बांदा में श्री भक्त चरित्र कथा का शुभारंभ:इंद्रेश जी महाराज ने सुनाया माता शबरी का प्रसंग, प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और विधायक ओममणि पहुंचे
बांदा शहर के पं. जेएन डिग्री कॉलेज मैदान में गुरुवार को पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा का शुभारंभ हुआ। संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित कथा के पहले दिन वृंदावन से आए कथा व्यास पूज्य इंद्रेश जी महाराज ने माता शबरी के भक्ति चरित्र का वर्णन किया। उनके प्रवचनों को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, राज्यमंत्री रामकेश निषाद और नरैनी विधायक ओममणि वर्मा भी पहुंचे। सभी ने व्यास पीठ का आशीर्वाद लेकर कथा श्रवण किया। विधि-विधान से हुआ व्यास पीठ और तुलसी पूजन कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक किया जाएगा। गुरुवार को महाराज जी के वृंदावन से सीधे बांदा पहुंचने के कारण उनका आगमन करीब 4 बजे हुआ। इसके बाद सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी और उनकी पत्नी एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता द्विवेदी ने विधि-विधान से व्यास पीठ और तुलसी पूजन किया। माल्यार्पण कर महाराज जी का स्वागत किया और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद व्यास पीठ से कथा का शुभारंभ हुआ। भगवान स्वयं भक्तों के पास पहुंचते हैं पहले दिन इंद्रेश जी महाराज ने हरिवल्लभ भक्तों की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने हनुमान जी, सुग्रीव, विभीषण, माता शबरी, जटायु, ध्रुव, उद्धव, अम्बरीष, विदुर, अक्रूर, सुदामा और पांडवों सहित भगवान के प्रिय भक्तों के प्रसंग सुनाए। महाराज जी ने बताया कि इन भक्तों की अनन्य भक्ति और प्रार्थना से प्रसन्न होकर भगवान स्वयं उनके पास पहुंचे। हनुमान जी, ऋष्यमूक पर्वत पर सुग्रीव और माता शबरी के प्रसंगों के माध्यम से उन्होंने समझाया कि भगवान को पाने के लिए मन में सच्चा प्रेम, विश्वास और समर्पण होना जरूरी है। भक्त की प्रार्थना मिस कॉल जैसी, कृपा पर आती है रिटर्न कॉल भगवत प्राप्ति में मानवीय प्रयास और ईश्वर की कृपा का अंतर समझाते हुए महाराज जी ने आधुनिक जीवन से जुड़ा रोचक उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि भक्त का प्रयास ठाकुर जी के पास भेजी गई मिस कॉल की तरह है। भक्त लगातार प्रार्थना और स्मरण करता रहता है। एक दिन ठाकुर जी की कृपा से रिटर्न कॉल आती है और प्रभु स्वयं भक्त से मिलने चले आते हैं। उन्होंने कहा कि बांदा से भी लगातार हजारों मिस कॉल ठाकुर जी तक पहुंच रही हैं। प्रभु की कृपा कब होगी, यह उनकी इच्छा पर निर्भर है, लेकिन भक्त को अपना प्रयास, प्रार्थना और स्मरण कभी बंद नहीं करना चाहिए। आयोजन के लिए बनाई गईं 22 समितियां कथा के दौरान पंडाल में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा मौजूद रहे। भजनों और प्रवचनों के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन दिखाई दिए। संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान के प्रमुख संरक्षक राजकुमार शिवहरे और अध्यक्ष अशोक त्रिपाठी ‘जीतू’ के मार्गदर्शन में आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए 22 समितियों का गठन किया गया है। पांच दिवसीय कथा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए समितियों के सदस्य जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।

