनाते आ रहे हैं। अब वह इसके सर्टिफिकेट में करेक्शन का भी काम करेंगे। उनका कहना है कि नगर स्वास्थ्य अधिकारी के पास में रजिस्ट्रार की पोस्ट नहीं है। ऐसे में वह यह काम नहीं कर सकते हैं। अभी तक करेक्शन का काम करते थे एनएसए लखनऊ नगर निगम में अभी तक बर्थ और डेथ सर्टिफिकेट के करेक्शन का काम नगर स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय से होता था। यहां पर प्रतिदिन करीब 20 लोग करेक्शन के लिए आवेदन करते थे। मौजूदा समय में करीब 10 आवेदन पेंडिंग थे। इसका निस्तारण करने के बाद एनएसए ने निर्देश दिया है कि यह काम जोनल अधिकारी के हैं। यह वहीं से उनके कार्यालय से ही होना चाहिए। ऐसे में अब शुक्रवार से लोग अपने जोनल कार्यालय में ही बर्थ और डेथ सर्टिफिकेशन में करेक्शन कराने के लिए जा जाएं। उनके सर्टिफिकेट का करेक्शन नगर स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय में नहीं होगा। करेक्शन में फंसे रहते थे कर्मचारी नगर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि करेक्शन में ही विभाग के बाबू फंसे रहते थे। ऐसे में विभाग के काम प्रभावित होते थे। इसके कारण यह फैसला लिया गया है। इससे विभाग की मैन पावर बढ़ेगी। जिससे विभागीय कार्य और जनता से जुड़े कार्यों में तेजी आएगी। विभाग जन सुविधा के लिए काम कर रहा है।

विवादित मार्ग को खुलवाने की मांग को लेकर भूख हड़ताल:कलेक्ट्रेट में अनिश्चितकालीन धरना शुरू, जाट महासभा ने दिया समर्थन

मुजफ्फरनगर में शहर की सुमन विहार कॉलोनी में रास्ते को लेकर चल रहा विवाद अब आंदोलन का रूप लेता नजर आ रहा है। गुरुवार अपराह्न करीब 4 बजे से कॉलोनी निवासी जितेंद्र ने कलेक्ट्रेट परिसर में कॉलोनी का गेट खुलवाने और आवागमन बहाल कराने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। भूख हड़ताल को जाट महासभा का भी समर्थन भी मिला है। संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे तथा आंदोलन के समर्थन में प्रशासन से मामले का शीघ्र एवं निष्पक्ष समाधान कराने की मांग की। धरनारत प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रास्ता बंद होने के कारण कॉलोनी के लोगों को रोजमर्रा के कार्यों, बच्चों के स्कूल आने-जाने और आपातकालीन परिस्थितियों में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आंदोलनकारियों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। उनका कहना है कि प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर कॉलोनी का गेट खुलवाया जाए तथा स्थानीय लोगों के लिए निर्बाध आवागमन सुनिश्चित किया जाए। आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से करीब 40 साल से बंद इस रास्ते को खोले जाने की मांग को लेकर मोहल्ला दो गुटों में विभाजित हो गया है। एक पक्ष रास्ता बंद रखना चाहता है, जबकि दूसरा पक्ष इसे खोलने की लगातार मांग कर रहा है।