संभल में सरकारी जमीन की पैमाइश, हटाया गया कब्जा:छह लेखपालों की टीम ने की जांच, पुलिस बल की रही तैनाती
संभल के नखासा थाना क्षेत्र के कसेरूआ गांव में सरकारी जमीन को लेकर शिकायत मिलने के बाद मंगलवार शाम राजस्व विभाग की टीम ने पैमाइश की। कानूनगो के नेतृत्व में छह लेखपालों की टीम ने मौके पर पहुंचकर गाटा संख्या 330, 119, 219, 220 और 221 की नापजोख की। इस दौरान गाटा संख्या 330 पर कब्जा मिलने के बाद संबंधित भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। जानकारी के अनुसार, गांव में सरकारी जमीन पर खाद के गड्ढों और अन्य भूमि को लेकर मुस्लिम पक्ष की ओर से संभल तहसील में शिकायत की गई थी। शिकायतकर्ताओं में इस्लाम, इसरार और अनस मलिक समेत आठ लोगों के नाम बताए गए हैं। शिकायत मिलने के बाद राजस्व विभाग ने जांच और पैमाइश के लिए टीम गठित की। टीम ने संबंधित गाटा संख्याओं की जांच के साथ कुछ मकानों की भी नापजोख की। कुछ स्थान खाली पाए गए। शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि गांव में मस्जिद का निर्माण नहीं होने दिया गया, जिसके बाद उन्होंने सरकारी जमीन से संबंधित शिकायत प्रशासन से की। वहीं, हिंदू पक्ष ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मस्जिद निर्माण नहीं होने देने के मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच प्रशासन ने राजस्व अभिलेखों के आधार पर जमीन की स्थिति की जांच की। कार्रवाई के दौरान नखासा थाना प्रभारी संजय शर्मा और हिसामपुर चौकी प्रभारी अरुण चौधरी सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। गांव के प्रमुख चौराहों पर भी पुलिस तैनात की गई, ताकि किसी तरह का विवाद न हो और शांति व्यवस्था बनी रहे। राजस्व विभाग की टीम ने पैमाइश पूरी करने के बाद रिपोर्ट तैयार की है। इसे तहसील अधिकारियों को सौंपा जाएगा। रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सरकारी जमीन से संबंधित शिकायत पर प्रशासन ने कार्रवाई पूरी कर ली है।

