Breaking News
मामी ने भांजे समेत तीन पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप:रिश्तेदारी में शोक जताने गई थी महिला, विरोध करने पर पति को भी पीटा

मेरठ के इंचौली थाना क्षेत्र स्थित महलका गांव में रिश्तेदारी में शोक जताने गई महिला ने अपने भांजे समेत तीन लोगों पर छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसके पति के साथ भी मारपीट की और विरोध करने पर उसके कपड़े फाड़ दिए। पीड़िता ने इंचौली पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। सरधना थाना क्षेत्र के गांव नानू निवासी महिला ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 25 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे वह अपनी ननद की मौत पर शोक जताने गांव महलका गई थी। वहां उसका भांजा निवासी गणेशपुर, हस्तिनापुर पहले से मौजूद था। आरोप है कि महताब दो अज्ञात लोगों के साथ मिलकर रास्ते में उसे और उसके पति को रोक लिया। आरोपियों ने उनसे वहां आने का कारण पूछा और वापस जाने के लिए कहा। पीड़िता के मुताबिक, विरोध करने पर तीनों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि भांजे ने उसके साथ छेड़छाड़ की कोशिश की और विरोध करने पर उसके कपड़े फाड़ दिए। शोर-शराबा सुनकर आसपास से लोग जुटने लगे तो आरोपी दंपती को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद वह पति के साथ इंचौली थाने पहुंची और शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। वहीं इंचौली थाना प्रभारी का कहना है कि पूरा प्रकरण हमारे संज्ञान में है और सभी आरोप निराधार हैं, फिर भी तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। महिला ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *