Breaking News
एक अक्टूबर को श्रीराम जन्मोत्सव, दो अक्टूबर को रामलीला मैदान में होगा सीता जन्मोत्सव

 

रामलीला-जनकपुरी महोत्सव की तैयारियों को मिली अंतिम दिशा

जनकपुरी महोत्सव महिला समिति गाएगी पारंपरिक बधाई गीत, श्रद्धालुओं में बांटी जाएगी बधाई और प्रसाद

बाबा न्यूज़

आगरा। श्री राम जानकी विवाह महोत्सव इसी भक्ति भाव को साकार करने के लिए श्रीरामलीला एवं जनकपुरी महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। भावना एस्टेट स्थित श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव के निवास पर श्री रामलीला कमेटी एवं श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति की महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित हुई। श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल तथा महामंत्री राजीव अग्रवाल के मार्गदर्शन में हुई बैठक में श्रीराम बारात से लेकर जनकपुरी महोत्सव तक की व्यवस्थाओं पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक में स्वरूपों की सुविधा एवं सुरक्षा, जनमासा, विश्राम एवं श्रृंगार स्थल, परिभ्रमण मार्ग, चांदी के रथ की सुरक्षा, जनक मंच, वीआईपी प्रवेश, भोजन-प्रसाद, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि 1 अक्टूबर को रामलीला मैदान में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसके अगले दिन 2 अक्टूबर को मां सीता का जन्मोत्सव आयोजित होगा। इसके बाद श्रीरामलीला की विभिन्न लीलाओं का मंचन क्रमशः आगे बढ़ेगा और भव्य श्रीराम बारात एवं चार दिवसीय जनकपुरी महोत्सव का आयोजन होगा।
सीता जन्मोत्सव को विशेष भक्तिमय स्वरूप देने के लिए जनकपुरी महोत्सव महिला समिति द्वारा रामलीला मैदान में ही विशेष बधाई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। महिला समिति की सदस्याएं पारंपरिक बधाई गीतों के माध्यम से मां जानकी के प्राकट्य की खुशियां मनाएंगी। श्रद्धालुओं के बीच बधाई एवं प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा। इस दौरान रामलीला मैदान में मिथिलापुरी जैसा भक्तिमय और मंगलमय वातावरण देखने को मिलेगा।
श्री रामलीला कमेटी के भगवान दास बंसल एवं मुकेश जौहरी ने आयोजन की धार्मिक गरिमा एवं वर्षों पुरानी परंपरा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि श्रीरामलीला एवं जनकपुरी महोत्सव आगरा की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक हैं। इसलिए स्वरूपों के सम्मान एवं सुरक्षा के साथ श्रद्धालुओं को सहज और सुगम दर्शन उपलब्ध कराना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।
श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव ने जनकपुरी महोत्सव की तैयारियों की जानकारी साझा करते हुए स्वरूपों, मंडली एवं श्रीरामलीला कमेटी के पदाधिकारियों की सुविधाओं से संबंधित आवश्यक बिंदुओं को सामने रखा।
उन्होंने कहा कि बारात का जनमासा ऐसे स्थान पर निर्धारित किया जाए, जहां स्वरूपों के विश्राम, फ्रेश होने, श्रृंगार एवं हल्के स्वल्पाहार की समुचित व्यवस्था हो तथा वहां से प्रधान मंच तक पहुंचने का मार्ग छोटा और सुविधाजनक हो। स्वरूप शाम से श्रृंगार धारण कर लेते हैं और रातभर जागरण के कारण थके हुए होते हैं, इसलिए सुबह जनमासा से प्रधान मंच तक पहुंचने का मार्ग अनावश्यक रूप से लंबा नहीं होना चाहिए।
परिभ्रमण मार्ग में लगाए जाने वाले गेट, लाइट एवं बैनर कम से कम 20 फीट की ऊंचाई पर रखने पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि रथ एवं अन्य सवारियों के आवागमन में कोई बाधा न आए।
श्री जनकपुरी महोत्सव समिति के मुख्य संयोजक मनोज बंसल ने बताया कि स्वरूपों के ठहरने एवं अगले तीन दिनों तक श्रृंगार की व्यवस्था ऐसे स्थान पर की जाएगी, जहां नित्यकर्म सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। स्वरूपों एवं बहुमूल्य श्रृंगार सामग्री की सुरक्षा के लिए भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
7 से 9 अक्टूबर 2026 तक चांदी के रथ को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने की व्यवस्था की जाएगी। स्वरूपों, उनके साथ रहने वाले सदस्यों, मंडली एवं कार्यकर्ताओं के लिए दोनों समय नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था रहेगी, जिसमें लगभग 30 से 35 व्यक्तियों की व्यवस्था होगी।
राजू यादव ने कहा कि प्रधान मंच से स्वरूपों की विदाई शीघ्र कराई जाएगी, ताकि विदाई परिभ्रमण के दौरान अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन सुलभ हो सकें। विदाई परिभ्रमण के समापन स्थल तथा वहां से स्वरूपों को रामलीला ग्राउंड स्थित विश्राम स्थल तक पहुंचाने की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।
7 एवं 8 अक्टूबर को बढ़हार के अवसर पर परिभ्रमण के लिए बैंड एवं हंडे की रोशनी, स्वरूपों के लिए चार घोड़े तथा तीन कुर्सियों वाले एक रथ की व्यवस्था किए जाने पर विचार-विमर्श हुआ।
जानकी जी और चार सखियों की सवारी होगी आकर्षण का केंद्र
6 अक्टूबर को श्रीराम बारात के दिन जानकी जी एवं चार सखियों को शाम लगभग 2 बजे तक मनःकामेश्वर बारहदरी से ले जाने की व्यवस्था जनकपुरी आयोजन समिति द्वारा की जाएगी। जानकी जी एवं चारों सखियों के लिए नए लहंगे एवं ओढ़नी की व्यवस्था भी समिति द्वारा की जाएगी।
इसी दिन जनकपुरी में जानकी जी एवं चार सखियों के परिभ्रमण के लिए विशेष रथ की व्यवस्था रहेगी। रथ में सभी के बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ बैंड एवं रोशनी की व्यवस्था भी की जाएगी।
जनक मंच के प्रांगण में श्री रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों एवं उनके पारिवारिक सदस्यों के लिए समुचित बैठक व्यवस्था की जाएगी। कम से कम 200 लोगों के बैठने की व्यवस्था आरक्षित रखने पर चर्चा हुई।
कमेटी के पदाधिकारियों के लिए वीआईपी द्वार से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी।
मंच की व्यवस्था ऐसी रखने पर जोर दिया गया कि आरती अथवा किसी वीआईपी के आगमन के समय भी श्रद्धालुओं को स्वरूपों के दर्शन में परेशानी न हो।
बैठक में बताया गया कि तुलसी-शालिग्राम विवाह भावना एस्टेट स्थित श्री भावनेश्वर नाथ मंदिर में धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण में आयोजित होगा। आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर भी दोनों समितियों के बीच आवश्यक समन्वय किया जाएगा।

ये रहे उपस्थित
बैठक में श्री रामलीला कमेटी के टीएन अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, पॉलीभाई, अंजुल बंसल, संजय तिवारी, राहुल गौतम, ताराचंद अग्रवाल तथा श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल, मुख्य संयोजक मनोज बंसल, महामंत्री मनोज जादौन, कोषाध्यक्ष आकाश गोयल ग्वाला, मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह एवं स्वागताध्यक्ष अरविंद शर्मा आदि उपस्थित रहे।

पौधारोपण में गड़बड़ी पर भाकियू भानू ने DFO दफ्तर घेरा:हरख रेंज में 16-20 हजार पौधे गायब होने का आरोप, 3 कर्मचारी हटाए गए

बाराबंकी में बस स्टेशन के सामने स्थित प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) कार्यालय पर भारतीय किसान यूनियन (भानू गुट) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कार्यालय का घेराव कर धरना दिया और वन विभाग पर पौधारोपण अभियान में लापरवाही, अनियमितता और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया। कागजों में हजारों पौधे लगाने का आरोप भाकियू भानू के राष्ट्रीय महासचिव आशु चौधरी के नेतृत्व में किसान नेताओं ने हरख रेंज समेत अन्य स्थानों पर पौधारोपण के आंकड़ों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कागजों में कहीं 16 हजार तो कहीं 20 हजार पौधे लगाए जाने का दावा किया गया है, जबकि धरातल पर पौधे नजर नहीं आ रहे हैं। किसान नेताओं का आरोप है कि जिले में एक ही जमीन पर बार-बार हजारों पौधे लगाए जाने का दावा कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। नारेबाजी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस कार्यकर्ताओं की नारेबाजी और प्रदर्शन की सूचना पर सीओ सिटी संगम कुमार और नगर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर तक मान-मनौव्वल के बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका।
तीन कर्मचारी हटाए गए, विभागीय जांच जारी डीएफओ ने बताया कि पौधारोपण में अनियमितता के आरोपों की विभागीय जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच में लापरवाही सामने आने पर तीन कर्मचारियों को हटाया जा चुका है। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को जांच के आधार पर आगे कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े आंदोलन की चेतावनी अधिकारियों के आश्वासन और जांच के भरोसे के बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने बमुश्किल धरना समाप्त कराया। भाकियू भानू ने चेतावनी दी कि यदि पौधारोपण के नाम पर हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

नोएडा में स्वाइन फ्लू के 105 नए मामले:मरीजों की संख्या पहुंची 120, निजी अस्पतालों में कराई गई जांच

नोएडा में मंगलवार को स्वाइन फ्लू के 105 नए मामले सामने आने के बाद मरीजों की संख्या बढ़कर 120 पहुंच गई। सोमवार को जिले में स्वाइन फ्लू के केवल 15 मरीज दर्ज थे। 24 घंटे के भीतर मामलों में हुई इस तीव्र बढ़ोतरी से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। सीएमओ डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार को सामने आए सभी 120 मामलों की जांच निजी अस्पतालों में कराई गई है। स्वास्थ्य विभाग निजी अस्पतालों से मरीजों की रिपोर्ट और अन्य आवश्यक जानकारी जुटा रहा है। साथ ही, सभी मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि उन्हें उचित उपचार मिले। विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कदम उठाए हैं। बुखार खांसी होने पर ले डॉक्टरी परामर्श
एक दिन में 105 नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। अधिकारियों के मुताबिक, लोगों को स्वाइन फ्लू के लक्षणों को लेकर अत्यधिक सतर्क रहने की जरूरत है। बुखार, खांसी और गले में खराश इसके शुरूआती लक्षण हो सकते हैं। शरीर में दर्द और सांस लेने में परेशानी भी इसके प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण महसूस होने पर तुरंत किसी डॉक्टर से सलाह लेने की अपील की जा रही है।

जमाखोरी की वजह से बढ़ रहे चीनी के दाम:चीनी मिल एसोसिएशन का दावा, एथानाल की वजह से नहीं बढ़ रहे चीनी के दाम

उत्तर प्रदेश चीनी मिल एसोसिएशन ने चीनी की बढ़ी कीमतों की वजह इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल के लिए चीनी का डाइवर्जन मानने से इंकार कर दिया है। एसोसिएशन ने कहा है कि ये बेबुनियाद और तथ्यों से परे है। एसोसिएशन की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि प्रदेश में चीनी की कोई कमी नहीं है। मिलों के पास चीनी का अच्छा भंडार है। हाल के दिनों में चीनी के दामों में अचानक आए उछाल की वजह जमाखोरी है। एसोसिएशन के अनुसार, उसकी सभी सदस्य मिलों के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। राज्य भर की सदस्य मिलों के पास त्योहारों के मौसम और रोजमर्रा की घरेलू खपत की जरूरतों को आसानी से पूरा करने के लिए पर्याप्त चीनी का भंडार है। चीनी मिल एसोसिएशन राज्य और केंद्र के संबंधित पदाधिकारियों के लगातार संपर्क में है और निर्देशानुसार काम कर रहा है, ताकि मांग और पॉलिसी की जरूरतों के हिसाब से समय पर कार्रवाई होती रहे। प्रेस नोट में कहा गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद चीनी की कीमतों की स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और जमाखोरी व गलत जानकारी फैलाकर मौजूदा हालात का गलत फायदा उठाने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। एसोसिएशन की ओर से कहा गया है कि उत्तर प्रदेश देश में चीनी का बड़ा उत्पादक राज्य है। प्रदेश में कुल 121 चीनी मिलें हैं, जिनमें से 95 निजी क्षेत्र में हैं। ये मिलें सामूहिक रूप से घरेलू चीनी सप्लाई की एक अहम रीढ़ हैं। एसोसिएशन ने चीनी की संभावित कमी की बात को मनगढ़ंत अफवाह बताया है और उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे गलत जानकारी पर विश्वास न करें। भारत सरकार के निर्णायक समर्थन, रेगुलेटरी ढांचे तथा उद्योग और उत्तर प्रदेश सरकार के प्रवर्तन अधिकारियों के बीच लगातार तालमेल के साथ प्रदेश का चीनी उद्योग बाजारों में स्थिरता और निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

सुप्रीम कोर्ट ने अमरोहा प्रशासन को नोटिस जारी किया:कांवड़ यात्रा पर मीट दुकानें बंद करने के फैसले पर मांगा जवाब

अमरोहा में कांवड़ यात्रा के दौरान मीट की दुकानें बंद करने के प्रशासन के फैसले के खिलाफ दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। सर्वोच्च अदालत ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव, अमरोहा के डीएम, एसपी और इंस्पेक्टर को नोटिस जारी किया है। यह याचिका समाजसेवी और अधिवक्ता हाजी नासिर फारूक ने दायर की थी। अमरोहा प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मीट, मछली और मुर्गे की दुकानों को 25 दिनों के लिए बंद करने का आदेश दिया था। याचिका में आरोप लगाया गया है कि ये नोटिस बिना किसी नाम और पते के जारी किए गए थे। इस फैसले से खान-पान व्यवसाय से जुड़े हजारों लोग प्रभावित हुए। याचिकाकर्ता हाजी नासिर फारूक एडवोकेट ने कहा, “हम शिव भक्तों की आस्था का सम्मान करते हैं। जिन रास्तों से कांवड़ यात्रा गुजरती है, वहां मीट की दुकानें बंद होनी चाहिए। लेकिन जिन इलाकों में शत-प्रतिशत मुस्लिम आबादी है और जो कांवड़ यात्रा के मार्ग में नहीं आते, वहां इस व्यवसाय पर पूरी तरह पाबंदी लगाना न्यायसंगत नहीं है।” इससे पहले हाजी नासिर फारूक ने इसी तर्क के साथ इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। उच्च न्यायालय ने याचिका यह कहते हुए खारिज कर दी थी कि प्रभावित दुकानदारों को खुद अदालत आना चाहिए। इसके बाद नासिर फारूक ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया, जहां उनकी दलीलों को सुनने के बाद अदालत ने उत्तर प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन को नोटिस जारी किया।

सपा की PDA चौपाल में भाजपा सरकार को तानाशाह बताया:लल्ला गुर्जर ने कहा- गुर्जर समाज को निशाना बना रही सरकार

बागपत में समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को वात्सायन पैलेस में PDA चौपाल का आयोजन किया। इसमें पार्टी के प्रदेश सचिव और पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी लल्ला गुर्जर समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। चौपाल में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई। मंच से भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का संकल्प लेने की बात कही गई। लल्ला गुर्जर बोले- गुर्जर समाज को निशाना बना रही सरकार सपा प्रदेश सचिव लल्ला गुर्जर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार गुर्जर समाज को निशाना बना रही है। उन्होंने सरकार को तानाशाह बताते हुए कहा कि अंग्रेज भी उनकी बात सुनते थे, लेकिन मौजूदा सरकार उनकी बात नहीं सुनती। 2027 में PDA को गांव-गांव पहुंचाने का दावा चौपाल में सपा नेताओं ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को जुटने का संदेश दिया। बिल्लू प्रधान ने कहा कि लोग परेशान हैं और PDA को शहर से गांव तक पहुंचाकर 2027 में सपा की सरकार बनाने का काम किया जाएगा। अखिलेश यादव के ‘चवन्नी से रुपया’ वाले बयान को लेकर जाट समाज में नाराजगी के सवाल पर लल्ला गुर्जर ने कोई टिप्पणी नहीं की। जिला अध्यक्ष ने महंगाई और शोषण का मुद्दा उठाया सपा जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर मनमानी करने और प्रत्येक वर्ग के शोषण का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता सरकार को सबक सिखाएगी और समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने बढ़ती महंगाई से जनता को हो रही परेशानी का भी जिक्र किया। कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेशभर में सपा कार्यकर्ता मजबूती से संगठन के लिए काम कर रहे हैं।

भजनों की रसधार में झूमे श्याम प्रेमी, 101 दीपों से हुई बाबा की भव्य आरती

श्री श्याम मित्र मंडल एवं श्री श्याम महिला मित्र मंडल द्वारा आयोजित हरियाली तीज एवं झूलन महोत्सव के साथ 20 वां मासिक अरदास-कीर्तन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न
बाबा न्यूज
आगरा। श्री श्याम मित्र मंडल एवं श्री श्याम महिला मित्र मंडल, के तत्वावधान में सोमवार को भैरो बाबा मंदिर, पुनिया पाड़ा, लोहामंडी में 20वां मासिक अरदास-कीर्तन एवं हरियाली तीज-झूलन महोत्सव भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। श्याम भक्तों ने भजनों की मधुर धुनों पर बाबा का गुणगान किया और परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना के साथ सामूहिक अरदास की।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक सचिन मनचंदा, विकास वर्मा एवं भजन गायिका काव्या गोला ने एक से बढ़कर एक श्याम भजनों की प्रस्तुतियां दीं। गोस्वामी म्यूजिकल ग्रुप की संगीतमय प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजनों के दौरान श्रद्धालु झूमते-गाते हुए बाबा की भक्ति में लीन नजर आए। भजन गायकों ने जब स्वर छेड़े ह्लहारे का सहारा है, बाबा श्याम हमारा है, जिसका नहीं कोई, उसका श्याम सहारा है।
तो पूरा मंदिर परिसर ह्लश्याम बाबा की जयह्व और खाटू नरेश की जय के जयघोष से गूंज उठा।
हरियाली तीज एवं झूलन महोत्सव के अवसर पर बाबा श्याम को आकर्षक श्रृंगार कराया गया। झूले पर विराजमान बाबा के मनोहारी स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इसके बाद 101 दीपों से बाबा की भव्य आरती की गई।
आयोजन में बाबा की सेवा में इत्र वर्षा एवं पुष्प वर्षा की गई। भक्तों ने श्रद्धा के साथ बाबा पर पुष्प अर्पित किए। आयोजन के दौरान श्याम रसोई के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि मासिक अरदास-कीर्तन का उद्देश्य श्याम भक्तों को एकजुट कर सामूहिक रूप से बाबा के चरणों में अरदास करना और समाज में सेवा, भक्ति तथा आपसी प्रेम की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम में अभी जैन, अमित अग्रवाल, अतुल गुप्ता, अखिल अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल, संतोष अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, इंद्र खंडेलवाल, मोहित अग्रवाल, शिवम अग्रवाल, शिवम मिश्रा, अंकुश गुप्ता, आशीष गोयल, प्रदीप जैन आदि उपस्थित रहे।

झूले में विराजे लखदातार भक्त हुए भावविभोर

श्री श्याम अरदास संकीर्तन में झूमे श्रद्धालु
बाबा न्यूज
आगरा। नरेश श्याम भक्त सेवा समिति की ओर से जीवनी मंडी स्थित खाटू श्याम मंदिर में सोमवार को श्याम अरदास संकीर्तन का आयोजन किया गया। श्रद्धालु देर रात तक श्याम भजनों पर झूमते नजर आए। शुभारंभ गणेश वंदना एवं अखंड ज्योत प्रज्वलन के साथ हुआ।
संकीर्तन में भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। भजन गायक विकास वर्मा ने हमारी दौलत है अशोक चौधरी और थक सा गया हूं मैं बाबा…. जैसे भजनों से संकीर्तन की शुरूआत हुई। इसके बाद मीनाक्षी शर्मा ने हम हैं श्याम के प्यारे, बाबा श्याम हमारे… भजन प्रस्तुत कर भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। नरेश खत्री ने जब भी श्याम दीवानों के सिर पर संकट मंडराएगा,आएगा… भजन सुनाया, जबकि आयो सांवरिया… भजन सुनाकर खूब तालियां बटोरी। चंडीगढ़ से चलकर आए भजन गायिका पूनम राना, भजन गायक नितिन एस कपूर दोनों ने मंच पर आते ही बाबा के आगे शीश झुककर भक्तों का अभिवादन किया । उन्होंने सुन लो मेरी पुकार बाबा खाटू श्याम… चरणों की सेवा मुझे श्याम मेरी किस्मत बना दीजिए…. झीणो झीणो सार ले बाबा श्याम… जब कोई नहीं आता मेरे श्याम आते हैं.. हाजिरी लिखवाता हूं हर ग्यारस में.. जैसे भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अध्यक्ष अमन गर्ग ने बताया कि आज बाबा खाटू श्याम को श्रावण माह के अवसर पर झूले में विराजमान किया गया है। संकीर्तन के समापन पर अध्यक्ष अमन गर्ग ने बाबा श्याम की मंगल आरती उतारी । संकीर्तन में उमेश, दिव्यांश, सौरभ ,यश, विष्णु ,तरूण, विशाल, अमित, नीरज, राहुल ,सनी, आदि भक्तगण मौजूद रहे।

