ट्रक की टक्कर से चाचा की मौत, भतीजा घायल:कानपुर में घाटमपुर के पास मुगल रोड पर हुआ हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर
कानपुर के घाटमपुर थाना क्षेत्र के बेंदा गांव के पास गुरुवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार चाचा की मौत हो गई, वहीं भतीजा घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को घाटमपुर सीएससी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज करने के बाद गंभीर हालत में कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के साथ मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। महोबा जिले के थाना खन्ना के गिवाड़ी निवासी 25 वर्षीय शिवपूजन अपने साथी हमीरपुर के विवार थाने के कन्हैटा निवासी 20 वर्षीय संजय पुत्र आंबेडकर के साथ नई बाइक पर गाजियाबाद से चलकर हमीरपुर जा रहे थे। तभी मुगल रोड पर स्थित बेंदा गांव के पास पहुंचते ही सड़क पर आवारा जानवर सामने से आ जाने के चलते बाइक अनियंत्रित हो गई, इस दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मारते हुए बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार चाचा शिवपूजन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वही भतीजा संजय घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची घाटमपुर पुलिस ने घायल संजय को एंबुलेंस से घाटमपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज करने के बाद उसे गंभीर हालत में कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर मृतक शिवपूजन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। इंस्पेक्टर का बयान- घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि सूचना मिली थी, घायल को अस्पताल पहुंचाया गया है, परिजनों को जानकारी देने के साथ मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

