Breaking News
50 हजार का इनामी असलहा तस्कर गिरफ्तार:मछलीशहर पुलिस और एसटीएफ ने पकड़ा; प्रयागराज और मिर्जापुर में 5 मुकदमे दर्ज

जौनपुर में मछलीशहर पुलिस और एसटीएफ वाराणसी की संयुक्त टीम ने शनिवार को 50 हजार रुपये के इनामी असलहा तस्कर सुनील दुबे को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, वह लंबे समय से फरार था और कई जिलों में अवैध तमंचे और पिस्टल सप्लाई करता था।
पुलिस ने बताया कि 24 अगस्त 2026 को मछलीशहर पुलिस ने पुराफगुई नहर पुलिया (प्राइवेट बस अड्डे) के पास घेराबंदी कर दो बाइक से आ रहे शिव प्रकाश मिश्रा, मनकामेश्वर मिश्रा और प्रियांशु शुक्ला को गिरफ्तार किया था। उनके पास से चार देशी तमंचे, चार देशी पिस्टल, छह मोबाइल और चोरी की दो मोटरसाइकिल मिली थीं।
पूछताछ में आरोपियों ने मिर्जापुर निवासी सुनील दुबे का नाम बताया था। उन्होंने कहा था कि सुनील उन्हें बेचने के लिए अवैध असलहे देता था। इस मामले में सुनील वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर जौनपुर के पुलिस अधीक्षक ने पहले 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 8 सितंबर को डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र ने इसे बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया था।
शनिवार को एसटीएफ फील्ड इकाई वाराणसी के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह और उपनिरीक्षक मनीष कुमार श्रीवास्तव को सूचना मिली कि सुनील मछलीशहर से प्रयागराज जाने वाला है। इसके बाद मछलीशहर पुलिस के उपनिरीक्षक शिवकुमार सिंह की टीम के साथ घेराबंदी कर उसे पुराफगुई नहर पुलिया के पास गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में सुनील ने कथित तौर पर बताया कि वह पिस्टल करीब 30 हजार रुपये और तमंचा 5 हजार रुपये में बेचता था। पुलिस से बचने के लिए वह रात में सुनसान रास्तों से जाता था। घटना के दिन वह बंधवा में पहले बेचे गए असलहों की रकम लेने आया था। रकम नहीं मिलने पर वह प्रयागराज जाने के लिए साधन तलाश रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील दुबे (22), पुत्र रामशिरोमणि दुबे, निवासी हरसड़, थाना हलिया, जिला मिर्जापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ मछलीशहर के अलावा नैनी (प्रयागराज) और कछवां (मिर्जापुर) थानों में आर्म्स एक्ट के पांच मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *