Breaking News
ट्रांसफार्मर फटने से दो युवतियां गंभीर रूप से झुलसीं:मुजफ्फरनगर में घर के अंदर काम कर रहीं युवतियों पर गिरा गर्म तेल

मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र के छतेला गांव में शुक्रवार शाम बिजली का ट्रांसफार्मर फटने से दो युवतियां गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों घर के अंदर कढ़ाई-बुनाई का काम कर रही थीं। इसी दौरान ट्रांसफार्मर से निकला गर्म तेल उन पर गिर गया। घायलों को पहले CHC बघरा और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया। घर में काम कर रही थीं दोनों युवतियां जानकारी के अनुसार, छतेला गांव में शामिया और आरजू शुक्रवार शाम करीब पांच बजे एक मकान के अंदर कढ़ाई-बुनाई का काम कर रही थीं। इसी दौरान घर के पास लगा LT बिजली का ट्रांसफार्मर अचानक फट गया। उससे निकला गर्म तेल घर के अंदर काम कर रहीं दोनों युवतियों पर जा गिरा। गर्म तेल की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर तितावी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए CHC बघरा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कॉइल में खराबी की आशंका बिजली विभाग के JE सुनील कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर की कॉइल में आंतरिक खराबी के कारण कभी-कभी इस तरह की घटनाएं हो जाती हैं। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। फुगाना CO नरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि छतेला गांव में बिजली के ट्रांसफार्मर में आग लगने के कारण वह फट गया। इससे निकले गर्म तेल की चपेट में आकर पास के घर में घरेलू काम कर रहीं दो युवतियां झुलस गईं। सूचना मिलते ही तितावी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि दोनों का उपचार चल रहा है। मौके पर शांति और कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *