बच्चों के संग बांटी जन्मदिन की खुशियां, शिक्षा और संस्कार का दिया संदेश
सिटी कॉन्वेंट स्कूल में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने माला और पटका पहनाकर किया सम्मान, बच्चों को बांटी खाद्य सामग्री
बाबा न्यूज
आगरा। बल्केश्वर स्थित सिटी कॉन्वेंट स्कूल मेंभारतीय हिंदू सेवा संस्था के प्रदेश अध्यक्ष मनोज अग्रवाल का जन्मदिन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान स्कूल परिसर बच्चों की मुस्कान और जन्मदिन की शुभकामनाओं से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के निदेशक डॉ. श्याम गुप्ता, प्रधानाचार्य अंकित श्रीवास्तव और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मनोज अग्रवाल का माला एवं पटका पहनाकर स्वागत और सम्मान करने के साथ किया। शिक्षकों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके सामाजिक कार्यों की सराहना की।
इसके बाद स्कूली बच्चों ने मनोज अग्रवाल के लिए जन्मदिन गीत प्रस्तुत कर माहौल को खुशनुमा बना दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों से अभिभूत मनोज अग्रवाल ने उनके बीच केक काटकर जन्मदिन मनाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया और उनकी खुशियों में शामिल हुए। जन्मदिन के अवसर पर सभी बच्चों को उपहार स्वरूप खाद्य सामग्री वितरित की गई।
मनोज अग्रवाल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन और निरंतर मेहनत बेहद जरूरी है। बच्चों को अपने माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करना चाहिए तथा लक्ष्य निर्धारित कर उसे पाने के लिए पूरी लगन से प्रयास करना चाहिए। उन्होंने बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर भारतीय हिंदू सेवा संस्था के संयोजक डॉ. दाऊ दयाल अग्रवाल, मातृशक्ति प्रकोष्ठ की प्रदेश महासचिव प्रिया राय, जिला अध्यक्ष पवन चौहान, शहर अध्यक्ष प्रतीक जैन सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