एचआईवी संक्रमित के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं हो

बीडी जैन गर्ल्स पीजी कालेज में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया जागरूकता का संदेश
बाबा न्यूज
आगरा। आइक्यूएसी , सघन जागरूकता अभियान उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति लखनऊ, एसएन हॉस्पिटल आगरा एवं बालिका हेल्थ क्लब के संयुक्त तत्वावधान में श्रीमती बी डी जैन गर्ल्स पीजी कॉलेज, में एड्स जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को एचआईवी /एडस के प्रति जागरूक करना, इससे संबंधित भ्रांतियों को दूर करना तथा बचाव एवं सावधानियों के प्रति सजग करना था।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। छात्राओं ने प्रभावशाली संवाद एवं अभिनय के माध्यम से एचआईवी /एडस के कारणों, बचाव के उपायों तथा इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि एचआईवी संक्रमित व्यक्ति के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि उसके प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सहयोग का भाव रखना चाहिए।
नुक्कड़ नाटक ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें एड्स से संबंधित सही जानकारी प्राप्त करने तथा जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। एचआईवी /एडस के प्रति वैज्ञानिक एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया। एस एन मेडिकल कॉलेज की काउंसलर शबनम खान ने छात्राओं को एड्स से संबंधित वैज्ञानिक जानकारी दी।
संपूर्ण कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर वंदना अग्रवाल एवं बालिका हेल्थ क्लब की प्रभारी प्रोफेसर शुभलेश कुमारी के निर्देशन में संपन्न हुआ । कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवम् शिक्षकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम में प्रोफेसर अनुपम शेरी ,प्रोफेसर किरण सिंह, प्रोफेसर शिखा श्रीधर ,प्रोफेसर अनुराधा गुप्ता, प्रोफेसर अनीता रानी , प्रोफेसर नीलम कांत,डॉ प्रविषा पांडे, डॉ अमिता वर्मा, डॉ प्रियंका रानी, डॉ पल्लवी दास गुप्ता, डॉ सुरभि सत्याभा एवं कुमारी अंजली उपस्थित रहीं । कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर अजरा के द्वारा किया गया।

शिक्षाविद् भास्कर बासु की याद में रंजन देवनाथ रंज ने मनमोहक गजलों से दी भावभीनी श्रद्धांजलि

बाबा न्यूज
आगरा। रंजन संगीत फाउंडेशन द्वारा रंजन संगीत का आयोजन ग्रांड होटल में आयोजि किया गया। जिसमें गजल गायक रंजन देबनाथ रंज ने स्वरचित व स्वसंगीतबद्ध गजल व भजन प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल मनहर शर्मा रहे। अध्यक्षता डॉ डी वी शर्मा ने की। गणपति वंदना से रंजन देबनाथ रंज ने महफिल की शुरूआत की। बोल थे दयालु गणपति कृपालु गणपति। निर्बल के श्री राम दुर्बल के घनश्याम भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय कर दिया। उसके बाद शुरू हुआ गजलों का दौर। मुस्कुराने के दिन आ गए, गुनगुनाते के दिन आ गए सुनाकर श्रोताओं को ताली बजाने पर मजबूर कर दिया। रंजन देबनाथ रंज की इस गजल को भी पसंद किया गया बोल थे जिंदगी खूबसूरत है बस इक तेरी जरूरत है। रंजन संगीत बहार दो घंटे तक अनवरत चलता रहा। शिक्षाविद भास्कर बासु को श्रद्धांजलि देने के मकसद से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। तबले पर बखूबी साथ राज मेसी ने दिया। गजलों के इस संगीतमय कार्यक्रम में प्रमुख रूप के कर्नल मनहर शर्मा,डॉ डी वी शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार महेश धाकड़, ओम ठाकुर, दिनेश संन्यासी, डॉ अशोक विज, अमित लवानिया,चतुर्भुज तिवारी, अजय रंगीला, राकेश सक्सेना,संजय खिरवार,चंद्रशेखर शर्मा,डॉ मनोज कुमार शर्मा,रवि चौहान,पंडित देवाशीष गांगुली, अंजुल कुलश्रेष्ठ, भास्कर बासु की पुत्री शर्मिष्ठा बासु,ऋतु उपाध्याय,खमान सिंह,यशस्वी लवानिया,अनिल जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे।