Breaking News
किसानों की शिकायतों पर डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश:किसान दिवस में अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण और मौके पर जांच के निर्देश

गाजियाबाद के विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित हुआ। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए। इस किसान दिवस में करीब 120 किसानों ने हिस्सा लिया और अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने बताईं। बैठक की शुरुआत पिछले किसान दिवस में मिली शिकायतों की कार्रवाई रिपोर्ट से हुई। उप कृषि निदेशक आशीष कुमार सिंह ने अधिकारियों की ओर से की गई कार्रवाई का ब्योरा किसानों को दिया। कुछ शिकायतों के समाधान पर किसानों ने संतुष्टि जताई, जबकि कई मामलों में जरूरी कार्रवाई नहीं होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जल्द समस्या दूर करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनका समय पर निपटारा किया जाए। भोजपुर ब्लॉक के कलछीना गांव के नाले में सिंचाई के लिए पानी नहीं पहुंचने की शिकायत पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तीन दिन के भीतर मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। वहीं मोदीनगर सब्जी मंडी में खराब पानी की टंकियों की वजह से लोगों को पीने का पानी नहीं मिलने की शिकायत पर मंडी समिति सचिव को दो दिन में व्यवस्था ठीक कराने के निर्देश दिए गए। रजापुर ब्लॉक के दौसा बंजारपुर गांव में मिट्टी खनन की शिकायत पर जिला खनन अधिकारी को शिकायतकर्ता से संपर्क कर तत्काल जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। लोनी क्षेत्र में फरूखनगर से सिरौरा तक जाने वाले खराब रास्ते की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में किसानों ने पशुओं में फैलने वाली गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान चलाने की मांग भी की। इस पर जिलाधिकारी ने पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने सभी विभागीय अधिकारियों से कहा कि किसान दिवस में मिली हर शिकायत की तथ्यात्मक रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर शिकायतकर्ता और उप कृषि निदेशक कार्यालय को दी जाए।

एलजी मनोज सिन्हा और दोनों डिप्टी-सीएम शिव महापुराण-कथा में पहुंचे:रायबरेली में व्यासपीठ का आशीर्वाद लिया, केशव मौर्य बोले- अयोध्या हमारी, अब काशी-मथुरा की बारी

रायबरेली के ऊंचाहार क्षेत्र में चड़रई टोल प्लाजा के पास चड़रई गांव में शिव महापुराण कथा चल रही है। बुधवार को कथा के छठे दिन जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा, दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक कथा में पहुंचे। केशव मौर्य ने कहा कि अयोध्या हमारी हो गई है। अब काशी-मथुरा की बारी है। मौर्य ने सपा सरकार पर भी निशाना साधा। एलजी मनोज सिन्हा ने भारतीय संस्कृति के बारे में भक्तों को बताया। कथा का बुधवार को 6वां दिन था। इस कथा में अब तक लाखों भक्तों की भीड़ आ चुकी है। देखिए 2 तस्वीरें… सनातन संस्कृति से ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की सोच को बढ़ावा उपराज्यपाल मनोज सिन्हा बुधवार दोपहर करीब 1 बजे हेलीकॉप्टर से सीधे कथा स्थल पहुंचे। उन्होंने व्यासपीठ को नमन किया। जनसमूह को संबोधित करते हुए सिन्हा ने कहा कि भगवान भोलेनाथ ही इस संसार के बचाने वाले हैं। हमारी सनातन संस्कृति बहुत पहले से ही ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ (पूरी दुनिया एक परिवार है) की सोच को बढ़ावा देती रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भारत की इस आध्यात्मिक ताकत और ‘सॉफ्ट पावर’ को दुनिया के बड़े देश भी मान रहे हैं। उन्होंने समाज में एकता बनाए रखने में संतों की भूमिका को सबसे जरूरी बताया। सनातन विरोधियों पर केशव मौर्य ने साधा निशाना दोपहर करीब 3 बजे दोनों डिप्टी सीएम कथा पंडाल में पहुंचे। उन्होंने व्यासपीठ की आरती उतारी। इस दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने सनातन विरोधियों पर हमला किया। उन्होंने जनसमूह के बीच कहा, ‘अयोध्या हुई हमारी है, अब काशी-मथुरा की बारी है’ और इसके लिए हर जिले में तैयारी होनी चाहिए। पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए मौर्य ने कहा कि अगर आज सपा की सरकार होती तो रामभक्तों की तरह ही शिवभक्तों को भी लाठियां खानी पड़तीं। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सरकार में भारतीय संस्कृति का पूरा सम्मान हो रहा है। उन्होंने सत्संग में बाधा डालने वालों को चेतावनी भी दी। कथावाचक प्रदीप मिश्रा का ब्रजेश पाठक ने किया स्वागत डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने श्रद्धालुओं को अपने भीतर के अहंकार और मद को छोड़ने की सीख दी। यूपी सरकार की ओर से पंडित प्रदीप मिश्रा का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान शिव की कथा में आने के लिए इंसान को अपना सब कुछ छोड़कर आना पड़ता है।

सहारनपुर ने लखनऊ को 21-1 से हराया:प्रदेशीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता में 17 मंडलों की 255 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

सहारनपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश की तरफ से चल रही प्रदेशीय सीनियर महिला कबड्डी प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार शाम पांच बजे तक रोमांचक मुकाबले हुए। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 17 मंडलों की 255 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। यह प्रतियोगिता 15 से 17 सितंबर तक चलेगी। बुधवार को एसपी सिटी व्योम बिंदल और बजाज ग्रुप फाउंडेशन की सुषमा बजाज मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचीं। क्रीड़ाधिकारी राहुल चोपड़ा ने बुके देकर उनका स्वागत किया। सहायक प्रशिक्षक प्रवीन कुमार ने अंगवस्त्र पहनाकर उनका अभिनंदन किया। मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय लिया और उनका हौसला बढ़ाया। प्रतियोगिता के मुकाबलों में मेरठ मंडल ने देवीपाटन को 32-12 से हराया। लखनऊ ने बरेली को 16-14 से मात दी। आगरा ने अयोध्या को 27-9 से हराया। आजमगढ़ ने चित्रकूट को 27-6 से हराया। प्रयागराज और विंध्यांचल के मुकाबले में विंध्यांचल 21-6 से जीता। इसके बाद वाराणसी ने देवीपाटन को 25-6 से हराया। मेरठ ने कानपुर को 18-14 से मात दी। मेजबान सहारनपुर मंडल ने बस्ती को एकतरफा मुकाबले में 29-2 से हराकर जीत दर्ज की। बरेली ने बस्ती को 18-8 से हराया। गोरखपुर ने अयोध्या को 16-12 से हराया। विंध्यांचल ने चित्रकूट को 29-5 से हराया। सहारनपुर मंडल ने लखनऊ के खिलाफ भी शानदार प्रदर्शन किया और 21-1 से बड़ी जीत हासिल की। वहीं वाराणसी ने मेरठ को 13-3 से हराया। इन मुकाबलों के बाद टीमें प्रतियोगिता के अगले चरण में पहुंच गईं। 17 सितंबर को सुबह 9 बजे से क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सुरेश कुमार सिंह, सुनील कुमार, शराफत अली, माया प्रसाद, अवनीश कुमार राय, निर्भय सिंह, अनुप सिंह, देवेश सिंह, सरफराज खान, संजू रानी, यशोदा त्रिपाठी और क्षमा शर्मा शामिल हैं। इस दौरान चेयरमैन रेफरी बोर्ड उत्तर प्रदेश सुरेश कुमार सिंह के साथ खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

स्वामी हरिदास आविर्भाव महोत्सव में पहुंचे जलशक्ति मंत्री:वृंदावन में महाभिषेक में की सहभागिता, साधु संतों का लिया आशीर्वाद

रसिक संत एवं संगीत साधक स्वामी हरिदास जी महाराज के 546वें आविर्भाव महोत्सव के चौथे दिन बुधवार को श्रीधाम वृंदावन स्थित श्री स्वामी हरिदासीय रसोपासना पीठ आश्रम में विशेष महाअभिषेक का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में किया गया। श्री स्वामी हरिदासीय रसोपासना पीठ के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी राधा प्रसाद देव जू महाराज के सान्निध्य में हुए महाअभिषेक में साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर स्वामी हरिदास जी महाराज का स्मरण किया। आश्रम प्रबंधन ने किया स्वागत महोत्सव के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह तथा भाजपा की वरिष्ठ नेत्री पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति आश्रम परिसर पहुंचीं। दोनों नेताओं ने महामंडलेश्वर स्वामी राधा प्रसाद देव जू महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर आश्रम के साधु-संतों द्वारा दोनों अतिथियों का शॉल, पटका एवं प्रसादी भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने महामंडलेश्वर स्वामी राधा प्रसाद देव जू महाराज के आध्यात्मिक एवं साहित्यिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि आचार्य महामंडलेश्वर द्वारा अब तक करीब 90 ग्रंथों की रचना की जा चुकी है, जो सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि स्वामी राधा प्रसाद देव जू महाराज हरिदासीय संप्रदाय की परंपरा और विचारधारा को आगे बढ़ाने के साथ उसे नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। महा अभिषेक के दौरान भक्ति में डूबा आश्रम परिसर महोत्सव परिसर में दिन भर धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों का सिलसिला जारी रहा। विशेष महाअभिषेक के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति भाव से पूरा आश्रम परिसर भक्तिमय नजर आया। श्रद्धालुओं ने संतों के दर्शन कर आशीर्वाद लिया तथा स्वामी हरिदास जी महाराज की भक्ति एवं साधना परंपरा का स्मरण किया। राजनीतिक सवालों से बचते नजर आए जलशक्ति मंत्री मीडिया से बातचीत के दौरान जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से राजनीतिक विषयों से जुड़े सवाल भी पूछे गए, लेकिन उन्होंने राजनीतिक मुद्दों पर टिप्पणी करने से परहेज किया और इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। महोत्सव के आयोजकों के अनुसार सात दिवसीय आविर्भाव महोत्सव के आगामी दिनों में भी धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इनर रिंग रोड के लिए अधिग्रहित जमीन पर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स:कांग्रेसी और किसानों ने जताया विरोध, मुआवजा बढ़ाने की मांग

आगरा में मंगलवार को कांग्रेस नेता और किसानों ने ADA उपाध्यक्ष के साथ बैठक की। इस दौरान ग्राम पट्टी पचगईं खेड़ा में इनर रिंग रोड के लिए अधिग्रहित जमीन पर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाने को लेकर विरोध जताया। किसानों का आरोप है कि जिस उद्देश्य से जमीन ली गई थी, अब उस प्लान को बदलकर व्यावसायिक गतिविधियां शुरू की जा रही हैं। ADA सभागार में हुई इस बैठक की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमित सिंह ने की। किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने उपाध्यक्ष के सामने चार प्रमुख मांगें रखीं। प्लान बदलने पर किसानों में आक्रोश
किसानों ने कहा कि ADA ने इनर रिंग रोड बनाने के नाम पर उनकी जमीन का अधिग्रहण किया था। अब उसी जमीन पर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है। इससे किसानों में गहरा असंतोष है। वे खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। अधिग्रहण के समय जो वादे किए गए थे, अब उससे उलट काम हो रहा है। कांग्रेस ने उठाई चार बड़ी मांग
बैठक में महानगर अध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि किसानों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। पहली मांग- जमीन जिस इनर रिंग रोड प्लान के तहत ली गई थी, उसी पर काम हो। प्लान में बदलाव बंद किया जाए। दूसरी मांग- यदि जमीन पर कमर्शियल कॉम्प्लेक्स ही बनाना है तो किसानों को वर्तमान सर्किल रेट के हिसाब से नया मुआवजा दिया जाए। तीसरी मांग- जिस जनहित के उद्देश्य से जमीन ली गई थी, अगर वह उद्देश्य पूरा नहीं हो रहा है तो नियम के अनुसार जमीन किसानों को वापस लौटाई जाए। चौथी मांग- किसानों की सहमति के बिना किसी भी तरह का निर्माण कार्य न किया जाए। इस दौरान पूर्व पार्षद अनुज शर्मा, याकूब शेख, ताहिर हुसैन, जितेंद्र शर्मा सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। किसान प्रतिनिधिमंडल में बिट्टू शर्मा, रामू शर्मा, पप्पू कुशवाहा, धर्म सिंह कुशवाहा, हरि सिंह कुशवाहा, संतोष बघेल समेत बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।

लखनऊ में रेलवे पटरी पर मिला युवक का शव:लिवइन पार्टनर पर हत्या का आरोप, परिजन बोले- प्रताड़ित करती थी

लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह घर छोड़कर लिवइन पार्टनर के साथ रहता था। परिजनों ने लिवइन पार्टनर पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हंसखेड़ा पारा निवासी सुनील कुमार मौर्य उर्फ गोलू (25) ई-रिक्शा चलाता था। परिवार में मां बिट्टू, एक भाई अनिल और दो बहने हैं, जबकि पिता भगौती प्रसाद की मौत हो चुकी है। भाई अनिल ने बताया करीब 8 साल पहले एक महिला अपने 10 साल के बेटे के साथ मोहल्ले में रहने आई थी। इस दौरान भाई सुनील की उससे दोस्ती हो गई। कुछ दिन बाद सुनील उसके साथ में रहने लगा।
इसके बाद कभी-कभार घर आता था। वह महिला उसे परिवार से मिलने भी नहीं देती थी। अगर घर आए तो बवाल करती थी और झूठे केस में फंसाने की धमकी देती थी। जिसको लेकर काफी परेशान रहने लगा था। 12 सितंबर को घर से निकला था उसके बाद से कुछ पता नहीं चला। पुलिस से पता चला रेलवे लाइन पर मिला शव 14 सितंबर को पुलिस से एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली। इसके बाद मोर्चरी पहुंचकर उसके शव शिनाख्त की। पुलिस से पता चला 13-14 सितंबर की रात आलमनगर काकोरी रेलवे क्रॉसिंग पर बॉडी मिली थी। बॉडी काफी क्षत विक्षत है। ऐसा लग रहा है उसके मुंह को पहले कूचा गया है फिर फेंका गया है। उसके साथ रहने वाली महिला की जांच होनी चाहिए।
इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ओमवीर सिंह का कहना है प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिवार जिस महिला पर आरोप लगा रहा है उसी ने शव की पहचान की है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संतकबीरनगर में मांगों को लेकर टावर पर चढ़ा युवक:बोला- हम जीना चाहते हैं, मुझे धमकी मिल रही है; 6 घंटे बाद नीचे उतारा

संतकबीरनगर में अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को एक युवक खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र में 80 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। खलीलाबाद कोतवाली पुलिस, सदर एसडीएम, क्षेत्राधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब 6 घंटे तक समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका। परिवार के पहुंचने के बाद माना टावर पर युवक के चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार उससे बातचीत करते रहे और सुरक्षित नीचे उतरने की अपील करते रहे। अधिकारियों ने उसके परिवार को भी मौके पर बुलाया। क्षेत्राधिकारी प्रियम राज शेखर पाण्डेय ने युवक को आश्वासन दिया कि उसकी शिकायतों और मांगों को सुना जाएगा और नियमानुसार उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों ने उससे अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टावर से नीचे उतरने की अपील की। प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ विवाद, युवक का आरोप टावर पर चढ़े युवक की पहचान प्रभुनाथ के रूप में बताई गई है। प्रभुनाथ के मुताबिक, कुछ समय पहले उसका एक युवती से प्रेम-प्रसंग था। दोनों ने मंदिर में शादी की थी और युवती उसके साथ मुंबई चली गई थी। उसके अनुसार, बाद में दोनों परिवारों ने उन्हें वापस बुलाकर सुलह-समझौता कराया। इसके बाद युवती अपने घर चली गई और प्रभुनाथ रोजी-रोटी के लिए दोबारा मुंबई चला गया। प्रभुनाथ का आरोप है कि पुराने मामले को लेकर युवती के पक्ष के लोग उसके परिवार को परेशान करते रहे और मारपीट भी की। करीब दो साल बाद घर लौटने पर उसके साथ भी मारपीट और धमकी देने का आरोप है। पुलिस पर भी लगाए आरोप प्रभुनाथ के मुताबिक, वह इस मामले को लेकर बेलहर थाना पुलिस के पास पहुंचा था। उसका आरोप है कि वहां भी उसे और उसके परिवार को परेशान किया गया तथा जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। इससे वह तनाव में आ गया और मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब छह घंटे चले घटनाक्रम के बाद पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बीच वह नीचे उतर आया। इसके बाद अधिकारियों ने उससे पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस फिलहाल युवक की शिकायतों और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

वाराणसी में लोलार्क-कुंड स्नान के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी:2 दिन तक 6 रूट नो-व्हीकल जोन, ट्रैफिक डायवर्जन के साथ पार्किंग तय

वाराणसी में सूर्य षष्ठी पर लोलार्क कुंड में स्नान को लेकर प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। वाराणसी ट्रैफिक पुलिस ने स्नान पर्व को लेकर 2 दिन की ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। जिसे हर रू पर सख्ती से लागू किया जाएगा। एडीसीपी ट्रैफिक के अनुसार यह व्यवस्था 16 सितंबर दोपहर 12 बजे से 17 सितंबर रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। अस्सी क्षेत्र में भारी भीड़ को देखते हुए कई रास्तों पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। शव वाहन, बीमार व विकलांग व्यक्तियों के वाहन, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड को प्रतिबंध से मुक्त रखा गया है। ट्रैफिक पुलिस ने सभी से अपील की है कि पर्व को सकुशल संपन्न कराने में सहयोग करें। इन रूट पर होगा डायवर्जन 1. बैंक ऑफ बड़ौदा से अस्सी चौराहा की तरफ कोई वाहन नहीं जाएगा। वाहन पद्मश्री चौराहा और रविदास गेट रोड डायवर्ट होंगे। 2. नगवाँ चौराहा से रविदास पार्क और अस्सी घाट की तरफ वाहन प्रतिबंधित, ट्रामा सेंटर व रविदास गेट जाएंगे। 3. पद्मश्री चौराहा से अस्सी चौराहा की तरफ नो एंट्री, वाहन ब्रॉडवे होटल और दुर्गाकुंड की तरफ डायवर्ट। 4. शिवाला मोड़ से अस्सी चौराहा नो एंट्री, वाहन ब्रॉडवे तिराहा व पद्मश्री चौराहा की तरफ जाएंगे। 5. ब्रॉडवे होटल तिराहा से सोनारपुरा की तरफ नो एंट्री, वाहन रवींद्रपुरी कॉलोनी रोड व विजया तिराहा की तरफ डायवर्ट। 6. सोनारपुरा तिराहा से अस्सी चौराहा की तरफ नो एंट्री, वाहन गोदौलिया / भेलूपुर चौराहा की तरफ जाएंगे। ये सड़कें नो व्हीकल जोन घोषित 1. बैंक ऑफ बड़ौदा तिराहा से अस्सी चौराहा तक
2. नगवाँ चौराहा से रविदास घाट तक
3. पद्मश्री चौराहा से अस्सी चौराहा तक
4. शिवाला तिराहा से अस्सी चौराहा तक
5. ब्रॉडवे तिराहा से सोनारपुरा तक
6. सोनारपुरा से अस्सी चौराहा तक इन जगहों पर बनाई गई पार्किंग मैदागिन की तरफ से आने वाले वाहन: टाउन हॉल मैदागिन, हरिश्चंद्र डिग्री कॉलेज के सामने खाली मैदान, नेशनल इंटर कॉलेज पीलीकोठी। बेनिया की तरफ से: राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज मैदान, बेनिया पार्किंग, सनातन धर्म इंटर कॉलेज (दो पहिया), गोदौलिया पार्किंग (दो पहिया)। लक्सा की तरफ से: मज़दा पार्किंग, गोदौलिया पार्किंग (दो पहिया)। भेलूपुर व BHU की तरफ से: भेलूपुर थाने के पास सिनेमा हॉल का मैदान (दो पहिया), बाबा कीनाराम आश्रम से आचार्य रामचंद्र शुक्ल चौराहा, रवींद्रपुरी तक रोड के दोनों तरफ।

सफाई कर्मचारियों के हितों की पैरवी करेगा आयोग- मकवाना:मेरठ पहुंचे राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष ने आउटसोर्सिंग व्यवस्था में सुधार पर दिया जोर

मेरठ में मंगलवार को राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवंत प्रसाद मकवाना ने पहुंचकर सफाई कर्मचारी समाज से जुड़े विषयों के साथ-साथ प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने उत्तर प्रदेश में सफाई कर्मचारी आयोग के गठन की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए कहा कि सफाई कर्मचारियों के हितों से संबंधित विषयों को संस्थागत रूप से देखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के सामने ठेकेदारी और नियमितीकरण जैसी बड़ी समस्याएं हैं। ऐसे में उनका विशेष फोकस ऐसे कर्मचारियों पर रहेगा, जो करीब 20 साल से संविदा पर काम कर रहे हैं। आयोग की ओर से इनके नियमितीकरण के लिए पूरी पैरवी की जाएगी। उन्होंने कहा कि निकायों में सफाई कर्मचारियों के पदों की संख्या के अनुसार भर्ती नहीं हो पाई है। भर्ती होने पर भी कई कर्मचारियों को आउटसोर्सिंग के माध्यम से रखा जाता है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की आउटसोर्सिंग व्यवस्था की भी सराहना की। कहा कि आउटसोर्स निगम के गठन से करीब साढ़े तीन लाख कर्मचारियों को लाभ पहुंचाने का प्रयास हुआ है। कर्मचारियों के लिए सामाजिक सुरक्षा के तहत पांच लाख रुपये का बीमा, बेटियों की पढ़ाई और विवाह के लिए सहायता, अवकाश सहित अन्य सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। न्यूनतम मजदूरी 12 हजार रुपये तय होने और महीने की 1 से 5 तारीख के बीच वेतन खातों में पहुंचने से कर्मचारियों को राहत मिलेगी। इससे बिचौलियों की भूमिका भी खत्म होगी और कर्मचारियों को पूरा वेतन मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने मैला ढोने की प्रथा समाप्त करने और सीवर सफाई में मशीनों के इस्तेमाल पर जोर दिया है। सीवर में होने वाली मौतों को रोकना जरूरी है। सफाई कर्मचारियों को सम्मानजनक जीवन देने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू कराने पर भी जोर रहेगा।

सोशल मीडिया पर डॉ. भीमराव आंबेडकर पर आपत्तिजनक कॉमेंट:लखनऊ के थाने में केस दर्ज, अकाउंट चलाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग

डॉ. भीमराव आंबेडकर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर सोशल अकाउंट के खिलाफ काकोरी पुलिस ने केस दर्ज किया है। यह केस नरौना गांव के रहने वाले उमेश की शिकायत पर दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी सोशल मीडिया अकाउंट की जांच शुरू कर दी है। उमेश ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 21 अगस्त को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों से जुड़ा एक वीडियो पोस्ट किया था। आरोप है कि इस पोस्ट पर ‘विद्युत_307’ नाम के एक सोशल मीडिया अकाउंट से बाबा साहेब के बारे में बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। शिकायतकर्ता के मुताबिक, टिप्पणी की भाषा इतनी खराब थी कि उसे शिकायत में हूबहू लिखना सही नहीं है। सार्वजनिक टिप्पणी से भावनाएं आहत उमेश ने पुलिस को आपत्तिजनक टिप्पणी का स्क्रीनशॉट और वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने मूल पोस्ट, आरोपी अकाउंट और कमेंट के स्क्रीनशॉट के साथ पोस्ट का लिंक भी पुलिस को दिया है। कहा है कि इस तरह की सार्वजनिक टिप्पणी से उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। साथ ही, डॉ. आंबेडकर को मानने वाले दूसरे लोगों की भावनाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। इससे सामाजिक सौहार्द और सार्वजनिक शांति बिगड़ने की आशंका है। अकाउंट चलाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाए अकाउंट चलाने वाले की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके लिए मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, लॉगइन डिटेल और दूसरे डिजिटल रिकॉर्ड जुटाए जाएं। सभी डिजिटल सबूतों को सुरक्षित रखा जाए, ताकि भविष्य में पोस्ट या अकाउंट हटाकर सबूत मिटाए न जा सकें। प्रभारी निरीक्षक सतीश राठौर के आदेश पर काकोरी पुलिस ने 13 सितंबर को मिली शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले अकाउंट चलाने वाले की पहचान के साथ डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है।