Breaking News
एक बूथ पर 1200 से ज्यादा मतदाता नहीं होंगे:मिर्जापुर में युवा-महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने अभियान चलाने के निर्देश

मिर्जापुर में भारत निर्वाचन आयोग के आयुक्त विवेक जोशी ने शुक्रवार को अष्टभुजा निरीक्षण गृह के सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा- मतदाता सूची शुद्ध और त्रुटिरहित होनी चाहिए। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहने पाए। इसके लिए विशेष अभियान चलाकर युवाओं और महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं। निर्वाचन आयुक्त ने निर्देश दिया कि महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों और भर्ती रैलियों में कैंप लगाकर युवाओं से फार्म-6 भरवाया जाए। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराया जाए। इसके लिए ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। जेंडर रेशियो की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में महिला मतदाताओं का अनुपात कम है, वहां विशेष अभियान चलाया जाए। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का सहयोग लेकर पात्र महिलाओं से फार्म-6 भरवाएं और उनके नाम मतदाता सूची में जोड़ें। फार्म-8 से संबंधित संशोधन कार्यों पर भी लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन कराना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदान कार्मिकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण दिया जाए। मतदान केंद्रों की समीक्षा में उन्होंने स्पष्ट किया कि एक बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होने चाहिए। प्रत्येक मतदान केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। संवेदनशील बूथों का चिह्नांकन कर कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी नजर रखी जाए। बैठक में मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, डीआईजी पूनम, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, एसपी अपर्णा रजत कौशिक, सीडीओ विजय कुमार सिंह सहित सभी आरओ और ईआरओ मौजूद रहे। डीएम ने निर्वाचन कार्यों की प्रगति और विधानसभा क्षेत्रवार ईपी व जेंडर रेशियो की जानकारी दी। मंडलायुक्त ने निर्देशों का पालन कराते हुए निर्वाचन प्रक्रिया सकुशल संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *