Breaking News
बोर्ड परीक्षा 2027: पंजीकरण की गलतियां सुधारने का मौका:30 नवंबर तक स्कूल लॉगिन से विद्यार्थी ऑनलाइन सुधार कर सकेंगे

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। कक्षा 9 और 11 के अग्रिम पंजीकरण में स्कूलों की ओर से अपलोड किए गए शैक्षिक विवरणों में गड़बड़ी सुधारने का मौका दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी ने इसके लिए 30 नवंबर की रात 12 बजे तक का समय निर्धारित किया है। पहले यह प्रक्रिया 20 नवंबर तक पूरी होनी थी। विद्यार्थी अपने स्कूल के माध्यम से परिषद की वेबसाइट पर विवरणों में संशोधन करा सकेंगे। नाम, जन्मतिथि से लेकर विषय और फोटो तक सुधारने का मौका अग्रिम पंजीकरण में विद्यार्थियों के विषय, वर्ग, नाम, माता-पिता के नाम, जेंडर, मीडियम (हिंदी-अंग्रेजी), जाति, जन्मतिथि और फोटो में हुई गलतियों को सुधारा जा सकेगा। कक्षा 11 के पंजीकरण में हाईस्कूल के विवरण और अन्य शैक्षिक जानकारियों में हुई त्रुटियों को भी ठीक करने का निर्देश दिया गया है। स्कूल के प्रधानाचार्य को करना होगा संशोधन परिषद की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य अपने लॉगिन के माध्यम से विद्यार्थियों के शैक्षिक विवरणों में संशोधन और अपलोड की प्रक्रिया पूरी करेंगे। इसके लिए यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर सुविधा दी गई है। विद्यालयों को निर्धारित समय के भीतर सभी त्रुटियों को ठीक करना होगा। 30 नवंबर के बाद नहीं मिलेगा मौका माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय के अपर सचिव भास्कर मिश्र की ओर से 20 नवंबर को जारी विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद संशोधन का कोई अवसर नहीं दिया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षकों को सभी प्रधानाचार्यों से त्रुटियों का निराकरण कराने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि किसी भी परीक्षार्थी के शैक्षिक विवरण में गलती शेष न रहे।

एक बूथ पर 1200 से ज्यादा मतदाता नहीं होंगे:मिर्जापुर में युवा-महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने अभियान चलाने के निर्देश

मिर्जापुर में भारत निर्वाचन आयोग के आयुक्त विवेक जोशी ने शुक्रवार को अष्टभुजा निरीक्षण गृह के सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा- मतदाता सूची शुद्ध और त्रुटिरहित होनी चाहिए। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहने पाए। इसके लिए विशेष अभियान चलाकर युवाओं और महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं। निर्वाचन आयुक्त ने निर्देश दिया कि महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों और भर्ती रैलियों में कैंप लगाकर युवाओं से फार्म-6 भरवाया जाए। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराया जाए। इसके लिए ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। जेंडर रेशियो की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में महिला मतदाताओं का अनुपात कम है, वहां विशेष अभियान चलाया जाए। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का सहयोग लेकर पात्र महिलाओं से फार्म-6 भरवाएं और उनके नाम मतदाता सूची में जोड़ें। फार्म-8 से संबंधित संशोधन कार्यों पर भी लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन कराना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदान कार्मिकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण दिया जाए। मतदान केंद्रों की समीक्षा में उन्होंने स्पष्ट किया कि एक बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होने चाहिए। प्रत्येक मतदान केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। संवेदनशील बूथों का चिह्नांकन कर कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी नजर रखी जाए। बैठक में मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, डीआईजी पूनम, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, एसपी अपर्णा रजत कौशिक, सीडीओ विजय कुमार सिंह सहित सभी आरओ और ईआरओ मौजूद रहे। डीएम ने निर्वाचन कार्यों की प्रगति और विधानसभा क्षेत्रवार ईपी व जेंडर रेशियो की जानकारी दी। मंडलायुक्त ने निर्देशों का पालन कराते हुए निर्वाचन प्रक्रिया सकुशल संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।

बहराइच के बाप-बेटे की बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई:लखीमपुर खीरी में गाय को बचाने के प्रयास में हादसा, दोनों घायल अस्पताल में भर्ती

बहराइच के बाइक सवार पिता-पुत्र गाय बचाने के चक्कर में बेकाबू होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गए। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को नजदीकी सीएचसी लागा गया। पिता को गंभीर चोट आने से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना शुक्रवार शाम खीरी थाना क्षेत्र के नकहा बाजार, लखीमपुर खीरी में हुई। पढ़िए पूरा मामला… बहराइच के मूर्तिया थाना क्षेत्र के इमली पुरवा गांव निवासी राकेश (40) पुत्र जिम्मेदार अपने 15 वर्षीय बेटे संजय के साथ बाइक से लखीमपुर से बहराइच जा रहे थे। नकहा बाजार के पास अचानक सड़क पर गाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। हादसे में राकेश को गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके बेटे संजय को भी चोट लगी। दोनों को सीएचसी नकहा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद राकेश की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। संजय का सीएचसी में उपचार किया गया। पुलिस हादसे की जांच में जुटी।

ट्रांसफार्मर फटने से दो युवतियां गंभीर रूप से झुलसीं:मुजफ्फरनगर में घर के अंदर काम कर रहीं युवतियों पर गिरा गर्म तेल

मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र के छतेला गांव में शुक्रवार शाम बिजली का ट्रांसफार्मर फटने से दो युवतियां गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों घर के अंदर कढ़ाई-बुनाई का काम कर रही थीं। इसी दौरान ट्रांसफार्मर से निकला गर्म तेल उन पर गिर गया। घायलों को पहले CHC बघरा और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया। घर में काम कर रही थीं दोनों युवतियां जानकारी के अनुसार, छतेला गांव में शामिया और आरजू शुक्रवार शाम करीब पांच बजे एक मकान के अंदर कढ़ाई-बुनाई का काम कर रही थीं। इसी दौरान घर के पास लगा LT बिजली का ट्रांसफार्मर अचानक फट गया। उससे निकला गर्म तेल घर के अंदर काम कर रहीं दोनों युवतियों पर जा गिरा। गर्म तेल की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर तितावी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए CHC बघरा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कॉइल में खराबी की आशंका बिजली विभाग के JE सुनील कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर की कॉइल में आंतरिक खराबी के कारण कभी-कभी इस तरह की घटनाएं हो जाती हैं। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। फुगाना CO नरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि छतेला गांव में बिजली के ट्रांसफार्मर में आग लगने के कारण वह फट गया। इससे निकले गर्म तेल की चपेट में आकर पास के घर में घरेलू काम कर रहीं दो युवतियां झुलस गईं। सूचना मिलते ही तितावी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि दोनों का उपचार चल रहा है। मौके पर शांति और कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।

आजमगढ़ में खाद्य मिलावट पर कार्रवाई:126 कारोबारियों पर 11.61 लाख रुपये का जुर्माना, वर्ष 2026-27 में 373 छापेमारी

आजमगढ़ जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग की कार्रवाई जारी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभाग ने अब तक 373 छापामार कार्रवाई करते हुए खाद्य पदार्थों के कुल 378 नमूने संग्रहित किए हैं। इनमें से 277 नमूनों की जांच रिपोर्ट मानकों के अनुरूप नहीं मिली। वहीं, मिलावट के मामलों में 126 खाद्य कारोबारियों पर कुल 11 लाख 61 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।
शुक्रवार को डीएम के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग की जनपद स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक हुई। बैठक में अभिहित अधिकारी सुशील कुमार मिश्र ने विभाग की ओर से की गई कार्रवाई और आगामी रणनीति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण की ईट राइट इंडिया इनिशिएटिव के तहत जनपद के 89 खाद्य प्रतिष्ठानों को तीन से पांच स्टार तक की हाईजीन रेटिंग दिलाई गई है। इनका ऑडिट बाहरी एजेंसियों से कराया गया था। चालू वित्तीय वर्ष में 20 प्रतिष्ठानों के खाद्य कारोबारियों को हाईजीन रेटिंग प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए हैं। इसके अलावा जनपद के दो धार्मिक स्थलों को पीओओडब्ल्यू (POW) योजना के तहत प्रमाणित कराया गया है।
अधिकारियों को दिए गए निर्देश बैठक में अपर जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निरीक्षण और नमूना संग्रहण की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से दूसरे जनपदों से आजमगढ़ आने वाले दूध, दुग्ध उत्पादों और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच के लिए प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करने को कहा। दूध में मिलावट की आशंका को देखते हुए इस पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में खाद्य सुरक्षा विभाग से संबंधित न्यायालयों में लंबित मामलों के निस्तारण के लिए प्रभावी पैरवी करने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर सहायक खाद्य आयुक्त सुशील कुमार मिश्रा, उपायुक्त राज्य कर (जीएसटी), मंडी निरीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी, बाट-माप विभाग, जिला खाद्य विपणन अधिकारी उपस्थित रहे।