Breaking News
जौनपुर में 10 दिन भारी वाहनों की एंट्री बंद:शारदीय नवरात्र और दशहरा पर सुबह 10 से रात 11 बजे तक रहेगा प्रतिबंध

जौनपुर में शारदीय नवरात्र और दशहरा पर्व पर भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने खास इंतजाम किए हैं। 11 से 20 अक्टूबर 2026 तक रोज सुबह 10 बजे से रात 11 बजे तक शहर में भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। यातायात प्रभारी मनोज पांडेय ने रविवार की शाम 6 बजे बताया कि यह व्यवस्था वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर लागू की गई है। इसका मकसद त्योहार के दौरान ट्रैफिक को आसान बनाना और सड़क हादसों को कम करना है। हालांकि, गैस, डीजल, पेट्रोल और मेडिकल से जुड़े जरूरी सामान लाने वाले वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट मिलेगी। इनके अलावा बाकी भारी वाहन तय समय में शहर में नहीं आ पाएंगे। शहर में भारी वाहनों की एंट्री सात जगहों से बंद रहेगी। इनमें पचहटिया, प्रसाद, पकड़ी हाईवे, अलीगंज हाईवे, जगदीशपुर चौराहा और कुत्तुपुर तिराहा शामिल हैं। चांदपुर हाईवे अंडरपास पर सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंध रहेगा।

रसूलाबाद में 19वें विराट दंगल में उमड़ा जनसैलाब:ट्रैक्टर-ट्रॉली और ई-रिक्शा पर चढ़कर देखा दंगल, महिला पहलवानों ने भी दिखाया दम

कानपुर देहात में रसूलाबाद के कैटरा नैला में रविवार को आयोजित 19वें विराट दंगल में पहलवानों के दांव-पेच देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। वरिष्ठ सपा नेता पुष्पेंद्र यादव की ओर से आयोजित दंगल में दर्शकों को खड़े होने तक की जगह नहीं मिली। कई लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली, ई-रिक्शा और बाइक पर खड़े होकर कुश्ती का आनंद लेते नजर आए। दंगल में देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे पहलवानों ने अपनी ताकत और हुनर का प्रदर्शन किया। पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवकुमार बेरिया ने कहा कि दंगल जैसे आयोजन लोगों को एकता के सूत्र में बांधते हैं। खेल व्यक्ति को मिट्टी से जोड़ने के साथ स्वस्थ रहने की प्रेरणा देता है। जब लोग स्वस्थ होंगे, तभी देश तरक्की करेगा। मौशम अली और टाइगर के बीच कड़ा मुकाबला दंगल की सबसे महंगी कुश्ती मौशम अली और टाइगर पहलवान के बीच हुई। दोनों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। आखिरकार मौशम अली ने जीत दर्ज की। वहीं, बरेली के गोपाल पहलवान ने सोनीपत के प्रदीप को शिकस्त दी। नेपाल के देवा थापा ने गंगानगर के सोनी पहलवान को हराया, जबकि टाइगर पहलवान ने राणा पहलवान को पटखनी दी।
महिला पहलवानों के मुकाबले भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे। रूबी पहलवान और सोनी पहलवान के बीच कांटे की टक्कर हुई, जिसमें रूबी ने जीत हासिल की। दर्शकों ने तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाया। कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां रहीं मौजूद कार्यक्रम में पूर्व सांसद राजाराम पाल, पूर्व जिलाध्यक्ष वीरसेन यादव, पूर्व विधायक अरविंद यादव और सपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार बबलू राजा समेत कई नेता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। आयोजक एवं जिला पंचायत सदस्य अंकित सिंह यादव ने अतिथियों का स्वागत किया। देशभर से आए पहलवानों के मुकाबलों और दर्शकों की भारी भीड़ के बीच 19वां विराट दंगल उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

ऐशबाग में रामोत्सव आयोजित:कलश पूजन संग सुंदरकांड पाठ, कोलकाता कलाकारों ने किया मंचन

लखनऊ में नवरात्रि के प्रथम दिन श्री रामलीला समिति ऐशबाग के रामोत्सव 2026 का शुभारंभ कलश पूजन और प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न एवं हनुमान जी के विग्रह पूजन के साथ हुआ। पूजन समिति के व्यवस्था प्रमुख शील कुमार अग्रवाल ने किया। पंडित ललित मिश्र ने विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। इसके बाद मनोज तिवारी और उनके साथियों ने संगीतमय सुंदरकांड पाठ किया। रामोत्सव 2026 के सांस्कृतिक मंच का शुभारंभ मुख्यमंत्री के निजी सलाहकार अवनीश अवस्थी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष हरीशचन्द्र अग्रवाल, मंत्री ऋतुराज रस्तोगी, कोषाध्यक्ष शुभम अग्रवाल (प्रथम), उपाध्यक्ष शुभम अग्रवाल (द्वितीय) सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रथम दिन की रामलीला में पुत्रकामेष्ठि यज्ञ और श्रीराम जन्म की लीला का मंचन किया गया। इसके बाद कलाकारों ने ‘बाजे बाजे अवध बधइया’ गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। प्रस्तुति में श्रीराम के जन्म पर खुशियों और उल्लास के भाव दर्शाए गए। कोलकाता के कलाकारों की प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया। इसके बाद श्रीराम और उनके भाइयों के वशिष्ठ आश्रम में विद्यार्जन, महर्षि विश्वामित्र के साथ श्रीराम और लक्ष्मण के जाने, ताड़का और सुबाहु वध तथा अहिल्या उद्धार तक की लीलाओं का मंचन किया गया। रामलीला का मंचन भास्कर नाट्य कला केंद्र, कोलकाता के कलाकारों ने किया। बाल राम की भूमिका उदिषा बासु, श्रीराम की भूमिका राहुल बोस, लक्ष्मण की भूमिका पृथ्वी साहा, भरत की भूमिका प्रशांत परिदा, शत्रुघ्न की भूमिका सुमित रावत और राजा दशरथ की भूमिका भास्कर बोस ने निभाई। रामलीला से पहले जीएमडी ग्रुप के बाल कलाकारों ने गणपति वंदना पर नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद नित्या डांस एकेडमी और रुद्र कला एकेडमी के कलाकारों ने भी नृत्य प्रस्तुतियां दीं। समिति के अध्यक्ष हरीशचन्द्र अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को जनकपुरी में धनुष यज्ञ, जनक प्रतिज्ञा, सीता स्वयंवर, परशुराम-लक्ष्मण संवाद और राम-जानकी विवाह की लीलाओं का मंचन किया जाएगा। रामोत्सव 11 से 22 अक्टूबर तक ऐशबाग रामलीला मैदान में आयोजित होगा।

सुल्तानपुर में टीएमटी परीक्षा सम्मान समारोह:हुसैनी शिया वेलफेयर एसोसिएशन का आयोजन, मेधावी बच्चों संग समाजसेवियों को पुरस्कार

सुल्तानपुर में हुसैनी शिया वेलफेयर एसोसिएशन ने एक सम्मान समारोह आयोजित किया। इसमें टीएमटी परीक्षा के टॉपर्स और कई सोशल वर्कर्स को सम्मानित किया गया। ग्लोबल हुसैनी मिशन के जिलाध्यक्ष अमन सुल्तानपुरी एडवोकेट और इकतेदार हुसैन बसऊ भी सम्मानित होने वालों में शामिल थे। यह कार्यक्रम तौहीद मुस्लीमकीन ट्रस्ट (TMT) लखनऊ के तत्वावधान में हुआ। इसमें टीएमटी परीक्षा में टॉप करने वाले बच्चों को मोमेंटो दिए गए। ट्रस्ट ने सभी बच्चों को पुरस्कार देने के साथ ही, शीर्ष 12 बच्चों को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया। यह ‘वितरण, पुरस्कार और परिणाम घोषणा कार्यक्रम’ 11 अक्टूबर को रविवार को आयोजित हुआ। कार्यक्रम दोपहर हुसैनिया, नौ तमीर, अमाहट, सुल्तानपुर में हुआ। हुसैनी शिया वेलफेयर एसोसिएशन, सुल्तानपुर के संयोजक और अध्यक्ष हैदर अब्बास खान थे।

दीपावली को लेकर अलर्ट फायर ब्रिगेड:पटाखा गोदामों व दुकानों की चेकिंग, कारोबारियों को सख्त निर्देश

बिजनौर में दीपावली पर्व से पहले अग्नि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए दमकल विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में बिजनौर में पटाखों के भंडारण और बिक्री स्थलों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस महानिदेशक (अग्निशमन) और एसपी बिजनौर के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत टीम ने पांच प्रमुख स्थानों की जांच की और 21 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। जांच के दौरान पटाखा कारोबारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर अग्निशमन उपकरणों को हर हाल में चालू स्थिति में रखें और उनका नियमित रखरखाव सुनिश्चित करें। इसके साथ ही, कारोबारियों और वहां मौजूद कर्मचारियों को आग लगने की आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने, सुरक्षित निकासी और आग बुझाने के प्राथमिक उपायों का भी प्रशिक्षण दिया गया। सीएफओ डॉ. पाण्डेय ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य दीपावली के दौरान आग की संभावित घटनाओं को रोकना और सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।

उन्नाव में लाइन चालू करते ही करंट से झुलसा लाइनमैन:CHC में मौत के बाद परिजनों का हंगामा, परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया

उन्नाव में मियागंज स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। लाइन चालू करने के दौरान संविदा/लाइनमैन ऋषि सिंह (पुत्र मुनेश सिंह, निवासी भुरकुंडी, थाना औरास) अचानक तेज करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। घटना के तुरंत बाद साथ में काम कर रहे कर्मचारी उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) औरास ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल परिसर में परिजनों का हंगामा ऋषि सिंह की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में सीएचसी औरास पहुंच गए। परिजनों ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। वे उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। हादसे के करीब चार घंटे बाद एसडीओ धर्मेंद्र राजपूत मौके पर पहुंचे, जिस पर परिजनों का गुस्सा और भड़क गया। परिजन जेई, एसडीओ और एक्सईएन के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। सड़क जाम करने की कोशिश, पुलिस ने संभाला मोर्चा हंगामे की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शाम करीब 5:30 बजे आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने का प्रयास किया, हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए परिजनों को समझा-बुझाकर रोक दिया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को उच्चाधिकारियों से वार्ता कराने और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। छह माह की मासूम के सिर से उठा पिता का साया मृतक ऋषि सिंह की पत्नी रुचि सिंह ने विद्युत विभाग के अधिकारियों पर सीधे तौर पर पति की हत्या का आरोप लगाया है। ऋषि सिंह की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। ऋषि अपने पीछे पत्नी और महज 6 माह की मासूम बच्ची को छोड़ गए हैं। पुलिस ने परिजनों की तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गोरखपुर में शिक्षक MLC चुनाव की तैयारी तेज:BJP ने कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी, महानगर अध्यक्ष बोले- जनता काम के आधार पर करती है मतदान

गोरखपुर में फैजाबाद शिक्षक खंड निर्वाचन चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को बेनीगंज स्थित BJP महानगर कार्यालय पर चुनाव संचालन समिति की बैठक हुई। इसमें मंडल अध्यक्षों, पार्षदों और पार्टी पदाधिकारियों को बुलाया गया। बैठक में शिक्षक मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने, चुनाव प्रचार की रणनीति और संगठन की जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा हुई। BJP महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने दावा किया कि पार्टी प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी लगातार चौथी बार चुनाव जीतेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता विद्यालयों में जाकर प्रधानाचार्यों, प्रबंधकों और शिक्षक मतदाताओं से लगातार संपर्क कर रहे हैं। शिक्षकों से समर्थन मांग रहे कार्यकर्ता BJP महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने कहा कि शिक्षक MLC चुनाव को लेकर पार्टी पूरी गंभीरता से काम कर रही है। कार्यकर्ता अलग-अलग विद्यालयों में जाकर प्रधानाचार्यों, प्रबंधकों और शिक्षक मतदाताओं से बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “हम लोग सभी विद्यालयों में जा रहे हैं। प्रधानाचार्यों, प्रबंधकों और हमारे शिक्षक मतदाताओं से संपर्क किया जा रहा है। चुनाव को लेकर बहुत अच्छा माहौल है। हमें पूरा विश्वास है कि हमारे प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी एक बार फिर जीत दर्ज करेंगे।” 12 अक्टूबर को शिक्षकों का सम्मेलन रमेश प्रताप गुप्ता ने बताया कि 12 अक्टूबर को गोरखपुर के दिग्विजयनाथ पार्क में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शिक्षकों के साथ सम्मेलन प्रस्तावित है। इसी कार्यक्रम और शिक्षक MLC चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें मंडल अध्यक्षों, पार्षदों और पदाधिकारियों को शामिल कर आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। पार्टी का फोकस शिक्षक मतदाताओं तक पहुंच बनाने और संगठन के स्तर पर चुनाव प्रचार को मजबूत करने पर है। अखिलेश यादव के आरोपों पर BJP पलटवार सपा प्रमुख अखिलेश यादव के गोरखपुर आगमन और चुनाव में दबाव बनाए जाने की बात पर रमेश प्रताप गुप्ता ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव से पहले ही दबाव में मतदान होने की बात कह रहा है, जबकि मतदाता अपने विवेक और प्रत्याशी के काम के आधार पर वोट देते हैं। रमेश प्रताप गुप्ता ने कहा, “जनता किसी के दबाव में वोट नहीं देती। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को लेकर शिक्षक मतदाता काम के आधार पर फैसला करेंगे। विपक्ष के लोग चुनाव से पहले ही दबाव की बात कर रहे हैं, लेकिन हमें पूरा विश्वास है कि हमारे प्रत्याशी भारी मतों से चुनाव जीतेंगे।” चौथी बार जीत को लेकर BJP आश्वस्त BJP महानगर अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता लगातार शिक्षकों के बीच पहुंच रहे हैं और चुनाव को लेकर सकारात्मक माहौल है। बैठक के जरिए संगठन को सक्रिय करने और प्रचार अभियान को गति देने की रणनीति बनाई गई है। BJP ने ध्रुव कुमार त्रिपाठी की लगातार चौथी जीत का दावा करते हुए कहा कि शिक्षक मतदाताओं का समर्थन पार्टी के साथ है। हालांकि, जीत का अंतिम फैसला चुनाव परिणाम आने के बाद ही होगा।

‘सिक्योर एप्लीकेशन डेवलपमेंट’ कार्यशाला:अभिलाषा की टीम को मिला पहला स्थान, विजेता सम्मानित

जौनपुर के खेतासराय में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संकाय और IEEE के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित छह दिवसीय ‘सिक्योर एप्लीकेशन डेवलपमेंट’ कार्यशाला का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस कार्यशाला में आयोजित प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में पोरई खुर्द निवासी कुंवर भानु प्रताप सिंह की पुत्री अभिलाषा सिंह की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सुरक्षित एप्लीकेशन डेवलपमेंट से जुड़े बेहतरीन प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। विशेषज्ञ डॉ. अनुप गिरधर द्वारा किए गए मूल्यांकन के आधार पर अभिलाषा सिंह, यासिर और तनु की टीम प्रथम, प्रेरणा और प्राची की टीम द्वितीय तथा इप्सिता और आंचल की टीम तृतीय स्थान पर रही। सभी विजेताओं को प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। समापन समारोह में कुलपति प्रो. आरके सिंह ने डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस क्षेत्र में डीआरडीओ, इसरो, बैंकिंग और मल्टीनेशनल कंपनियों में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। संकायाध्यक्ष प्रो. सौरभ पाल ने बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में 90 से अधिक विद्यार्थियों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया। इस दौरान संयोजक डॉ. दिव्येंदु कुमार मिश्रा, IEEE ब्रांच चेयर सृजन श्रीवास्तव सहित कई शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

आगरा में रिहायशी इलाके में नैपकिन फैक्टरी में भीषण आग:काले धुएं से मची अफरा-तफरी, मजदूरों ने भागकर बचाई जान

आगरा सदर थाना क्षेत्र के राजपुर चुंगी स्थित कावेरी विहार में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक नैपकिन फैक्टरी में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्टरी से उठता काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया। धुआं उठता देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों से बाहर निकल आए। फैक्टरी में काम कर रहे मजदूरों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कई घंटे चला रेस्क्यू
आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियों को लगना पड़ा। फायर कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक फैक्टरी में रखा सारा माल जलकर खाक हो गया। लाखों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रिहायशी इलाके में अवैध रूप से फैक्टरी चल रही थी। कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। नैपकिन बनाने में उपयोग होने वाला केमिकल और कागज होने के कारण आग तेजी से फैली।जांच में जुटा विभाग फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है। अग्निशमन विभाग के अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं। थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। अगर समय रहते मजदूर बाहर नहीं निकलते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

पति पर मानसिक-शारीरिक शोषण का आरोप, FIR:अलीगढ़ की शिक्षिका अपने पति से परेशान, नहीं करने देता बच्चों तक की देखभाल

क्वार्सी क्षेत्र में एक शिक्षिका ने अपने पति पर मानसिक और शारीरिक शोषण करने, आए दिन अभद्र व्यवहार करने और तीन बच्चों की देखभाल नहीं करने देने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि वह शुक्रवार को रक्षाबंधन के लिए मायके गई थी। 30 अगस्त को घर लौटी तो पति उसे गेट पर देखने के बावजूद मकान पर ताला लगाकर चला गया। शिकायत के आधार पर शुक्रवार को पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
न्यू अंबेडकर नगर निवासी शिक्षिका के मुताबिक, पति आए दिन उस पर शक करता है और उसके विद्यालय के पुरुष प्रधानाचार्य समेत आसपास के लोगों पर आरोप लगाता रहता है। इससे वह लंबे समय से मानसिक परेशानी झेल रही है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति उसे अपने तीन बेटों, जिनकी उम्र 13, 11 और 8 साल है, की देखभाल भी नहीं करने देता।
37 लाख रुपये का लोन लेकर बनवाया मकान
महिला ने शिकायत में बताया कि मकान उसके नाम भी है और इसे बनवाने के लिए उसने 37 लाख रुपये का लोन लिया था। वह हर महीने करीब 59 हजार रुपये की ईएमआई भर रही है। इसके बावजूद पति ने घर लौटने पर मकान में ताला लगा दिया और चला गया। महिला ने पुलिस से पति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 और 127(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक ऋषभ कुमार को सौंपी गई है।