इंदिरा नगर से निकली गणपति विसर्जन यात्रा:गोमती घाट पर बप्पा को दी गई विदाई
लखनऊ में इंदिरा नगर के समर एन्क्लेव स्थित बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन क्लब के तत्वावधान में भव्य गणपति विसर्जन यात्रा निकाली गई। आदर्श व्यापारी एसोसिएशन (इंदिरा नगर) की महिला इकाई सचिव एवं हेल्थ कोच शशि गिरि के संयोजन में आयोजित यह यात्रा समर एन्क्लेव से प्रारंभ होकर गोमती तट स्थित खाटू श्याम धाम के निकट घाट पहुंची। तेज बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। ढोल-नगाड़ों व भक्ति गीतों की धुन पर एक-दूसरे को गुलाल लगाते और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाते हुए भक्त घाट पर पहुंचे। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती के बाद भावपूर्ण वातावरण में भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इंदिरा नगर अध्यक्ष आकाश अग्रवाल ने कहा कि घनघोर बारिश भी भक्तों की आस्था को डिगा नहीं सकी। इस अवसर पर इंदिरा नगर इकाई के संरक्षक एडवोकेट प्रीतम गुप्ता, सुगामऊ इकाई के संरक्षक डॉ. अमित कुमार, विशिष्ट सदस्य एवं हेल्थ कोच केतन गिरी और शशि गिरि सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।

