Breaking News
दिव्यांगजनों को 97 सहायक उपकरण बांटे:रॉबर्ट्सगंज में विधायक और ब्लॉक प्रमुख ने किया वितरण; पांच को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिली

सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज विकासखंड परिसर में शनिवार की दोपहर करीब 3 बजे दिव्यांगजनों को 97 सहायक उपकरण बांटे गए। शिविर में विधायक भूपेश चौबे और ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत ने उपकरण वितरित किए। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से आयोजित शिविर में पांच लोगों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 20 को व्हीलचेयर और 30 को सामान्य ट्राईसाइकिल दी गई। छह लोगों को स्मार्ट केन, एक को लेप्रोसी किट, 20 को जोड़ी बैसाखी और 15 लोगों को छड़ी दी गई। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार उपकरण दिए गए। विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि दिव्यांगजनों को सम्मान से जीने और आत्मनिर्भर बनने के लिए जरूरी सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से दिव्यांगजनों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरणों से रोजमर्रा के काम और आने-जाने में मदद मिलेगी। ऐसे शिविरों के जरिए जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचता है। कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी लालजी शुक्ला, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला, सुयश कुमार शुक्ला, वरिष्ठ सहायक राजकुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर विनय कुमार शर्मा और विभाग व विकासखंड के कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *