Breaking News
फैमिली फन फिएस्टा में दिखा प्रेम, प्रतिभा का संगम

 

 

 

 


बाबा न्यूज
आगरा। परिवार के आपसी बंधन को प्रगाढ़ करने के उद्देश्य से फैमिली फन फिएस्टा का आयोजन प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल, आगरा के विद्यालय सभागार में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा पाँच तक के लगभग 38 छात्रों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए विद्यालय की शिक्षिका पूर्णिमा सिंह एवं मानसी रावत ने निर्णायक मंडल व अतिथिगण का स्वागत किया। तत्पश्चात निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता, सुनीता गुप्ता, प्रधानाचार्या सीमा सहजपाल, निर्णायकगण एवं अतिथिगण द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की पारंपरिक शुरूआत की गई।
कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए नवांकुर तथा नवपल्लव कॉडिनेटर ने उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें नवांकुर तथा नवपल्लव विंग की सार्थकता से परिचित कराया।
इस अवसर पर अभिभावकों के टैलेंट शो का आयोजन किया गया, जिसे दो वर्गों में बाँटा गया- नर्सरी से कक्षा दो और कक्षा तीन से पाँच। दोनो ही श्रेणियों में अभिभावकों ने छात्रों के साथ विभिन्न प्रस्तुतियाँ – नृत्य, कविता पाठ, गायन आदि द्वारा दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कुछ अभिभावकों द्वारा प्रस्तुत कविता पाठ ने भावनाओं को छू लिया, वहीं कुछ माताओं द्वारा की गई मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियाँ दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट का कारण बनीं। अपने बच्चों के साथ अभिभावकों की इन शानदार प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। इसके पश्चात प्रतियोगिता के निर्णायकगण – सिल्की बाजवा (कथक स्नातक एवं विभिन्न नृत्य शैलियों की प्रख्यात विशेषज्ञा), दीप्ति खन्ना (कथक की कुशल विशेषज्ञा), डॉ. ज्योति खंडेलवाल (कथक गुरू व निदेशक नृत्य ज्योति कथक केंद्र) एवं रोशनी गिडवानी (कथक विशेषज्ञ एवं निदेशक कालंदी इंस्टीट्यूट आॅफ डांस एंड म्यूजिक) को नवांकुर भेंट कर अभिनंदन किया गया।

उन्होंने बच्चों को मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे इस अवसर पर अपनी माँ के कार्यो में मदद करके उन्हें प्यारा और अनोखा उपहार दे सकते हैं। बच्चे कल को आकार देने वाले कलाकार हैं जो अपने विभिन्न कौशलों से अपने कल को सँवारेंगे। उन्होंने अभिभावकों के साथ बच्चों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों की बहुत सराहना की।
हमें परिवार में साथ समय बिताने को वरीयता देनी चाहिए: डा. सुशील गुप्ता
निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने आशीर्वचन में सभी प्रतिभागियों की सराहना की और कार्यक्रम को परिवार और विद्यालय के संबंधों का सुंदर उत्सव बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों की हँसी, अभिभावकों का उत्साह, यही सच्ची शिक्षा और संस्कार की नींव है। हमें परिवार में एकदूसरे के साथ समय बिताने को वरीयता देनी चाहिए। विद्यालय प्रधानाचार्य सीमा सहजपाल ने समस्त निर्णायकगण एवं उपस्थित अतिथिगण का स्वागत करते हुए कहा कि आप सबकी उपस्थिति ने इस मंच को सच्चे अर्थों में जीवंत कर दिया है। आप सबका सहयोग और विश्वास ही हमारी सर्वश्रेष्ठ पूँजी है।
जीवन में धन को नियोजित करना भी महत्वपूर्ण: पुनीत शर्मा
इस अवसर पर स्टेट बैंक से पुनीत शर्मा (ए.जी.एम., एस.एम.ई, संजय प्लेस) ने बताया कि जीवन में धन अत्यंत महत्वपूर्ण है किंतु उसे नियोजित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने बच्चों की उत्तम शिक्षा और सुनहरे भविष्य हेतु बेहतरीन इंवेस्टमेंट के लिए महत्वपूर्ण जानकारियाँ सभी छात्रों एवं अभिभावकों के साथ साझा की। उनका सहयोग पल्लवी रॉय, रति अग्रवाल, कमल पाठक, हिमांशी शर्मा, मनन श्रीवास्तव आदि ने दिया। एस.बी.आई. की टीम ने विभिन्न प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सभी विजेताओं को आकर्षक उपहार भी भेंट किए तथा कक्षा चार के छात्र आरव चंदेल को विशेष उपहार प्रदान किया।

 

सेंट मार्क्स स्कूल में बच्चों ने मनाया मदर्स डे

 

बाबा न्यूज
आगरा। सेंट मार्क्स स्कूल में ‘मदर्स डे’ एक्टिविटी का आयोजन किया गया जिसमें नन्हे-नन्हे बच्चों ने सुंदर नृत्य की प्रस्तुति दी। कक्षा एक से आठ तक के छात्र-छात्राओं ने अपनी माता के लिए सुंदर-सुंदर ग्रीटिंग कार्ड, मैग्नेटिक कोस्टर पेंटिंग, फोटो-फ्रेम आदि बनाएं।
सभी बच्चों ने अपनी माता के लिए सुंदर गीत प्रस्तुत किए। कक्षा चार के छात्रों ने अपनी माता के महत्वता को कुछ पंक्तियों के माध्यम से बताया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य मांडवी सिंह, कार्डीनेटर मिनाक्षी त्रिखा, अध्यापिका नूतन, निशा, प्रिया, चारुल, लक्षिता, भूमिका, अर्चना आदि का सहयोग रहा।

अप्सा की कार्यशाला में शिक्षकों ने सीखे शिक्षण के आधुनिक गुर

बाबा न्यूज
आगरा। ऑल सेंट्स स्कूल, शमशाबाद रोड, आगरा में आज एसोसिएशन ऑफ प्रोग्रेसिव स्कूल्स ऑफ आगरा (APSA) के तत्वावधान में एक दिवसीय शिक्षक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य विषय “नेविगेटिंग द न्यू नेशनल करिकुलम: ए टीचर्स रोडमैप”(Navigating the New National Curriculum: A Teacher’s Roadmap) रहा।

कार्यशाला का उद्देश्य: इस कार्यशाला का आयोजन शिक्षकों को राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (NCF) के नवीनतम सुधारों और नवाचारों से परिचित कराने के लिए किया गया। इसका उद्देश्य शिक्षकों को आत्मविश्वास के साथ नए पाठ्यक्रम को लागू करने में सक्षम बनाना और उन्हें शिक्षण की आधुनिक तकनीकों से लैस करना था।

मुख्य आकर्षण और गतिविधियाँ: नवाचारी शिक्षण पद्धतियाँ: कार्यशाला के दौरान विभिन्न विद्यालयों से आए विशेषज्ञों और शिक्षकों ने शिक्षण की गतिशील पद्धतियों और नए विचारों पर चर्चा की।

सहयोगात्मक शिक्षण: शिक्षकों ने समूहों में कार्य करते हुए इस बात पर मंथन किया कि कैसे कक्षा के वातावरण को अधिक जीवंत और छात्र-केंद्रित बनाया जा सकता है। सत्र के दौरान शिक्षकों को एक ‘रोडमैप’ प्रदान किया गया, जिससे वे राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के लक्ष्यों के अनुरूप अपनी शिक्षण योजना तैयार कर सकें।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन त्रिलोक सिंह राणा, डिरेक्ट्रिस प्रतिमा राणा, वाईस चेयरमैन युवराज राणा ने कार्यशाला में आए सभी अतिथियों और शिक्षकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा, “शिक्षा का परिदृश्य तेजी से बदल रहा है। इस तरह की कार्यशालाएं शिक्षकों को न केवल अपडेट रखती हैं, बल्कि उन्हें नई ऊर्जा के साथ छात्रों के भविष्य को संवारने के लिए प्रेरित भी करती हैं।”

विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं सी. बी. एस. ई. डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर योगेश उपाध्याय ने कहा कि, “शिक्षक समाज की नींव होते हैं। शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलावों के साथ खुद को अपडेट रखना अनिवार्य है ताकि हम अपने छात्रों को वैश्विक स्तर की शिक्षा प्रदान कर सकें।
कार्यक्रम का समापन शिक्षकों को प्रमाण पत्र वितरण और धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।

सेंट जॉन्स कॉलेज की nss की स्वयंसेविकाओं ने यूथ पार्लियामेंट में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

बाबा न्यूज
आगरा। सेंट जॉन्स कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं ने विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर कॉलेज का नाम रोशन किया।
कनक चौहान, बी.सी.ए तृतीय वर्ष की स्वयंसेविका ने विधानसभा में “केंद्रीय बजट 2026 और युवाओं के सुकेंद्रीकरण का सशक्त मार्ग” विषय पर ओजस्वी भाषण दिया। वहीं सोनी चौधरी, एम.ए. इतिहास की स्वयंसेविका, ने विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट में बजट पर अपना संबोधन प्रस्तुत किया। दोनों स्वयंसेविकाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.पी. सिंह ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आयशा बेगम ने बताया कि भारत सरकार के खेल एवं युवा मंत्रालय द्वारा आयोजित विकसित भारत युवा संसद 2026 के अंतर्गत 1 से 3 मई तक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें महाविद्यालय से इन दोनों स्वयंसेविकाओं का चयन हुआ। उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा में 75 जिलों से आए प्रतिभागियों के समक्ष अपने विचार रखे। इस सम्मान समारोह में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रवीण त्यागी, डॉ. आयशा बेगम, और डॉ. वेंकटस्वामी ने स्वयंसेवकों को शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम के दौरान पूर्व स्वयंसेवक अक्षय कुमार और स्वयंसेविका जाह्नवी भी उपस्थित रहे।

एनकेजी, यूकेजी के बच्चों ने माताओं के साथ नृत्य सभी को किया मोहित

 

सीएफ एंडूज स्कूल में धूमधाम से मनाया गया मदर्स डे
बाबा न्यूज
आगरा। मातृ शक्ति को समर्पित भावनात्मक और उल्लासपूर्ण वातावरण में सी०एफ० एन्डूज स्कूल बल्केश्वर के डा. राम कन्वेशन सेन्टर में मातृत्व के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कवयित्री डॉ रूचि चतुर्वेदी, विशिष्ट अतिथि अरुणा शर्मा, सीएमडी डॉ गिरधर शर्मा, एमडी ओशिन शर्मा, शिवांजल शर्मा, गुंजन पुंडीर ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा उनके समक्ष दीप प्रज्जवलन कर किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं जैसे- फैशन शो, ड्यूट डान्स, नो फायर कुकिंग, म्यूजिकल चेयर आदि रहीं। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया जिसमें एनकेजी और यूकेजी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी माताओं के साथ मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी। सुमधुर गायन प्रस्तुति के द्वारा पूरे सभागार का वातावरण भावपूर्ण हो गया। इसी क्रम में कक्षा 5 की छात्रा गौरी अग्रवाल ने कविता के माध्यम से सभी दर्शकों का मन मोह लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में 50 से अधिक माताओं-बच्चों की विजेता जोड़ियों को विद्यालय की ओर से पुरस्कार प्रदान किये गए। फैशन शो प्रतियोगिता की विभिन्न श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार अन्वित- प्रिया अग्रवाल, अरण्य भावना जैन और दर्शित-पूजा खंडेलवाल को दिया गया। इसी क्रम में नो फायर कुकिंग में प्रथम पुरस्कार विराट-सोनम वर्मा, ‌द्वितीय अव्या-श्वेता मित्तन, तृतीय पुरस्कार संयुक्त रूप से आदिजय – प्रीती जादौन, शिवांग आंचल त्रिवेदी को दिया गया। ड्यूट डान्स में प्रथम पुरस्कार आरणा-पूजा अग्रवाल, द्वितीय पुरस्कार भुवन्या-पूजा शर्मा व तृतीय पुरस्कार मिशिका दुर्गेश यादव को दिया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि देश की मशहूर कवयित्री डॉ रूचि चतुर्वेदी ने अपने स्वरचित गीत के माध्यम से बच्चों की परवरिश में एक माँ के अहम योगदान को रेखांकित किया। सीएमडी डा. गिरधर शर्मा ने नारी सशक्तिकरण, नारी शिक्षा पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा हो या सम्मान, दोनों ही नारी के अधिकार। एमडी ओशिन शर्मा ने माँ के निस्वार्थ प्रेम, त्याग और समर्पण को याद करते हुए स्वयं के द्वारा रचित कविता के माध्यम से उपस्थित सभी माताओं के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम का संचालन पूरे उत्साह के साथ वि‌द्यालय के ही ऊर्जावान छात्र छात्राओं भुवि, दक्षता, हिमांशु, परिधि, पूर्वी, एंजलीना के द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या रुचि तनवर, उप प्राचार्या शिल्पा भाटिया, मुनेश अग्रवाल, दिव्या कौर, बलप्रीत कौर, चारु तलवार, बबली, ज्योति मोटवानी, कायरा, प्रियंका, शिल्पा, जीतेन्द्र, मंथन, किरन, खुशी, वंदना, प्रदीप आदि शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।