बोर्ड परीक्षा 2027: पंजीकरण की गलतियां सुधारने का मौका:30 नवंबर तक स्कूल लॉगिन से विद्यार्थी ऑनलाइन सुधार कर सकेंगे
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। कक्षा 9 और 11 के अग्रिम पंजीकरण में स्कूलों की ओर से अपलोड किए गए शैक्षिक विवरणों में गड़बड़ी सुधारने का मौका दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी ने इसके लिए 30 नवंबर की रात 12 बजे तक का समय निर्धारित किया है। पहले यह प्रक्रिया 20 नवंबर तक पूरी होनी थी। विद्यार्थी अपने स्कूल के माध्यम से परिषद की वेबसाइट पर विवरणों में संशोधन करा सकेंगे। नाम, जन्मतिथि से लेकर विषय और फोटो तक सुधारने का मौका अग्रिम पंजीकरण में विद्यार्थियों के विषय, वर्ग, नाम, माता-पिता के नाम, जेंडर, मीडियम (हिंदी-अंग्रेजी), जाति, जन्मतिथि और फोटो में हुई गलतियों को सुधारा जा सकेगा। कक्षा 11 के पंजीकरण में हाईस्कूल के विवरण और अन्य शैक्षिक जानकारियों में हुई त्रुटियों को भी ठीक करने का निर्देश दिया गया है। स्कूल के प्रधानाचार्य को करना होगा संशोधन परिषद की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य अपने लॉगिन के माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षिक विवरणों में संशोधन और अपलोड की प्रक्रिया पूरी करेंगे। इसके लिए यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर सुविधा दी गई है। विद्यालयों को निर्धारित समय के भीतर सभी त्रुटियों को ठीक करना होगा। 30 नवंबर के बाद नहीं मिलेगा मौका माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय के अपर सचिव भास्कर मिश्र की ओर से 20 नवंबर को जारी विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद संशोधन का कोई अवसर नहीं दिया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षकों को सभी प्रधानाचार्यों से त्रुटियों का निराकरण कराने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि किसी भी परीक्षार्थी के शैक्षिक विवरण में गलती शेष न रहे।

