Breaking News
हरदोई में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम:रेहड़ी और खोखे हटाए, दुकानदारों ने कार्रवाई में भेदभाव का आरोप लगाया

हरदोई में नवरात्रि, दशहरा और दिवाली के त्योहारों को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण हटाने के लिए मंगलवार को नगर पालिका परिषद और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक चले अभियान में नुमाइश चौराहे से डीएम चौराहे के बीच महात्मा गांधी मार्ग पर सड़क किनारे रखी रेहड़ियां और खोखे हटाए गए। कार्रवाई के दौरान हटाया गया सामान नगर पालिका के वाहनों में ले जाया गया। अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाना है। सड़क किनारे दुकानें लगाने और सामान रखकर रास्ता घेरने से वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने अतिक्रमण हटाकर रास्ते खाली कराने की कार्रवाई की। दुकानदारों ने भेदभाव का आरोप लगाया कार्रवाई के दौरान स्थानीय दुकानदारों ने अभियान में भेदभाव किए जाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि नुमाइश चौराहे से करीब 100 मीटर अंदर एक खोखा हटाया गया। इसके बाद लगभग 10 मीटर की दूरी पर रखा दूसरा खोखा भी नगर पालिका की टीम ने उठा लिया। दुकानदारों ने सवाल उठाया कि यदि अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है, तो मार्ग के अन्य हिस्सों में भी एक समान कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। उनका आरोप है कि कुछ स्थानों पर अतिक्रमण जैसी स्थिति बने रहने के बावजूद वहां कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन के पक्ष का इंतजार त्योहारों के दौरान शहर की प्रमुख सड़कों और बाजारों में यातायात सुचारु रखने के लिए प्रशासन अतिक्रमण हटाने पर जोर दे रहा है। सड़क और फुटपाथ पर रखे सामान को हटाकर आवागमन के लिए जगह खाली कराई जा रही है। वहीं, दुकानदारों ने कार्रवाई में निष्पक्षता बरतने की मांग की है। भेदभाव के आरोपों पर प्रशासन का पक्ष सामने नहीं आया है।

अमरोहा में ओवरलोड ई-रिक्शा देख डीएम रुके:4 स्कूली वाहनों पर 79 हजार का जुर्माना, FIR के निर्देश

अमरोहा में जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने स्कूली बच्चों को ओवरलोड ले जा रहे वाहनों पर कार्रवाई की है। जोया मार्ग पर उन्होंने एक ई-रिक्शा में क्षमता से ज्यादा बच्चे देखकर अपना काफिला रुकवाया। मंगलवार दोपहर तीन बजे निरीक्षण से लौटते समय कचहरी मोड़ के पास यह घटना हुई। ई-रिक्शा में बच्चों को ज्यादा भरा देखकर डीएम ने नाराजगी जताई और मौके पर ही जांच शुरू कराई। डीएम ने वहां से गुजर रहे अन्य स्कूली वाहनों को भी चेक कराया। जांच में एक टाटा मैजिक, एक फोर्स क्रूजर और दो बैटरी ई-रिक्शा समेत कुल चार वाहनों में गड़बड़ी मिली। परिवहन विभाग ने इन चारों वाहनों पर 79 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। जिलाधिकारी ने चारों वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और वाहनों को जब्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्र, एसडीएम, एआरटीओ मनोज कुमार मिश्रा और यात्री/मालकर अधिकारी सुधीर कुमार सिंह भी मौजूद रहे। परिवहन विभाग ने बताया कि चेकिंग अभियान जारी रहेगा।

बदायूं में ग्राम प्रधान को दो गोलियां मारीं, हालत गंभीर:दुकान से घर लौटते समय हमलावरों ने की फायरिंग, बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती

बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव में मंगलवार शाम करीब 5 बजे ग्राम प्रधान इस्लामउद्दीन को बदमाशों ने गोली मार दी। उन्हें दो गोलियां लगी हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। परिवार के लोग उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल, उनका बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस्लामउद्दीन की कस्बा बगरैन में बिल्डिंग मटेरियल की दुकान है। मंगलवार शाम वह दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाकर बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस कर रही जांच घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसएचओ अश्वनी कुमार ने बताया कि अभी तक मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने और घटना के कारण का पता लगाने में जुटी है।

संभल में सरकारी जमीन की पैमाइश, हटाया गया कब्जा:छह लेखपालों की टीम ने की जांच, पुलिस बल की रही तैनाती

संभल के नखासा थाना क्षेत्र के कसेरूआ गांव में सरकारी जमीन को लेकर शिकायत मिलने के बाद मंगलवार शाम राजस्व विभाग की टीम ने पैमाइश की। कानूनगो के नेतृत्व में छह लेखपालों की टीम ने मौके पर पहुंचकर गाटा संख्या 330, 119, 219, 220 और 221 की नापजोख की। इस दौरान गाटा संख्या 330 पर कब्जा मिलने के बाद संबंधित भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। जानकारी के अनुसार, गांव में सरकारी जमीन पर खाद के गड्ढों और अन्य भूमि को लेकर मुस्लिम पक्ष की ओर से संभल तहसील में शिकायत की गई थी। शिकायतकर्ताओं में इस्लाम, इसरार और अनस मलिक समेत आठ लोगों के नाम बताए गए हैं। शिकायत मिलने के बाद राजस्व विभाग ने जांच और पैमाइश के लिए टीम गठित की। टीम ने संबंधित गाटा संख्याओं की जांच के साथ कुछ मकानों की भी नापजोख की। कुछ स्थान खाली पाए गए। शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि गांव में मस्जिद का निर्माण नहीं होने दिया गया, जिसके बाद उन्होंने सरकारी जमीन से संबंधित शिकायत प्रशासन से की। वहीं, हिंदू पक्ष ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मस्जिद निर्माण नहीं होने देने के मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच प्रशासन ने राजस्व अभिलेखों के आधार पर जमीन की स्थिति की जांच की। कार्रवाई के दौरान नखासा थाना प्रभारी संजय शर्मा और हिसामपुर चौकी प्रभारी अरुण चौधरी सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। गांव के प्रमुख चौराहों पर भी पुलिस तैनात की गई, ताकि किसी तरह का विवाद न हो और शांति व्यवस्था बनी रहे। राजस्व विभाग की टीम ने पैमाइश पूरी करने के बाद रिपोर्ट तैयार की है। इसे तहसील अधिकारियों को सौंपा जाएगा। रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सरकारी जमीन से संबंधित शिकायत पर प्रशासन ने कार्रवाई पूरी कर ली है।

सीएम ग्रिड के काम में लापरवाही-ठेकेदार पर पेनाल्टी की सिफारिश:आगरा में सहायक नगर आयुक्त के निरीक्षण के दौरान मिली कमियां

आगरा में सीएम ग्रिड के तहत अमर होटल से बसई मंडी तक सड़क निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन न करने पर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने निर्माण कार्य का निरीक्षण कर मौके पर कई कमियां पाईं। उन्होंने निरीक्षण की रिपोर्ट नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य को सौंपते हुए संबंधित ठेकेदार के खिलाफ पेनाल्टी लगाने की संस्तुति की है।
निरीक्षण के दौरान सड़क पर धूल उड़ने, मार्ग का उचित लेवल नहीं किए जाने और निर्माण स्थल पर पर्याप्त संकेतक (साइनबोर्ड) और बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी नहीं पाई गई। इससे दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। धूमल उड़ने के कारण वायु प्रदूषण की समस्या से लोग परेशान हैं। खुले चैंबर से हादसे का खतरा
निरीक्षण में चैंबरों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। कुछ स्थानों पर चैंबर में सरिये बाहर निकले हुए थे और उनके आसपास पर्याप्त बैरिकेडिंग नहीं की गई थी। ऐसे में वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का उचित पालन नहीं होने को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ठेकेदार को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए जाने की संस्तुति की गई है। मानकों का पालन करने के निर्देश सहायक नगरआयुक्त ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित ठेकेदार को दिए हैं। सड़क का लेवल ठीक करने, गड्ढों को दुरुस्त करने, धूल पर नियंत्रण रखने तथा चैंबरों के आसपास उचित बैरिकेडिंग और संकेतक लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने निरीक्षण के दौरान मिली खामियों की रिपोर्ट नगर आयुक्त को सौंप दी है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित ठेकेदार को नोटिस भेजने और पेनाल्टी लगाने की कार्रवाई की संस्तुति की गई है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय अवर अभियंता कृष्ण गोपाल सहित अन्य संबंधित कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

पांचवीं तक पढ़ी लड़की हिंदी अखबार भी नहीं पढ़ सकी:इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यूपी की शिक्षा व्यवस्था पर जताई गंभीर चिंता

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई करने वाली लड़की के हिंदी अखबार न पढ़ पाने और अपने नाम के अलावा हिंदी में कुछ न लिख पाने पर यूपी की शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता जताई। कोर्ट ने सवाल उठाया कि लड़की की पढ़ाई पांचवीं कक्षा के बाद क्यों छूट गई और राज्य यह सुनिश्चित क्यों नहीं कर पाया कि वह आगे भी शिक्षा प्राप्त करती। जस्टिस अतुल श्रीधरन और जस्टिस अचल सचदेव की खंडपीठ ने कहा- राज्य की शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता गंभीर चिंता का विषय है। अदालत एक बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसका संबंध POCSO एक्ट 2012 के तहत लंबित मामले से था। याचिकाकर्ता राकेश यादव उर्फ पप्पू ने उस लड़की को अदालत में पेश करने की मांग की थी, जिसके साथ उसके अनुसार वह वर्ष 2025 में घर से चला गया था। बाद में लड़की ने एक बच्चे को जन्म दिया।

भिटौली बाजार पहुंचे सपा नेता सुरेन्द्र:पुरानी पेंशन बहाली पर हुआ संवाद, शिक्षकों से की वोट देने अपील

महराजगंज के भिटौली बाजार में समाजवादी पार्टी के नेता सुरेन्द्र भारती ने शिक्षकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली, शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्ववित्तपोषित विद्यालयों में कार्यरत मानदेय शिक्षकों को मानदेय दिलाने की मांग उठाई। सुरेन्द्र भारती ने इन मुद्दों को लेकर गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

राहुल गांधी पर महिला पुलिस से अभद्रता का आरोप:भाजपा ने कांग्रेस कार्यालय घेरा, मणिपुर सांसद पर भी गलत व्यवहार का आरोप

चंदौली जिला मुख्यालय पर सोमवार शाम भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया। उन्होंने राहुल गांधी और मणिपुर के एक सांसद पर महिला पुलिसकर्मियों व किशोरियों से अभद्रता का आरोप लगाया। कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय से कांग्रेस कार्यालय तक पैदल मार्च कर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नई दिल्ली में धरने के दौरान राहुल गांधी ने महिला पुलिसकर्मियों से गलत व्यवहार किया था। मणिपुर के सांसद पर भी कई किशोरियों से गलत व्यवहार करने का आरोप है। भाजपा ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भाजपा महिला मोर्चा की नेता रानिका जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस महिला सम्मान पर बात करती है, पर अपने सांसदों पर लगे आरोपों पर चुप है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से मणिपुर के सांसद को पार्टी से निलंबित करने की मांग की। जायसवाल ने कहा कि भाजपा हमेशा महिलाओं के पक्ष में खड़ी रहती है। यह प्रदर्शन पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए किया गया। इस दौरान किरण शर्मा, सुषमा जयसवाल, सुषमा गिरी, रेनू तिवारी, सलोनी, प्रियंका तिवारी सहित अन्य महिलाएं मौजूद थीं।

सपा कार्यालय में डॉ. लोहिया की पुण्यतिथि मनाई:प्रतिमा पर फूल चढ़ाए गए और समाजवादी विचारधारा पर चर्चा हुई

मिर्जापुर में महान स्वतंत्रता सेनानी और समाजवादी चिंतक डॉ. राममनोहर लोहिया की 59वीं पुण्यतिथि सोमवार को समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय लोहिया ट्रस्ट में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी और कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अशोक यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. लोहिया की आदमकद प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान गोष्ठी आयोजित कर उनके विचारों, संघर्षों और समाजवादी आंदोलन में योगदान को याद किया गया। गोष्ठी में जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया भारतीय राजनीति के प्रमुख समाजवादी नेता, विचारक और स्वतंत्रता सेनानी थे। वे अपने निर्भीक विचारों, ईमानदार राजनीति और समाजवादी दृष्टिकोण के लिए जाने जाते थे। उन्होंने बनारस और कोलकाता में शिक्षा प्राप्त करने के बाद जर्मनी के हैम्बर्ग विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि हासिल की। महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित होकर उन्होंने कांग्रेस सोशलिस्ट पार्टी की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका पूरा जीवन सामाजिक समानता और शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए बीता। कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने कहा कि डॉ. लोहिया का जन्म 23 मार्च 1910 को उत्तर प्रदेश के अकबरपुर में हुआ था। उन्होंने दलितों, पिछड़ों और वंचितों के उत्थान के लिए आजीवन संघर्ष किया। लोहिया ने समाजवाद को देशप्रेम और जनकल्याण से जोड़ते हुए सामाजिक एवं आर्थिक असमानता के खिलाफ आवाज उठाई। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. लोहिया किसानों, मजदूरों, गरीबों, नौजवानों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों सहित समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने के पक्षधर थे। समाजवादी कार्यकर्ताओं को उनके आदर्शों पर चलते हुए कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा और जनसेवा के लिए काम करना चाहिए। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष आशीष यादव, सुरेंद्र सिंह पटेल, मुन्नी यादव, राजेश भारती, अभय यादव, संतोष गोयल, रमाशंकर कोल, बलराम यादव, कौशिक कन्नौजिया, अभिषेक दुबे, श्यामसुंदर सोनकर, चंदन यादव, रूपेश वर्मा, राजकुमार साहू, सिद्धांत यादव, झल्लू यादव, गणेश केशरी, चिंतामणि यादव, राजकुमार सोना, लवकुश यादव, संतोष यादव, राकेश यादव, रवि सोनकर, उपेंद्र सिंह, आकांक्षा यादव, विकास केशरी, मनीष जायसवाल और उपेंद्र तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पुलिसकर्मी बताकर बेटे को घर से ले गए लोग:पिता का आरोप- बाद में बोले- रास्ते से भाग गया; SO का हिरासत से इनकार

चंदौली में रविवार दोपहर धानापुर कस्बे के पारसनाथ मौर्य ने कुछ लोगों पर पुलिसकर्मी बनकर उनके बड़े बेटे रितेश को घर से ले जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बाद में उन्हीं लोगों ने रितेश के रास्ते से भाग जाने की बात कही। रविवार को थाने पहुंचने पर पुलिस ने बेटे को ले जाने से इनकार कर दिया। इससे परिवार की चिंता बढ़ गई है। पूछताछ के नाम पर ले जाने का आरोप पारसनाथ मौर्य के मुताबिक, एक दिन पहले कुछ लोग उनके घर आए थे। वे रितेश को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गए। पारसनाथ ने उनमें से सुमीत नाम के एक पुलिसकर्मी को पहचानने का दावा किया है। दोबारा आए लोग, बेटे के भागने की बात कही पारसनाथ का आरोप है कि शनिवार रात वही लोग दोबारा उनके घर आए। उन्होंने बताया कि रितेश रास्ते से भाग गया है। यह सुनकर परिवार घबरा गया। पारसनाथ को आशंका है कि उनके बेटे के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। थानाध्यक्ष ने हिरासत में लेने से किया इनकार रविवार को पारसनाथ मौर्य धानापुर थाने पहुंचे। उनके मुताबिक, वहां पुलिसकर्मियों ने रितेश को उठाने से इनकार कर दिया। थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश मिश्रा ने भी कहा कि पुलिस ने रितेश को नहीं उठाया। फिलहाल, रितेश कहां है और उसे अपने साथ ले जाने वाले लोग कौन थे, इस बारे में स्थिति स्पष्ट नहीं है।