सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 9.23 लाख की ठगी:आरोपी गिरफ्तार, पत्नी और साले को नौकरी लगवाने का दिया था झांसा
बिजनौर में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 9,23,560 रुपये लेने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर पीड़ित के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
किरतपुर थाना क्षेत्र के गांव गवानपुर निवासी टिंकू कुमार पुत्र बिहारी सिंह ने कोतवाली शहर में शिकायत दी थी। उसने बताया कि आरोपियों ने उसकी पत्नी और साले को नौकरी दिलाने का झांसा दिया और अलग-अलग किस्तों में कुल 9,23,560 रुपये ले लिए।
नौकरी नहीं लगने पर टिंकू ने रुपये वापस मांगे। आरोप है कि इस पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर सलीम पुत्र शमीम निवासी फुरकान बाग कॉलोनी, सिरधनी रोड और दो अज्ञात आरोपियों शाहनवाज व वसीम के खिलाफ केस दर्ज किया था। जांच के दौरान कूटरचना और फर्जी दस्तावेजों से जुड़ी धाराएं भी जोड़ी गईं।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार 23 नवंबर को कोतवाली शहर पुलिस ने सलीम को सिरधनी रोड स्थित फरीदपुर में उद्दा स्कूल के पीछे से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

