Breaking News
सीतापुर में पिकअप की टक्कर से महिला की मौत:आधार कार्ड में संशोधन कराने पैदल जा रही थी महिला, टक्कर के बाद वाहन सड़क पर पलटा

सीतापुर के कमलापुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 4 बजे तेज रफ्तार पिकअप डाले की टक्कर से पैदल जा रही 40 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर मारने के बाद पिकअप डाला भी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम बरगदिया निवासी आसिया (40) पत्नी अजमत अली शनिवार को अपने गांव से ग्राम पिपारा आधार कार्ड में संशोधन कराने के लिए पैदल जा रही थीं। वह कम्हरिया चौराहे से सिधौला-महमूदाबाद रोड स्थित कस्बा कुवरगड्डी को सीधे जोड़ने वाली सड़क के किनारे पहुंची थीं। इसी दौरान कम्हरिया की तरफ से माल लादकर आ रहा तेज रफ्तार पिकअप डाला अचानक अनियंत्रित हो गया और उसने पीछे से आसिया को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिर गईं और गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं महिला को टक्कर मारने के बाद पिकअप डाला भी अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद महिला के परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर कमलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त पिकअप डाले को कब्जे में लेकर थाने ले आई। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज को रिसर्च अवार्ड:20 से अधिक क्लिनिकल ट्रायल के लिए लखनऊ में यूपीपीपीसी ने सम्मानित किया

कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज को चिकित्सा शोध के क्षेत्र में कार्य के लिए रिसर्च एप्रिसिएशन अवार्ड प्रदान किया गया। यह पुरस्कार यूपी प्रमोट फार्मा काउंसिल (UPPPC) की ओर से लखनऊ के होटल सराका, द मॉल एवेन्यू में आयोजित एकदिवसीय कार्यशाला ‘प्रैक्टिकल आस्पेक्ट्स ऑफ कंडक्टिंग क्लिनिकल ट्रायल्स’ में दिया गया। कॉलेज की ओर से 20 से अधिक क्लिनिकल ट्रायल संचालित किए गए हैं। इसके अलावा संस्थागत एथिक्स कमेटी ने सबसे अधिक संख्या में एकेडमिक ट्रायल को स्वीकृति दी है। इसी कार्य के लिए कॉलेज को सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख सचिव एवं UPPPC की चेयरमैन वी. हेकाली झिमोमी (IAS), UPPPC की एमडी एवं सीईओ कृतिका शर्मा (IAS) और भारत की पूर्व ड्रग कंट्रोलर जनरल डॉ. जी. के. सिंह ने प्रदान किया।

एमपीजीआई के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का समापन:डिजिटल परिवर्तन पर विशेषज्ञों ने किया मंथन, अवध विवि के कुलपति रहे मौजूद

कानपुर में महाराणा प्रताप ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस (MPGI) की ओर से ‘सस्टेनेबिलिटी थ्रू डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘ICSDT-2026’ का शनिवार, 21 नवंबर को समापन हुआ। सम्मेलन के दूसरे और अंतिम दिन देश-विदेश से आए शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने विभिन्न तकनीकी सत्रों में भाग लिया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या के कुलपति प्रो. (कर्नल) डॉ. बृजेश सिंह और विशिष्ट अतिथि आईआईटी कानपुर के प्रबंधन विज्ञान विभाग के डॉ. जितेंद्र कुमार मौजूद रहे। डॉ. बृजेश सिंह ने सम्मेलन के आयोजन के लिए संस्थान प्रबंधन को बधाई दी। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया। वहीं, डॉ. जितेंद्र कुमार ने डिजिटल परिवर्तन के दौर में उच्च गुणवत्ता वाले शोध और उद्योग-अकादमिक साझेदारी की आवश्यकता पर बात रखी। सम्मेलन के आयोजन में डॉ. रूपा भल्ला, डॉ. पंकज यादव, मयंक शुक्ला, डॉ. शुभम गोयनका और डॉ. स्वाति सिंह सहित संस्थान के संकाय सदस्यों ने योगदान दिया।

हत्या प्रयास में दो लोगों को 10-10 साल की सजा:बलिया कोर्ट ने राजू सिंह और अनुज सिंह पर 20-20 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया

बलिया की अदालत ने हत्या के प्रयास के मामले में राजू सिंह और अनुज सिंह को 10-10 साल की जेल की सजा सुनाई है। दोनों पर 20-20 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। जुर्माना नहीं भरने पर उन्हें 6 महीने की अतिरिक्त जेल काटनी होगी।
अपर सत्र न्यायाधीश (FTC-III), बलिया ने दोनों को भारतीय दंड संहिता की धारा 307 के तहत दोषी पाया। राजू सिंह और अनुज सिंह, सुरेश सिंह के बेटे हैं। दोनों बैरिया थाना क्षेत्र के आलेख टोला गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक, पटीदारी के विवाद में दोनों ने शिकायतकर्ता के पति को जान से मारने की नीयत से गोली मारकर घायल किया था। बैरिया थाने में केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने उनके खिलाफ आरोपपत्र अदालत में पेश किया था।
यह फैसला उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के ‘ऑपरेशन कन्विक्शन’ अभियान के तहत हुई पैरवी के बाद आया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में मॉनिटरिंग सेल और अभियोजन विभाग ने मामले की निगरानी की।
मामले में अभियोजन अधिकारी संदीप कुमार तिवारी थे। सजा दिलाने में मॉनिटरिंग सेल, पैरोकार और अभियोजन अधिकारियों का योगदान रहा।

दिव्यांगजनों को 97 सहायक उपकरण बांटे:रॉबर्ट्सगंज में विधायक और ब्लॉक प्रमुख ने किया वितरण; पांच को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिली

सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज विकासखंड परिसर में शनिवार की दोपहर करीब 3 बजे दिव्यांगजनों को 97 सहायक उपकरण बांटे गए। शिविर में विधायक भूपेश चौबे और ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत ने उपकरण वितरित किए। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से आयोजित शिविर में पांच लोगों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 20 को व्हीलचेयर और 30 को सामान्य ट्राईसाइकिल दी गई। छह लोगों को स्मार्ट केन, एक को लेप्रोसी किट, 20 को जोड़ी बैसाखी और 15 लोगों को छड़ी दी गई। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार उपकरण दिए गए। विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि दिव्यांगजनों को सम्मान से जीने और आत्मनिर्भर बनने के लिए जरूरी सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से दिव्यांगजनों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरणों से रोजमर्रा के काम और आने-जाने में मदद मिलेगी। ऐसे शिविरों के जरिए जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचता है। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी लालजी शुक्ला, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला, सुयश कुमार शुक्ला, वरिष्ठ सहायक राजकुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर विनय कुमार शर्मा और विभाग व विकासखंड के कर्मचारी मौजूद रहे।