Breaking News
‘सिक्योर एप्लीकेशन डेवलपमेंट’ कार्यशाला:अभिलाषा की टीम को मिला पहला स्थान, विजेता सम्मानित

जौनपुर के खेतासराय में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संकाय और IEEE के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित छह दिवसीय ‘सिक्योर एप्लीकेशन डेवलपमेंट’ कार्यशाला का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस कार्यशाला में आयोजित प्रोजेक्ट प्रतियोगिता में पोरई खुर्द निवासी कुंवर भानु प्रताप सिंह की पुत्री अभिलाषा सिंह की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सुरक्षित एप्लीकेशन डेवलपमेंट से जुड़े बेहतरीन प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। विशेषज्ञ डॉ. अनुप गिरधर द्वारा किए गए मूल्यांकन के आधार पर अभिलाषा सिंह, यासिर और तनु की टीम प्रथम, प्रेरणा और प्राची की टीम द्वितीय तथा इप्सिता और आंचल की टीम तृतीय स्थान पर रही। सभी विजेताओं को प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। समापन समारोह में कुलपति प्रो. आरके सिंह ने डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस क्षेत्र में डीआरडीओ, इसरो, बैंकिंग और मल्टीनेशनल कंपनियों में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। संकायाध्यक्ष प्रो. सौरभ पाल ने बताया कि इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में 90 से अधिक विद्यार्थियों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया। इस दौरान संयोजक डॉ. दिव्येंदु कुमार मिश्रा, IEEE ब्रांच चेयर सृजन श्रीवास्तव सहित कई शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *