अपना दल (एस) की विजय संकल्प रैली कल:प्रयागराज में अनुप्रिया पटेल और पार्टी के 13 विधायक होंगे शामिल
प्रयागराज यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सभी दल संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरने के लिए शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में एनडीए गठबंधन के प्रमुख घटक दल अपना दल (एस) ने भी प्रयागराज में विजय संकल्प रैली के जरिए अपनी ताकत दिखाने की तैयारी की है। रविवार 29 नवंबर को अलोपीबाग स्थित सरदार पटेल संस्थान में आयोजित इस रैली में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल के साथ पार्टी के सभी 13 विधायक भी शामिल होंगे। रैली के जरिए पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट करने और संगठन की ताकत का प्रदर्शन करेगी। अपना दल (एस) के राष्ट्रीय महासचिव नागेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि उनकी पार्टी एनडीए गठबंधन का अहम हिस्सा है। विधानसभा चुनाव में पार्टी सभी 403 सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेगी और वोट मांगेगी। हालांकि, पार्टी यूपी की कितनी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि सीटों का फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। उन्होंने बताया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में अपना दल (एस) को गठबंधन के तहत 18 सीटें मिली थीं। इनमें से पार्टी ने 17 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे और 12 सीटों पर जीत हासिल की थी। इसके बाद रामपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भी पार्टी के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की। इस तरह पार्टी के विधायकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई। उन्होंने अपना दल (एस) को यूपी की तीसरी बड़ी पार्टी बताया। वहीं, यमुनापार की बारा विधानसभा सीट से पार्टी विधायक वाचस्पति ने कहा कि विजय संकल्प रैली की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक रैली में पहुंचेंगे। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में अपना दल (एस) पहले से बेहतर प्रदर्शन करेगी।

