मनसा देवी मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा:कथावाचक ऋषिराज त्रिपाठी ने सुनाईं श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं, कल वैदिक हवन
चौक स्थित माँ मनसा देवी मंदिर में मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञानयज्ञ शुक्रवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। 3 से 9 अक्टूबर तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कथावाचक ऋषिराज त्रिपाठी ने अपने प्रवचनों में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए समाज को भक्ति, सत्य, सेवा, करुणा और समरसता का संदेश दिया। मंदिर के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. प्रदीप सिंह ने बताया कि ट्रस्ट के सचिव राकेश शंकर गौड़ का परिवार 100 से अधिक वर्षों से मंदिर की सेवा, पूजा-अर्चना और परंपराओं के संरक्षण में जुटा हुआ है, जो आस्था और सांस्कृतिक विरासत का उत्कृष्ट उदाहरण है। डॉ. सिंह ने सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि शनिवार, 10 अक्टूबर को मंदिर परिसर में वैदिक हवन, पूर्णाहुति और विश्वकल्याण की प्रार्थना के साथ इस आठ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत समापन होगा।

