Breaking News
प्रयागराज में पत्नी के हत्यारे समेत 3 को उम्रकैद:10 साल बाद फैसला, चाकू से गोदकर हुई थी हत्या, पति ने बदमाशों की करतूत बताई थी

प्रयागराज में करीब 10 साल पहले हुई महिला की हत्या के मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। विशेष न्यायाधीश (ईसी एक्ट) की अदालत ने मोनिका केसवानी की हत्या के मामले में उसके पति लवकुश केसवानी समेत तीन आरोपियों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने तीनों पर 25-25 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। इसके अलावा दो दोषियों को अवैध चाकू रखने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग सजा सुनाई गई है। यह मामला 31 दिसंबर 2016 का है। करेली थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए थे। लंबी सुनवाई और गवाहों के बयान दर्ज होने के बाद अदालत ने सजा सुनाई। विवाद के बाद पत्नी की हत्या की रची गई साजिश अभियोजन के मुताबिक, मोनिका केसवानी की शादी लवकुश केसवानी से हुई थी। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। मोनिका अपने पति के व्यवहार से परेशान रहती थी। आरोप था कि लवकुश उस पर शक करता था और आए दिन झगड़ा करता था। इसी पारिवारिक विवाद के बीच 31 दिसंबर 2016 की रात हत्या की वारदात हुई। अदालती फैसले में दर्ज अभियोजन के अनुसार, 31 दिसंबर की रात करीब 12:30 बजे मोनिका के मायके पक्ष को फोन करके उसकी हत्या की सूचना दी गई। इसके बाद परिजन करेली थाना क्षेत्र स्थित उसके घर पहुंचे। मोनिका का शव घर के अंदर पड़ा था। उसके शरीर पर चाकू से वार किए जाने के निशान थे। पति लवकुश से पूछताछ हुई तो उसने बताया कि रात में घर में घुसे बदमाशों ने वारदात की। मृतका के पिता राजकुमार केसवानी की तहरीर पर करेली थाने में मुकदमा हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की और लवकुश केसवानी, गप्पू यादव उर्फ शरद यादव और रवि केसवानी को आरोपी बनाया। खून से सने चाकू और कपड़े बरामद हुए मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू और अन्य सामान बरामद किए थे। अभियोजन ने अदालत में बरामदगी और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को आरोपियों के खिलाफ महत्वपूर्ण आधार बनाया। अदालती फैसले में उल्लेख है कि आरोपियों की निशानदेही पर खून से सने चाकू बरामद हुए थे। इसके अलावा खून से सने कपड़ों की बरामदगी का भी साक्ष्य पेश किया गया। अभियोजन ने इन बरामदगियों को हत्या की घटना से जोड़ते हुए आरोपियों की संलिप्तता साबित करने का प्रयास किया। मृतका का पोस्टमार्टम एसआरएन अस्पताल में कराया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण अत्यधिक रक्तस्राव से हुआ शॉक बताया गया। डॉक्टर की रिपोर्ट और गवाहों के बयानों को भी अदालत ने साक्ष्यों के रूप में देखा। पति समेत तीनों को हत्या में दोषी माना अपर सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश (ईसी एक्ट) अभय प्रताप सिंह प्रथम की अदालत ने 18 नवंबर 2026 को तीनों आरोपियों को हत्या के मामले में दोषी करार दिया था। इसके बाद 21 नवंबर को सजा के बिंदु पर सुनवाई हुई। अदालत ने लवकुश केसवानी, गप्पू यादव उर्फ शरद यादव और रवि केसवानी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। तीनों पर 25-25 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया। अर्थदंड जमा नहीं करने पर तीन महीने का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। इसके अलावा गप्पू यादव उर्फ शरद यादव और रवि केसवानी को आर्म्स एक्ट के तहत भी दोषी ठहराया गया। दोनों को एक साल छह महीने के कारावास और पांच-पांच हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई। अर्थदंड नहीं देने पर 15 दिन का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। फैसले में अर्थदंड की 75 प्रतिशत धनराशि मृतका के बच्चों के हित में देने का भी निर्देश दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *