Breaking News
वाइल्डलाइफ़ एसओएस ने एक ही दिन में तीन रेप्टाइल्स को बचाया

भीषण गर्मी के कारण विस्थापित हो रहे वन्यजीव

बाबा न्यूज 

आगरा।  एक ही दिन कॉलेज कैंपस, पार्किंग में लगी स्कूटी और ज़िला एवं सत्र न्यायालय के पूर्व जज के घर से तीन सरीसृपों (रेप्टाइल्स) को बचाया। इन घटनाओं से पता चलता है कि बढ़ता तापमान जंगली जानवरों को छाया और आश्रय की तलाश में शहरों की ऐसी जगहों पर आने के लिए मजबूर कर रहा है, जहाँ वे आम तौर पर नहीं आते। वाइल्डलाइफ़ एसओएस रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट ने शहर में अलग-अलग जगहों से एक इंडियन रैट स्नेक और दो बंगाल मॉनिटर लिज़र्ड को बचाया। स्वस्थ पाए जाने पर टीम ने उन्हें उपयुक्त जंगल में छोड़ दिया।

पहला रेस्क्यू ऑपरेशन आगरा के सेंट पीटर्स कॉलेज में किया गया, जहाँ स्टाफ़ ने कैंपस में पानी की टंकी के पास एक इंडियन रैट स्नेक को आराम करते हुए देखा। पेशेवर मदद की ज़रूरत को समझते हुए, उन्होंने तुरंत वाइल्डलाइफ़ एसओएस हेल्पलाइन (+91 9917109666) को सूचित किया। इसके बाद, रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट ने साँप को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला और यह जाँचने के बाद कि वह घायल नहीं है, उसे जंगल में छोड़ दिया।

उसी दिन बाद में, आगरा की एक हाउसिंग कॉलोनी के लोगों ने हेल्पलाइन पर संपर्क किया। उन्होंने देखा कि तेज़ गर्मी से बचने के लिए मॉनिटर लिज़र्ड (गोह) वहाँ खड़ी एक स्कूटी के अंदर छिप गई थी। स्थानीय लोग घबराए हुए थे और कोई मैकेनिक स्कूटी के पास जाने को तैयार नहीं था, इसलिए वाइल्डलाइफ़ एसओएस की रेस्क्यू टीम ने खुद ही स्कूटी के ज़रूरी हिस्सों को सावधानी से खोला और उसे सुरक्षित बाहर निकाला; वह पूरी तरह स्वस्थ पाई गई।

दिन का तीसरा रेस्क्यू आगरा में डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस कोर्ट के पूर्व जज के घर से किया गया, जहाँ एक बंगाल मॉनिटर लिज़र्ड ने परिसर की छायादार जगह में पनाह ले रखी थी। सूचना मिलने पर, रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुँची और उसे सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर दूसरी जगह रिलीज़ किया।

इंडियन रैट स्नेक और बंगाल मॉनिटर लिज़र्ड, दोनों ही वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची I के तहत संरक्षित हैं। यह भारत में वन्यजीवों को मिलने वाली कानूनी सुरक्षा का सबसे ऊँचा स्तर है। रैट स्नेक ज़हरीले सांप नहीं है, और खेती-बाड़ी वाले इलाकों और शहरों में चूहों की आबादी को कंट्रोल करने में अहम भूमिका निभाते हैं। मॉनिटर लिज़र्ड को कम होते जंगल और गैर-कानूनी व्यापार से बढ़ते खतरों का सामना करना पड़ रहा है।

वाइल्डलाइफ़ एसओएस के सह-संस्थापक और सीईओ, कार्तिक सत्यनारायण ने कहा, “मॉनिटर लिज़र्ड (गोह) और रैट स्नेक जैसे सरीसृप हमारे इकोसिस्टम का ज़रूरी हिस्सा हैं, फिर भी शहरी इलाकों में लोग इनके बारे में गलतफहमी पालते हैं और इनसे डरते हैं। इन तीनों मामलों में अच्छी बात यह रही कि लोगों ने ज़िम्मेदारी भरा व्यवहार दिखाया; उन्होंने घबराने या जानवरों को नुकसान पहुँचाने के बजाय प्रोफ़ेशनल मदद लेना बेहतर समझा।”

वाइल्डलाइफ़ एसओएस के कंजर्वेशन प्रोजेक्ट्स के डायरेक्टर, बैजूराज एम.वी ने कहा, “बढ़ते तापमान की वजह से रेंगने वाले जीव (रेप्टाइल्स) गर्मी से राहत और छाया की तलाश में गाड़ियों, कंपाउंड की दीवारों और संस्थानों के परिसरों जैसी असामान्य जगहों पर आ जाते हैं। इन रेस्क्यू से पता चलता है कि जानवर भी भीषण गर्मी से प्रभावित होते हैं, और लोगों की शांत और समझदारी भरी प्रतिक्रिया जानवर के बचने में बहुत बड़ा अंतर ला सकती है।”

सांसद नवीन जैन ने किया निर्माणाधीन मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण

 

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रगति पथ यात्रा

बाबा न्यूज

आगरा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं जनविश्वास के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क एवं जनजागरण कार्यक्रमों की श्रृंखला में प्रगति पथ यात्रा का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने सदर बाजार स्थित एकलव्य स्टेडियम के समीप निर्माणाधीन आगरा मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं यात्रियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी परियोजना अधिकारियों से प्राप्त की तथा कार्यों की समीक्षा की।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगरा मेट्रो परियोजना तेज गति से आगे बढ़ रही है। डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से आगरा में आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित की जा रही है, जिससे शहरवासियों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रहा है। प्रगति पथ यात्रा का उद्देश्य इन ऐतिहासिक उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाना तथा विकास कार्यों से आमजन को अवगत कराना है।

इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, महानगर महामंत्री नितेश शिवहरे एवं मुकेश गुप्ता, मेट्रो परियोजना निदेशक अरविंद राय सहित मेट्रो के अधिकारी एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

यूपी फूड एक्सपो कान्कलेव 2026 में रंगारंग संध्या ने जीता सबका दिल

 

 

बाबा न्यूज
आगरा। यूपी फूड एक्सपो कान्कलेव 2026 के तीसरे दिन बीएन गु्रप द्वारा आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक संध्या ने सभी का मन मोह लिया। सतरंगी लाइटों और भव्य मंच सज्जा के बीच एक के बाद एक बॉलीवुड कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए बीएन गु्रप के अध्यक्ष, उद्यमी एवं समाजसेवी अजय अग्रवाल ने कहा कि भारत जैसे कृषि प्रधान देश में फूड प्रोसेसिंग की असीम संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि हमें अपनी उत्पादन की उच्च गुणवत्ता बनाए रखते हुए अंतरराष्ट्रीय बाजार को समझना होगा और निर्यात के लिए भारतीय उत्पादकों को बड़ी संख्या में तैयार करना होगा।
विशेष उपस्थिति चैंबर आॅफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के चीफ एडवाइजर मनीष अग्रवाल ने कहा कि बीएन गु्रप हिंदुस्तान के प्रमुख औद्योगिक संस्थानों में से एक है। आगरा के लिए यह सौभाग्य की बात है कि समूह के मुखिया का सीधा ताल्लुक आगरा से है और वे जनपद के विकास को लेकर विशेष रूप से चिंतित रहते हैं। उन्होंने वढ बीएन गु्रप के विशेष सहयोग की सराहना की और बताया कि बीएन गु्रप खाद्य प्रसंस्करण के साथ-साथ सोलर जैसे बड़े सेक्टर में भी प्रवेश कर चुका है।

दिग्गजों की मौजूदगी
कार्यक्रम में एएफएमईसी के अध्यक्ष गोपाल गुप्ता, डॉ. रंजना बंसल, डॉ. तरुण सिंघल, अनिल वर्मा, संजीव चतुवेर्दी, वरिष्ठ नेता राम सकल गुर्जर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गणेश यादव, भुवनेश अग्रवाल, वसंत गुप्ता, राजेश गोयल माना, नितिन गोयल, आशीष गर्ग, विकास चतुवेर्दी, सिद्धार्थ अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बॉलीवुड नाइट की धूम
कपिल शर्मा शो की लोकप्रिय जोड़ी चिंकी-मिंकी यानी सुरभि मेहरा और समृद्धि मेहरा, तथा टीवी की प्रसिद्ध कलाकार चंद्रमुखी चौटाला के किरदार से चर्चित कविता कौशिक ने अपने हास्य और पुलिसिया अंदाज से दर्शकों को खूब गुदगुदाया।
सिनेमा जगत की दिग्गज अभिनेत्री पूनम ढिल्लों की उपस्थिति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। उन्होंने अपनी पुरानी फिल्मों की यादें ताजा करते हुए फिल्म जगत के अनुभव साझा किए और कहा कि राष्ट्र निर्माण में उद्योग जगत की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के अंत में सभी कलाकारों द्वारा बीएन गु्रप के व्यापारियों को सम्मानित किया गया। अंत में बीएन गु्रप के अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

बर्मिंघम (यूके) में गायिका निशिराज को मिला विश्व स्तरीय सम्मान

बाबा न्यूज
आगरा। भारतीय भाषाओं के साथ साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित अंतरराष्ट्रीय संस्था गीतांजली मल्टीलिंग्विस्टिक सोसाइटी, यूके पिछले 30 वर्षों से प्रवासी भारतीयों के बीच भारतीय भाषाओं के प्रचार-प्रसार तथा उनके उत्थान का उल्लेखनीय कार्य कर रही है।
इस क्रम में संस्था द्वारा चिकित्सक डॉ. शैलेंद्र एलन के शानदार फार्म हाउस पर एक भव्य और सार्थक काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया।
समारोह में आगरा की जानी-मानी कवयित्री, सुमधुर गायिका, सुयोग्य शिक्षक और साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्था माधुर्य की संस्थापक-अध्यक्ष निशिराज जैन को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित कर उपस्थित साहित्यप्रेमियों और रचनाकारों द्वारा उनका अत्यंत आत्मीयता और सम्मान के साथ स्वागत किया गया। संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा निशिराज जैन के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक योगदान की सराहना करते हुए उन्हें विशेष रूप से विश्व स्तर पर सम्मानित करते हुए अंतरराष्ट्रीय संस्था गीतांजली मल्टीलिंग्विस्टिक सोसाइटी, यूके की कॉम्प्लीमेंट्री सदस्यता भी प्रदान की गई।
इस दौरान संस्थापक डॉ. कृष्ण कुमार, वर्तमान में संस्था का संचालन कर रहे परवेज मुजफ्फर, कार्यक्रम संयोजक और संचालक डॉ. शैलेंद्र एलन, डॉ. राजीव, मधु शर्मा, उमेश जी, स्वर्ण तलवार, प्रतिमा, अलका, इंदु और निशि राज के पति राजकुमार जैन भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कृषि अधिकारी सत्यधा मिश्रा बेस्ट टारगेट अचीवर अवार्ड से सम्मानित

खंदौली में लगे मेगा ऋण मुक्ति शिविर में ऋण खातों का हुआ निस्तारण
किसानों, स्वयं सहायता समूहों, उद्यमियों के लिए बैंक की योजनाओं की दी जानकारी
बाबा न्यूज
आगरा। पंजाब नेशनल बैंक, आगरा जोन द्वारा सूरज फार्म, खंदौली में किसान गोष्ठी, वित्तीय जागरूकता एवं मेगा ऋण मुक्ति शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राहकों को बैंक की विभिन्न योजनाओं से जोड़ना, वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देना, कृषि एवं स्वरोजगार संबंधी ऋण सुविधाओं की जानकारी देना तथा बकाया ऋण खातों के समाधान के लिए वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) का लाभ उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंजाब नेशनल बैंक के कार्यपालक निदेशक एम परमसिवम थे। विशिष्ट अतिथियों में जोनल मैनेजर अंजू मित्तल सर्किल हेड संजय कुमार श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, बैंक ग्राहक एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
इस अवसर पर बैंक अधिकारियों द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, वित्तीय समावेशन योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं तथा विभिन्न सरकारी एवं बैंकिंग योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ग्राहकों को ऋण प्रबंधन, बचत, निवेश एवं बैंकिंग सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक एम परमसिवम ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब नेशनल बैंक देशभर में ग्राहक जागरूकता और वित्तीय सशक्तिकरण के लिए निरंतर अभियान चला रहा है। अलीगढ़ में सफल आयोजन के बाद आगरा में इस व्यापक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल ऋण उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि ग्राहकों को वित्तीय रूप से सक्षम बनाना और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप समाधान उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने बताया कि इस मेगा शिविर के दौरान बड़ी संख्या में ग्राहकों के ऋण का समझौते के माध्यम से सफल निस्तारण किया गया, जिससे अनेक परिवारों को आर्थिक राहत प्राप्त हुई है। उन्होंने बैंक अधिकारियों से ग्राहकों के साथ संवेदनशीलता और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
जोनल मैनेजर अंजू मित्तल ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण एवं कृषि क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। बैंक की विभिन्न योजनाएं किसानों, छोटे उद्यमियों, महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से बैंक और ग्राहकों के बीच विश्वास का संबंध और मजबूत होता है तथा लोगों को बैंकिंग सेवाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त होता है।
सर्किल हेड संजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि वित्तीय समावेशन बैंक की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने ग्राहकों से डिजिटल बैंकिंग सेवाओं को अपनाने, समय पर ऋण अदायगी करने तथा बैंक की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए बैंक निरंतर विशेष पहल कर रहा है और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए कृषि अधिकारी सत्यधा मिश्रा को बेस्ट टारगेट अचीवर अवार्ड से सम्मानित किया गया।

टीईटी लागू होने से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को राहत दी जाए

बाबा न्यूज
आगरा। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश की आगरा इकाई ने मंडल अध्यक्ष रमेश यादव और जिलाध्यक्ष तिलक पाल चाहर के नेतृत्व में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री , केंद्रीय शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। जिसमें वर्ष 2010 एवं टीईटी लागू होने की तिथि 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के सेवा अधिकारों और भविष्य को सुरक्षित करने की मांग की गई है।
महासंघ के पदाधिकारियों का कहना है कि शिक्षकों ने वर्षों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा,सामाजिक चेता और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके लिए टीईटी परीक्षा अनिर्वाय करना व्यवाहरिक नहीं है। शिक्षकों ने मानसून सत्र में अध्यादेश के जरिए राहत देने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में इसमें प्रमुख रूप से संगठन मंत्री राम कुमार चाहर, बरिष्ठ उपाध्यक्ष फलिराम गुर्जर, रामबीर फौजदार, खंडोली ब्लॉक अध्यक्ष सतीश बघेल, दिनेश सोलंकी,जिला उपाध्यक्ष शिव कुमार शर्मा , मनीषा गौतम, बाह के अध्यक्ष शिव कुमार शर्मा, सैया ब्लॉक अध्यक्ष भवदीप त्यागी, जिला उपाध्यक्ष डील चंद त्यागी, मदन मोहन त्यागी,अशोक त्यागी, जितेन्द्र कुमार,नरेश चाहर,राम प्रकाश लवानिया, सीमा त्यागी, मधू भण्डारी, भावना, स्वेता,संजीव मिश्रा, दिनेश, धन सिंह,शशीभूषण शर्मा, कुलदीप, अमित दूवे,चन्द्रीश राना, अमित दीक्षित,शेरसिंह, चन्द्रकांत त्यागी, रामवीर त्यागी,तनजीव वेग, कोषाध्यक्ष योगेश कुमार, अरविन्द चाहर, सुनील त्यागी, राजेंद्र त्यागी, फतेहपुर सीकरी से ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश भागोर, सोहन लाल, बनवारी लाल गुप्ता,अजय सिसोदिया , पूनम करीरा, आदि समेत सैकड़ो शिक्षक उपस्थित रहे।

केंद्र सरकार के 12 वर्ष जनकल्याण के स्वर्णिम अध्याय : सांसद नवीन जैन

 

 

12 साल बेमिसाल – विश्वास के, विकास के एवं जनकल्याण के विषयक प्रदर्शनी का राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने अवलोकन किया

बाबा न्यूज

आगरा। केंद्र सरकार के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा आगरा महानगर एवं भाजपा आगरा जिला द्वारा तारघर मैदान में आयोजित 12 साल बेमिसाल – विश्वास के, विकास के एवं जनकल्याण के विषयक प्रदर्शनी का राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने अवलोकन किया।

इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, ऐतिहासिक उपलब्धियों एवं आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हुए उल्लेखनीय कार्यों से संबंधित प्रदर्शित सामग्री का विस्तार से अवलोकन किया।

इस अवसर पर सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों के उत्थान, युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर, आधुनिक आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति और आत्मनिर्भर भारत जैसे अनेक क्षेत्रों में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है।

केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया गया है।

उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल उपलब्धियों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प की झलक है। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, नीतियों एवं ऐतिहासिक निर्णयों की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे आयोजन सरकार और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को भी प्रोत्साहित करते हैं।

सांसद नवीन जैन ने प्रदर्शनी के सफल आयोजन के लिए भाजपा आगरा महानगर एवं भाजपा आगरा जिला की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से समाज में सकारात्मक जागरूकता का विस्तार होता है तथा युवा पीढ़ी को देश के विकास की यात्रा से परिचित होने का अवसर मिलता है।

इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, महानगर महामंत्री महेश शर्मा एवं नितेश शिवहरे, महानगर उपाध्यक्ष दीपू जादौन, पार्षद श्री राहुल वैद्य, रावली मंडल अध्यक्ष विवेक सिंह लोधी, छावनी मंडल अध्यक्ष विजय कुमार, अर्जुन सिंह कोरी, प्रवीण जैन सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

महापौर ने सिंगापुर की मंत्री को दिया आगरा आने का न्योता

 

– सिंगापुर में हुआ विश्व नगर शिखर सम्मेलन का समापन

– दुनिया भर के विभिन्न शहरों के मेयर व प्रतिनिधियों ने किया था प्रतिभाग

– शहरों को वैश्विक बनाने और समावेशी विकास को लेकर हुई चर्चा

बाबा न्यूज 

आगरा। सिंगापुर में आयोजित विश्व नगर शिखर सम्मेलन (World Cities Summit 2026) एवं मेयरल फेलोशिप कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस अवसर पर आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर ने सिंगापुर की संस्कृति मंत्री को विश्व प्रसिद्ध ताजमहल की प्रतिकृति भेंट स्वरूप प्रदान की तथा उन्हें आगरा आने का औपचारिक निमंत्रण दिया।

समापन समारोह का आयोजन मलेशिया के ऐतिहासिक शाही महल में किया गया, जो 1800 ईस्वी में तत्कालीन राजा का महल था। ऐतिहासिक रूप से उस समय सिंगापुर और मलेशिया एक ही देश का हिस्सा थे तथा शासक मलेशिया के राजा थे।

समापन कार्यक्रम की मेजबानी सिंगापुर की संस्कृति मंत्री ने की तथा सभी अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों एवं महापौरों के सम्मान में विशेष दोपहर भोज (लंच) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्व के विभिन्न देशों से आए महापौरों एवं नगर प्रशासकों ने भाग लिया और सुशासन, पारदर्शिता तथा नागरिक-केंद्रित प्रशासन पर अपने विचार साझा किए।

चर्चा के दौरान सभी महापौरों ने इस बात पर बल दिया कि नगर प्रशासन का तंत्र पूरी तरह पारदर्शी, जवाबदेह एवं जन-केंद्रित होना चाहिए। यह भी कहा गया कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने निर्धारित कार्यों के प्रति उत्तरदायी हो तथा नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

आगरा की महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने कहा कि इस प्रकार के साझा कार्यक्रम विश्व के विभिन्न शहरों के समावेशी विकास के लिए मददगार साबित होंगे। साझा कार्यक्रमों के जरिए चुनौतियां दूर होंगी और शहर विकास और समृद्धि की ओर बढ़ेंगे।

विनोद कुमार अग्रवाल ब्रज प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष बने

बाबा न्यूज
आगरा। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, जो देशभर के अग्रवाल समाज का शीर्षस्थ संगठन है, ने संगठन को और मजबूत करने के उद्देश्य से श्री विनोद कुमार अग्रवाल जी को ब्रज प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया है।
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय नेतृत्व ने विनोद कुमार अग्रवाल के समाज के प्रति समर्पण, संगठनात्मक पकड़ और अनुभव को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। मनोनयन 2026-27 15 जून को राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल के हस्ताक्षरों से जारी किया गया।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार अग्रवाल ने इस विश्वास के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे ब्रज प्रदेश के सभी जिलों में संगठन को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाएंगे। उनका मुख्य फोकस समाज के युवाओं और महिलाओं को संगठन से जोड़ना, सामाजिक एकता को मजबूत करना और अग्रवाल समाज की संस्कृति व मूल्यों को आगे बढ़ाना रहेगा।
श्री अग्रवाल के मनोनयन पर ब्रज प्रदेश के अग्रवाल समाज में हर्ष की लहर है। समाज के सभी पदाधिकारियों और बंधुओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
बधाई देने वालों में विनय अग्रवाल,राकेश अग्रवाल, संजय सिंघल,
सेलू अग्रवाल, गणेश बंसल, दीपक अग्रवाल, अंबुज अग्रवाल, राजकुमार गर्ग,संजय सिंगल,योगेंद्र गोयल, सचिन अग्रवाल, विवेक गर्ग, अखिल बंसल,राजीव गर्ग आदि लोग है।

शहीदों के सरताज गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर कल होंगे धार्मिक आयोजन

बाबा न्यूज
आगरा। सिख धर्म के पंचम गुरु एवं शहीदों के सरताज धन धन श्री गुरु अर्जन देव जी के पावन शहीदी दिवस के अवसर पर 18 जून शहर के विभिन्न गुरुद्वारों में धार्मिक कार्यक्रमों, कीर्तन दरबारों एवं छबील सेवा का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर गुरु साहिब की महान शहादत को नमन करते हुए संगत को उनके आदर्शों, त्याग, सेवा और मानवता के संदेश से प्रेरित किया जाएगा।
प्रबंधक कमेटी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार प्रातः अमृतवेले गुरुद्वारा दशम पिता, शाहगंज में सुबह 4 बजे से सुखमनी पाठ एवं गुरबाणी कीर्तन का आयोजन होगा, जिसमें पंथ के प्रसिद्ध कीर्तनीय वीर महेंद्र पाल सिंह संगत को गुरबाणी रस से निहाल करेंगे।
इसके अतिरिक्त गुरुद्वारा दशमेश दरबार, शहीद नगर (विभव नगर) में विशेष कीर्तन दरबार की हाजिरी भाई हरजिंदर सिंह देंगे। इसके अपरान्त हजारों श्रद्धालुओं के लिए ठंडे मीठे छबील की सेवा वहीं शाम के विशेष कीर्तन समगाम शाम 7 बजे से गुरुद्वारा श्री कलघीधर साहिब, सदर बाजार में भी भव्य कीर्तन समागम का आयोजन होगा, जिसमें पंथ के प्रसिद्ध कीर्तनीय हरप्रीत सिंह एवं जसविन्दर सिंह अम्बाले वाले गुरबाणी की हाजिरी भरकर गुरु रूप संगत को निहाल करेंगे।
प्रबंधक कमेटी के बॉबी आनंद, हरपाल सिंह, अमरदेव सिंह साहनी गुरु सेवक श्याम भोजवानी एवं प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने समस्त साध-संगत से इन पावन आयोजनों में बढ़ चढ़कर शामिल होकर गुरु साहिब की शहादत को श्रद्धापूर्वक नमन करने तथा गुरु घर की खुशियां प्राप्त करने की अपील की है।