अधिक मास मेला को लेकर प्रशासन सतर्क, जिम्मेदारी सौंपी
भीड़ को देख सुरक्षा, यातायात के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे: सुरेश चंद रावत
श्याम जोशी/ बाबा न्यूज
मथुरा। गोवर्धन में 17 मई से 17 जून तक लगने वाले अधिक मास मेले में गिरिराज महाराज परिक्रमा को लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
21 किमी के परिक्रमा मार्ग व कस्बा गोवर्धन को सुपर जोन-01, जोन-03 और सेक्टर-06 में बांटा गया है। सुपर जोन की जिम्मेदारी पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों को सौंपी है, जबकि जोन व सेक्टर स्तर पर निरीक्षक व उपनिरीक्षक तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं।
ड्यूटी में पुलिस उपाधीक्षक 03, निरीक्षक 07, महिला उप निरीक्षक 04, उप निरीक्षक 38, मुख्य आरक्षी/आरक्षी 201, महिला आरक्षी 10 और यातायात पुलिस के 54 कर्मी लगाए हैं। परिक्रमा मार्ग पर छह स्थानों पर चिकित्सक टीमों की भी व्यवस्था की गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद रावत ने राधेश्याम गेस्ट हाउस में अधिकारियों की बैठक लेकर भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिक्रमा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

