सीएम ग्रिड के कामों में लापरवाही पर बड़ा एक्शन:अलीगढ़ नगर निगम से मुख्य अभियंता भूपेश कुमार सिंह शासन से संबद्ध; आशीष शुक्ला को कमान
नगर निगम में विकास कार्यों की सुस्त रफ्तार और विभागीय लापरवाही पर नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा की संस्तुति पर बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया गया है। मुख्य अभियंता भूपेश कुमार सिंह को मुख्य अभियंता के दायित्व से हटाकर शासन के नगरीय निकाय निदेशालय (टेक्निकल सेल), लखनऊ से संबद्ध कर दिया गया है। वहीं, अधिशासी अभियंता (निर्माण) आशीष शुक्ला को प्रभारी मुख्य अभियंता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर आयुक्त ने अधिशासी अभियंता बिजेंद्र पाल सिंह को नगर निगम के चारों जोन के अधिशासी अभियंताओं के कार्यों की जिम्मेदारी भी दे दी है। नगर आयुक्त की ओर से 26 नवंबर को जारी कार्यालय आदेश में कार्रवाई के पीछे विभागीय कार्यों में शिथिलता, निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति, सीएम ग्रिड परियोजना के कार्यों पर नगण्य पर्यवेक्षण, उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना और स्वेच्छाचारित कार्यप्रणाली को वजह बताया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। साफ है कि नगर निगम में विकास कार्यों की रफ्तार और अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर अब सख्ती शुरू हो गई है। दरअसल, मुख्य अभियंता भूपेश कुमार सिंह का शासन स्तर से पहले ही तबादला हो चुका था। उत्तर प्रदेश शासन के नगर विकास अनुभाग-4 के 31 मई 2026 के कार्यालय ज्ञाप के तहत उन्हें प्रशासनिक आधार पर नगरीय निकाय निदेशालय के टेक्निकल सेल, लखनऊ में स्थानांतरित किया गया था। मगर काम पूरे न होने के कारण उन्हें कार्यमुक्त नहीं किया गया था। मगर अब नगर आयुक्त स्तर से उनके विषय में रिपोर्ट दी गई। जिस पर उन्हें मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। इसी क्रम में नगर आयुक्त ने 26 नवंबर की दोपहर बाद उन्हें नगर निगम के मुख्य अभियंता (सिविल) के कार्यभार से कार्यमुक्त कर दिया। अब उन्हें नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने स्पष्ट किया कि नगर निगम में विकास कार्यों और विभागीय कामकाज की जवाबदेही तय करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्माण कार्यों में तेजी लाने और जनहित से जुड़े कार्यों को समयबद्ध पूरा कराने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ अपने दायित्व निभाएं।

