रोडवेज कर्मचारियों ने 13 मांगों को लेकर प्रदर्शन किया:15 दिसंबर तक फैसले की मांग; बोले- क्षेत्रीय कार्यालयों पर होगा धरना
उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारियों ने लंबित 13 सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन किया। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के आह्वान पर यह प्रदर्शन हुआ। प्रदेश के 115 डिपो, कार्यशालाओं, बस स्टेशनों और प्रशासनिक कार्यालयों में कर्मचारियों ने विरोध जताया। इसमें 200 से अधिक प्राथमिक शाखाओं के कर्मचारी शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने प्रस्ताव पारित किया। उन्होंने शासन और निगम प्रबंधन से 15 दिसंबर तक मांगों पर सकारात्मक फैसला लेने की अपील की। देखिए 2 तस्वीरें… संगठन ने 30 अक्टूबर को दिया था नोटिस परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष गिरिजा शंकर तिवारी और महामंत्री गिरीश चंद्र मिश्र ने बताया कि संगठन ने 30 अक्टूबर को शासन और निगम प्रबंधन को आंदोलन का नोटिस दिया था। इसके तहत 27 नवंबर को प्रदेश की सभी इकाइयों में धरना-प्रदर्शन किया गया। मांगें पूरी नहीं होने पर 16 दिसंबर को सभी क्षेत्रीय मुख्यालयों पर रैली, धरना और आमसभा होगी। इसके बाद भी 19 जनवरी 2027 तक मांगों पर फैसला नहीं हुआ तो 20 जनवरी को प्रदेशभर के कर्मचारी लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रबंध निदेशक को सौंपेंगे। साथ ही अगले आंदोलन की घोषणा की जाएगी। संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग परिषद की प्रमुख मांगों में राष्ट्रीयकृत मार्गों पर डग्गामारी रोकना, एक्सप्रेसवे और हाईवे को राष्ट्रीयकृत मार्ग घोषित करना, अतिरिक्त कर की दरों में असमानता दूर करना और वर्ष 2001 तक नियुक्त संविदा चालकों-परिचालकों को नियमित करना शामिल है। इसके अलावा शेष संविदा कर्मियों के चरणबद्ध नियमितीकरण की योजना बनाने और 50 प्रतिशत से कम लोड फैक्टर के नाम पर वेतन कटौती बंद करने की मांग उठाई गई। भत्ते और रिक्त पदों पर भर्ती का मुद्दा कर्मचारियों ने संविदा और आउटसोर्स कर्मियों का पारिश्रमिक बढ़ाने, वेतन विसंगतियां दूर करने और हजारों रिक्त पदों पर नियमित भर्ती करने की मांग की। रात्रि-दिन हाल्ट भत्ता, रात्रिपाली और प्रदूषण भत्ता बढ़ाने के साथ सेवानिवृत्त कर्मचारियों को चिकित्सा सुविधा देने की मांग भी शामिल है। इसके अलावा महंगाई भत्ते की बकाया किश्तों, सातवें वेतनमान के एरियर का भुगतान और अवैध वेतन कटौती रोकने की मांग की गई। परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री ने परिवहन निगम को संकट का साथी बताया है, लेकिन आज निगम और कर्मचारी खुद संकट में हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री को हस्तक्षेप कर मांगों के समाधान के निर्देश देने चाहिए।

