सीएम ग्रिड के काम में लापरवाही-ठेकेदार पर पेनाल्टी की सिफारिश:आगरा में सहायक नगर आयुक्त के निरीक्षण के दौरान मिली कमियां
आगरा में सीएम ग्रिड के तहत अमर होटल से बसई मंडी तक सड़क निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन न करने पर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने निर्माण कार्य का निरीक्षण कर मौके पर कई कमियां पाईं। उन्होंने निरीक्षण की रिपोर्ट नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य को सौंपते हुए संबंधित ठेकेदार के खिलाफ पेनाल्टी लगाने की संस्तुति की है।
निरीक्षण के दौरान सड़क पर धूल उड़ने, मार्ग का उचित लेवल नहीं किए जाने और निर्माण स्थल पर पर्याप्त संकेतक (साइनबोर्ड) और बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी नहीं पाई गई। इससे दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। धूमल उड़ने के कारण वायु प्रदूषण की समस्या से लोग परेशान हैं। खुले चैंबर से हादसे का खतरा
निरीक्षण में चैंबरों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। कुछ स्थानों पर चैंबर में सरिये बाहर निकले हुए थे और उनके आसपास पर्याप्त बैरिकेडिंग नहीं की गई थी। ऐसे में वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का उचित पालन नहीं होने को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ठेकेदार को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए जाने की संस्तुति की गई है। मानकों का पालन करने के निर्देश सहायक नगरआयुक्त ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित ठेकेदार को दिए हैं। सड़क का लेवल ठीक करने, गड्ढों को दुरुस्त करने, धूल पर नियंत्रण रखने तथा चैंबरों के आसपास उचित बैरिकेडिंग और संकेतक लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने निरीक्षण के दौरान मिली खामियों की रिपोर्ट नगर आयुक्त को सौंप दी है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित ठेकेदार को नोटिस भेजने और पेनाल्टी लगाने की कार्रवाई की संस्तुति की गई है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय अवर अभियंता कृष्ण गोपाल सहित अन्य संबंधित कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

