Breaking News
आवासीय भवन दर्शाकर दो कॉमर्शियल दुकानों के कराए बैनामे!

स्टाम्प शुल्क में गड़बड़ी का आरोप, मनोज अग्रवाल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
स्थलीय निरीक्षण कराकर निर्माण और बैनामों में दर्ज विवरण की जांच कराने की मांग
बाबा न्यूज
आगरा। बल्केश्वर मंदिर रोड स्थित बल्केश्वर पार्क के सामने मौजा घटवासन, हरीपर्वत वार्ड प्रथम की संपत्ति संख्या 33/6सी/1ए को लेकर कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया है। दो कॉमर्शियल दुकानों को चार मंजिला आवासीय भवन दर्शाकर बैनामे कराए जाने का आरोप लगाते हुए भारतीय हिंदू सेवा संस्था के प्रदेश अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की अनुपस्थिति में उन्होंने जिलाधिकारी मनीष बंसल को ज्ञापन देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की।
मनोज अग्रवाल ने आरोप लगाया कि 91.69 वर्गमीटर क्षेत्रफल की उक्त संपत्ति पर दो व्यावसायिक दुकानों का निर्माण कर शटर लगाए गए हैं। आरोप है कि आगरा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को गुमराह करने के उद्देश्य से शटर पर कार गैरेज लिखवाया गया है, जबकि मौके पर दुकानों जैसी व्यावसायिक संरचना मौजूद है।

ज्ञापन में बताया गया कि संपत्ति के विक्रेता रविकांत गर्ग पुत्र स्वर्गीय हरिचरण गर्ग निवासी 61-62, बसंत विहार, कमला नगर ने पांच मार्च 2025 को उपनिबंधक द्वितीय, तृतीय एवं पंचम कार्यालयों में तीन अलग-अलग बैनामे कराए। इनके माध्यम से श्रीमती विमला देवी, श्रीमती रीतू एवं श्रीमती नेहा शर्मा के नाम संपत्ति का एक-एक तिहाई हिस्सा हस्तांतरित किया गया।
मनोज अग्रवाल का कहना है कि तीनों बैनामों में संपत्ति को चार मंजिला आवासीय भवन दशार्या गया है, जबकि मौके पर दो व्यावसायिक दुकानों का निर्माण है। उन्होंने आशंका जताई कि संपत्ति का गलत विवरण दर्ज कराकर स्टाम्प शुल्क में अनियमितता की गई, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा हो सकता है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि संपत्ति का स्थलीय निरीक्षण कराकर वास्तविक निर्माण, बैनामों में दर्ज विवरण और जमा स्टाम्प शुल्क की निष्पक्ष जांच कराई जाए। आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *