Breaking News
शिव आराधना, आध्यात्मिक चेतना से सराबोर हुआ रुद्राभिषेक

बाबा न्यूज
आगरा। भगवान शिव की आराधना, वैदिक मंत्रों की दिव्य गूंज और आध्यात्मिक ऊर्जा के बीच सुनीता गुप्ता एवं डॉ. सुशील गुप्ता के निवास पर रुद्राभिषेक एवं पूजन समारोह श्रद्धा भक्ति के साथ संपन्न हुआ।
आध्यात्मिक आयोजन की श्रृंखला में पिछले आठ दिनों में 21 से अधिक रुद्राभिषेक एवं पूजा-अनुष्ठान संपन्न हुए। इन अनुष्ठानों के लिए बेंगलुरु स्थित आर्ट आॅफ लिविंग आश्रम से ब्रह्मचारी देव चैतन्य, पंडित श्रवण पांडे एवं सचिन मिश्रा विशेष रूप से पधारे और वैदिक विधि-विधान से पूजा-अनुष्ठान संपन्न कराए।
रुद्राभिषेक के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, शिव स्तुति और सामूहिक प्रार्थना से वातावरण अत्यंत दिव्य एवं भक्तिमय हो उठा। सत्संग के माध्यम से आंतरिक शांति, सेवा, करुणा, सकारात्मकता और मानवीय मूल्यों का संदेश दिया गया।
इस आध्यात्मिक यात्रा में वीडीएस कोआॅर्डिनेटर रानी बसलस, कंचन आहूजा, सीमा, जिला शिक्षक समन्वयक मुक्ता चतुवेर्दी, स्टेट टीचर कोआॅर्डिनेटर डॉ. रश्मि मिश्रा, स्टेट चिल्ड्रन एवं टीन कोआॅर्डिनेटर रुचिरा ढल तथा वरिष्ठ शिक्षक सुनील अग्रवाल, नीता शर्मा, ममता रल्ली एवं गायक रवि खुल्लर जी की विशेष सहभागिता रही।
शिव आराधना करुणा और चेतना को जागृत करने का माध्यम: डॉ. सुशील गुप्ता
डॉ. सुशील गुप्ता ने सभी श्रद्धालुओं, संतों, पंडित जी, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिव आराधना केवल अनुष्ठान नहीं, बल्कि स्वयं के भीतर शांति, करुणा और चेतना को जागृत करने का माध्यम है। जब सामूहिक रूप से प्रार्थना और सेवा की भावना जागती है, तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है।
पूजन के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम का समापन भगवान शिव से सर्वजन के सुख, शांति, स्वास्थ्य एवं कल्याण की मंगलकामना के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *