Breaking News
भाजपा 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी- केशव प्रसाद मौर्य:हापुड़ में बोले- पूरब से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक खिलेगा कमल

हापुड़ में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार शाम करीब साढ़े 4 बजे पिलखुवा के गांधी बाजार पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा की वरिष्ठ नेता लज्जा रानी गर्ग के निधन पर उनके घर जाकर परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। केशव प्रसाद मौर्य ने 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी और पार्टी 300 से ज्यादा सीटें जीतेगी। इस दौरान उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। बोले- 2027 में 300 से ज्यादा सीटें जीतेंगे केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2017 में भाजपा ने 300 से ज्यादा सीटें जीती थीं और 2027 में भी पार्टी इतनी ही सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि इसमें कोई कन्फ्यूजन नहीं होना चाहिए। मौर्य ने दावा किया कि पूरब से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक चारों तरफ कमल का फूल खिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय हैं। अखिलेश यादव पर साधा निशाना डिप्टी सीएम ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’ देख रहे हैं कि मुख्यमंत्री बन रहे हैं। मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव 2017 वाली स्थिति में पहुंच गए हैं और यह उनकी फ्रस्टेशन है। AI वीडियो को लेकर पूछे गए सवाल पर मौर्य ने कहा कि इसका जवाब जनता खुद देगी। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख और समझ रही है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत हापुड़ पहुंचने पर स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने फूलमाला पहनाकर उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान विधायक विजयपाल आढ़ती, विधायक धर्मेश तोमर, डीएम कविता मीना, एसपी कुंवर ज्ञानेश सिंह, जिला अध्यक्ष कविता मादरे, पालिका अध्यक्ष विभु बंसल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रवीन मित्तल, अशोक शर्मा ‘बंदूक वाले’ समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हरित श्रृंगार में सजे महागणपति, हरित वाटिका फूल बंगला बना आकर्षण

भाद्र मास की अष्टमी पर हरे वस्त्र, श्वेत पुष्पमाला और त्रिशूल तिलक से सजा भगवान का मनोहारी स्वरूप

आगरा। छलेसर रोड स्थित श्री वरद वल्लभा महागणपति मंदिर में चल रहे 12 दिवसीय पंचम गणेश महोत्सव के अंतर्गत भाद्र मास की अष्टमी पर भगवान श्री वरद वल्लभा महागणपति का मनोहारी हरित श्रृंगार किया गया। भगवान को हरे रंग की आकर्षक पोशाक धारण कराई गई। श्वेत पुष्पों की माला, स्वर्णाभूषणों से सुसज्जित स्वरूप और मस्तिष्क पर त्रिशूल तिलक भगवान की दिव्य आभा को और निखार रहा था।
इस अवसर पर मंदिर में हरित वाटिका फूल बंगला सजाया गया। हरे परिवेश और श्वेत पुष्पों से सजे फूल बंगले में विराजमान महागणपति के दिव्य दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। भक्तों ने भगवान की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार के मंगल की कामना की।
मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित लखन दीक्षित और प्रबंधक नितिन शर्मा ने बताया कि गणेश महोत्सव के दौरान प्रतिदिन भगवान का वस्त्र श्रृंगार एवं फल सेवा होती है। विभिन्न भोग सेवाओं के साथ भोग आरती, दोपहर भोग और सायं भोग भी अर्पित किए जाते हैं।
महोत्सव में प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल महागणपति हवन, शाम 6 बजे सहस्रनाम अर्चना, 7 बजे महाआरती तथा रात्रि 9 बजे शयन आरती संपन्न हो रही है। वैदिक मंत्रोच्चार और आरती से मंदिर परिसर भक्तिमय बना हुआ है।
मंदिर के संस्थापक हरिमोहन गर्ग ने बताया कि पंचम गणेश महोत्सव में प्रत्येक दिवस भगवान का अलग-अलग स्वरूप में श्रृंगार किया जा रहा है। फूल बंगले भी उसी अनुरूप तैयार किए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को प्रतिदिन महागणपति के नवीन और मनोहारी स्वरूप के दर्शन हो रहे हैं।

कमल पुष्पों से सजा मां महालक्ष्मी का दरबार, स्वर्ण आभूषणों से हुआ अलौकिक श्रृंगार

राधा अष्टमी पर श्री महालक्ष्मी मंदिर बल्केश्वर में छप्पन भोग, महाभिषेक और महाआरती
बाबा न्यूज
आगरा। राधा अष्टमी के पावन अवसर पर बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में मां महालक्ष्मी का विशेष कमल पुष्प श्रृंगार किया गया। गुलाबी अलंकरण के बीच मां को स्वर्ण आभूषण धारण कराए गए। कमल पुष्पों से सजे दरबार में मां के मनोहारी स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
मंदिर में विधि-विधान के साथ महाभिषेक किया गया। इसके बाद मां को छप्पन भोग अर्पित कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।
मंदिर के पंडित रमाकांत पांडे ने बताया कि राधा अष्टमी पर मां महालक्ष्मी का सहस्त्र कमल पुष्पों से विशेष श्रृंगार किया गया। गुलाबी अलंकरण और स्वर्ण आभूषणों से सुसज्जित मां का स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। उन्होंने मां की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि श्रद्धा और भक्ति से की गई आराधना से भक्तों को सुख-समृद्धि और आध्यात्मिक शांति की अनुभूति होती है।
शाम को श्री देवी जी ट्रस्ट की ओर से भव्य महाआरती की गई। इसमें राम मोहन कपूर, सतीश गोपाल कपूर, अपिल कपूर और तुषार कपूर ने सहभागिता की। महाआरती के दौरान मंदिर परिसर मां के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।

 

जनकपुरी की महाआरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, एमएलसी विजय शिवहरे और मशहूर उद्योगपति पूरन डावर ने की शिरकत

बाबा न्यूज़ 

आगरा । 149वीं जनकपुरी महोत्सव 2026 को लेकर भावना एस्टेट स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित की जा रही दैनिक महाआरती में विशेष आध्यात्मिक एवं सामाजिक गरिमा देखने को मिली । महाआरती में उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री एवं उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल श्रीमती बेबी रानी मौर्य, विधान परिषद सदस्य श्री विजय शिवहरे तथा प्रमुख उद्योगपति एवं समाजसेवी श्री पूरन डावर ने सहभागिता कर विधिवत आरती की और भगवान के श्रीचरणों में नमन किया ।

महाआरती के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं एवं आयोजन समिति के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने जनकपुरी महोत्सव को भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक सहभागिता से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन बताया । उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं । उन्होंने जनकपुरी महोत्सव के सफल आयोजन के लिए आयोजनबसमिति को शुभकामनाएं दीं ।

विधान परिषद सदस्य श्री विजय शिवहरे ने कहा कि आगरा की जनकपुरी महोत्सव की परंपरा शहर की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा है । उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और माता सीता के आदर्शों से जुड़े इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का परिचायक है । उन्होंने आयोजन समिति द्वारा की जा रही तैयारियों की सराहना करते हुए महोत्सव की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं ।

प्रमुख उद्योगपति एवं समाजसेवी श्री पूरन डावर ने भी महाआरती में प्रमुख रूप से सहभागिता करते हुए जनकपुरी महोत्सव की तैयारियों और आयोजन समिति के प्रयासों की भरपूर सराहना की। उन्होंने कहा कि जनकपुरी महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन धर्म की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक सहभागिता का उत्सव है । उन्होंने महोत्सव की भव्यता एवं सुव्यवस्थित तैयारियों के लिए समिति को शुभकामनाएं प्रेषित कीं ।

इस अवसर पर जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री राजू यादव ने सभी अति विशिष्ट अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाआरती में विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का उत्साह बढ़ा है । उन्होंने कहा कि जनकपुरी महोत्सव को भव्य, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं की भावनाओं के अनुरूप आयोजित करने के लिए पूरी आयोजन समिति समर्पित भाव से कार्य कर रही है ।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष जनकपुरी क्षेत्र में जिस स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, उससे महोत्सव की भव्यता और आकर्षण में उल्लेखनीय वृद्धि होगी । जनक महल के निर्माण से लेकर विद्युत सजावट, मंच, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं तक प्रत्येक व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है । इसी कड़ी में हाल ही में क्षेत्र में लगभग 12 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भी शुभारंभ हुआ है, जिससे जनकपुरी क्षेत्र को महोत्सव से पहले विकास की बड़ी सौगात मिलने जा रही है ।

अध्यक्ष राजू यादव ने महाआरती में पधारे सभी विशिष्ट अतिथियों, आयोजन समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों तथा श्रद्धालुओं का हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि सभी के सहयोग एवं सहभागिता से जनकपुरी महोत्सव 2026 को ऐतिहासिक और स्मरणीय बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं ।

बिधूना में सपा का PDA कार्यक्रम आयोजित:2027 चुनाव की तैयारी पर चर्चा, संगठन को मजबूत करने पर जोर

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व सांसद विशंभर प्रसाद निषाद शुक्रवार को बिधूना पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी द्वारा आयोजित ‘पीडीए (PDA)’ जनसंवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस मौके पर पार्टी पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीतियों पर मंथन किया। इस जनसंवाद कार्यक्रम और सपा की चुनाव तैयारियों से जुड़ी प्रमुख बातें विस्तार से यहाँ पढ़ें: कार्यक्रम में पहुंचने पर समाजवादी महिला सभा की प्रदेश सचिव रंजना पाल ने राष्ट्रीय महासचिव विशंभर प्रसाद निषाद का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस महत्वपूर्ण जनसंवाद कार्यक्रम में सपा विधायक रेखा वर्मा, पार्टी के जिला अध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम और सपा नेत्री रंजना पाल सहित भारी संख्या में पार्टी के नेता एवं सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 2027 विधानसभा चुनाव पर है पार्टी का फोकस गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी की ओर से इन दिनों पूरे प्रदेश में पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) से जुड़े जनसंवाद और चौपाल कार्यक्रमों का लगातार आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी नेताओं का मुख्य जोर आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आम जनता के साथ सीधा जनसंपर्क बढ़ाने पर है।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने 18 हजार मानदेय की मांग की:लंबित PLI और मार्च के भुगतान के लिए DM को ज्ञापन सौंपा

बागपत में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें सबसे प्रमुख मांग उनका न्यूनतम मानदेय 18 हजार रुपये करने की थी। संगठन ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित यह ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में दिया। उन्होंने बताया कि सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1500 रुपये और सहायिकाओं के मानदेय में 750 रुपये की बढ़ोतरी की है। इसके अलावा, कार्यकर्ताओं को 2500 रुपये और सहायिकाओं को 1250 रुपये पीएलआई के तौर पर दिए जाने का प्रावधान है। हालांकि, संगठन का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में असंतोष है। उन्होंने मांग की कि कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को संविदा परिषद के मानकों के तहत रखते हुए न्यूनतम मानदेय 18 हजार रुपये किया जाए। ज्ञापन में पोषण ट्रैकर में जीपीएस व्यवस्था के कारण आ रही परेशानियों का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन ने मांग की कि पोषण ट्रैकर को पहले की तरह बिना जीपीएस के ही चलाया जाए। इसके साथ ही, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लंबित भुगतानों पर भी अधिकारियों का ध्यान दिलाया गया। संगठन ने बताया कि मार्च 2026 का मानदेय अभी तक नहीं मिला है। उन्होंने लंबे समय से रुके पीएलआई और सीबीई गतिविधि के लंबित मानदेय का भुगतान कराने की भी मांग की। संगठन ने जिला और परियोजना स्तर पर अधिकारियों के साथ बैठक कराने की मांग भी रखी, ताकि उनकी समस्याओं पर चर्चा हो सके। उन्होंने पदाधिकारियों के साथ बैठक की तारीख और समय की जानकारी देने को भी कहा। ज्ञापन सौंपने वालों में मंडल अध्यक्ष सुषमा शर्मा, उपाध्यक्ष रेनू और सचिव राकेश धामा समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

लखनऊ में बॉन्डेड डॉक्टरों का विरोध प्रदर्शन:समान वेतन के लिए शुरू किया भूख हड़ताल, प्रदर्शनकारी बोले- डिप्टी सीएम ने वादा पूरा नहीं किया

लखनऊ में शुक्रवार को हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर बॉन्डेड डॉक्टरों ने प्रदर्शन और भूख हड़ताल किया। वेतन में असमानता को लेकर डॉक्टरों ने नारेबाजी की।प्रदर्शन कर रहे है डाक्टरों ने बताया कि 2 सितम्बर को डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने बारिश में भीगते हुए मांगे पूरी करने का वादा किया था मगर अभी तक मांग पूरी नहीं हुई। 50-55 हजार मिल रहा वेतन डॉक्टरों का कहना है कि समान MBBS डिग्री, समान बॉन्ड और समान सेवा के बावजूद अलग-अलग वेतन दिया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों के CHC, PHC और अन्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सेवा देने वाले डॉक्टरों को करीब 50 से 55 हजार रुपए महीने मानदेय मिल रहा है। वहीं, सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों में बॉन्ड सेवा कर रहे डॉक्टरों को करीब 1.10 लाख रुपए महीने तक भुगतान किया जा रहा है। बॉन्ड सेवा के तहत डॉक्टरों को दो साल की अनिवार्य सरकारी सेवा करनी होती है या 10 लाख रुपए के बॉन्ड की शर्त पूरी करनी पड़ती है। डॉक्टरों ने समान वेतन लागू करने के साथ लंबित एरियर के भुगतान की भी मांग की। ‘डिप्टी सीएम ने वादा पूरा नहीं किया’ प्रदर्शन कर रहे डॉक्टर सिमरन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हम मेडिकल ऑफिसर के रूप में काम कर रहे हैं। बताया कि 2 सितंबर को जब हम इसी गांधी प्रतिमा पर प्रदर्शन कर रहे थे तब डिप्टी सीएम बृजेश पाठक आए थे मुलाकात किया था। उन्होंने कहा था कि आप हमारे बच्चे हैं मांग जरूर पूरी होगी 3 सितंबर दोपहर 2:00 बजे तक शासनादेश जारी होने का वादा किया था। डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का वादा 15 दिन बाद भी पूरा नहीं हुआ और हम लोग आज फिर प्रदर्शन करने पर मजबूर हैं। ब्रजेश पाठक से मांगा जवाब हम लोग कई दिनों से उनके आवास का चक्कर काट रहे हैं । आज भी जब उनसे मिलने गए तो उनके स्टाफ ने कहा कि वो है नहीं स्टाफ झूठ बोल रहा थापाठक जी अपने आवास पर मौजूद थे । बृजेश पाठक ने शासन आदेश का आश्वासन देकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करके पब्लिक सिटी बटोर लिया मगर हमें हमारा अधिकार नहीं दिया। हमसे वादा डिप्टी सीएम ने किया था तो हम उन्हीं से अकाउंटेबिलिटी मांगेंगे। हम लोगों ने भूख हड़ताल शुरू कर दिया है और जब तक मांग पूरी नहीं हो जाएगी यह लड़ाई जारी रहेगी।

शहर में 60Km/h. प्रतिघंटा होगी गाड़ियों की रफ्तार:झांसी में प्रभारी मंत्री बोले-मेरे रहते जिले के विकास को मिली रफ्तार, स्वास्थ्य सेवाओं में भी दिख रहा सुधार

झांसी के कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री और झांसी के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने जिले के आला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में उन्होंने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यटन, यातायात, सड़कों और निर्माण कार्यों को लेकर लिए गए निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में गुरुवार को औचक निरीक्षण के दौरान मिली कमियों की जांच रिपोर्ट शुक्रवार शाम तक आने की उम्मीद है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मेडिकल में बाहर से दवा मंगाने पर आज हो सकती है कार्रवाई प्रभारी मंत्री ने बताया कि गुरुवार को मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में निरीक्षण के दौरान पांच मरीज भर्ती मिले थे। उनके अनुसार, मरीजों के तीमारदारों से बाहर से लिखी गई दवाएं मंगवाई जा रही थीं। मंत्री ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लिया गया है।
उन्होंने बताया कि एडीएम और सीएमओ जांच कर अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेंगे। इसके बाद रिपोर्ट में यदि किसी तरह के सुधार की जरूरत सामने आती है तो उस पर काम किया जाएगा। वहीं, यदि किसी को दंडित करने की स्थिति बनती है तो कार्रवाई भी की जाएगी। जयवीर सिंह ने कहा कि पिछली समीक्षा की तुलना में इस बार जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार देखने को मिला है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि किन सेवाओं में कितना सुधार हुआ है। महंगी मशीनें बंद, ऑपरेटर के लिए शासन को पत्र
मेडिकल कॉलेज में महंगी मशीनें बंद होने और उन्हें संचालित करने के लिए ऑपरेटर नहीं होने का मुद्दा भी पत्रकार वार्ता में उठा। इस पर प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी को शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए। 500 बेड अस्पताल के लिए 47 करोड़ मांगेंगे महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज परिसर में बने 500 बेड के अस्पताल को शुरू करने के सवाल पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि अस्पताल का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन मशीनों और ऑपरेटरों के लिए 47 करोड़ रुपए का फंड अभी नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी से इस संबंध में पत्र तैयार करने को कहा गया है। प्रभारी मंत्री के मुताबिक वह शासन स्तर से 47 करोड़ रुपए स्वीकृत कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि फंड मिलने के बाद मशीनों के साथ ऑपरेटर भी उपलब्ध कराए जाएंगे और अस्पताल को जल्द जनता के लिए शुरू किया जाएगा। पर्यटन विकास के लिए 10 करोड़ स्वीकृत
प्रभारी मंत्री ने बताया कि समीक्षा बैठक में जिले के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ पर्यटन विकास पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक विकास के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 10 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से जिले में पर्यटन से जुड़े विकास कार्य कराए जाएंगे।
रात 10 बजे के बाद 60 किमी प्रति घंटे की स्पीड का प्रस्ताव यातायात व्यवस्था को लेकर प्रभारी मंत्री ने बताया कि समीक्षा बैठक में कई बिंदुओं पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि शहर में वाहनों की निर्धारित गति सीमा को 45 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़ाकर 60 किलोमीटर प्रति घंटे करने का निर्णय लिया गया है। उनके मुताबिक यह बढ़ी हुई गति सीमा रात 10 बजे के बाद लागू होगी। मंत्री ने यह भी कहा कि सड़क की सफेद पट्टी के बाहर खड़े वाहनों का चालान नहीं किया जाएगा। अक्टूबर से नॉन-जेडए जमीनों पर अभियान
अवैध निर्माण के सवाल पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश के बाद कई जगह अवैध निर्माण रोके गए हैं और कुछ मामलों में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी हुई है। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि कोर कमेटी की बैठक में तय किया गया है कि शहरी क्षेत्रों में नॉन-जेडए की ऐसी जमीनें, जिन पर अभी निर्माण नहीं हुआ है, उन्हें चिह्नित किया जाएगा। अक्टूबर से अभियान चलाकर ऐसी जमीनों को नगर निगम को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि न्यायालय में लंबित मामलों में भी प्रभावी पैरवी की जाएगी। बारिश के बाद शहर की सड़कों का होगा निरीक्षण
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि बारिश खत्म होने के बाद शहर की सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा। इसमें नगर निगम, झांसी विकास प्राधिकरण और पीडब्ल्यूडी की टीमें शामिल होंगी।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण के बाद सड़कों का निर्माण मानकों के अनुरूप कराने की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में खनन प्रभावित सड़कों के निर्माण के लिए मऊरानीपुर और गरौठा में करीब 7.5 करोड़ रुपए की लागत से काम कराने की बात भी उन्होंने बताई। हाइवे की मरम्मत के लिए अभी से कागजी कार्रवाई के निर्देश झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे की खराब स्थिति का मुद्दा भी पत्रकार वार्ता में उठा। इस पर प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी से कहा कि बारिश अब खत्म होने की ओर है। इसलिए अधिकारियों को निर्देश देकर कागजी प्रक्रिया पहले ही पूरी करा ली जाए, ताकि बारिश खत्म होते ही सड़क की मरम्मत और निर्माण का काम धरातल पर दिखाई दे। हर निर्माण की थर्ड पार्टी से होगी जांच जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर प्रभारी मंत्री ने कहा कि किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने के लिए थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन कराया जाएगा।
मंत्री के अनुसार, थर्ड पार्टी से गुणवत्ता जांच के बाद ही किसी भवन या अन्य निर्माण कार्य को संबंधित विभाग को हैंडओवर किया जाएगा।

कांग्रेस ने नई UPI भुगतान व्यवस्था का विरोध किया:मिर्जापुर में सांसद कार्यालय पर ज्ञापन सौंपा, राजन बोले- व्यापारियों पर बढ़ेगा बोझ

मिर्जापुर शहर कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार की नई यूपीआई (UPI) भुगतान व्यवस्था का विरोध किया है। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय सांसद के कार्यालय पर प्रदर्शन कर एक ज्ञापन सौंपा। नगर अध्यक्ष भगवान दत्त उर्फ राजन पाठक के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि यह व्यवस्था छोटे और गरीब व्यापारियों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने सरकार से इस फैसले पर फिर से विचार करने की मांग की। शहर कांग्रेस कमेटी ने ज्ञापन में बताया कि यूपीआई भुगतान आज छोटे दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी कारोबारियों और आम लोगों के लिए डिजिटल लेन-देन का एक जरूरी तरीका बन चुका है। ऐसे में भुगतान व्यवस्था में होने वाले बदलाव का सीधा असर छोटे व्यापारियों पर पड़ सकता है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जो छोटे कारोबारी पहले से ही आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, उन पर किसी भी तरह का और आर्थिक बोझ डालना ठीक नहीं होगा। नगर अध्यक्ष भगवान दत्त पाठक ने जोर देकर कहा कि सरकार को कोई भी नई भुगतान व्यवस्था लागू करने से पहले उसके आर्थिक असर को देखना चाहिए। खासकर छोटे दुकानदारों और गरीब व्यापारियों की क्षमता को ध्यान में रखते हुए ऐसी व्यवस्था बनानी चाहिए, जिससे डिजिटल भुगतान उनके लिए सुविधा बना रहे, न कि अतिरिक्त बोझ। कांग्रेस पदाधिकारियों ने सांसद से मांग की कि वे इस मुद्दे को केंद्र सरकार के सामने मजबूती से रखें। साथ ही छोटे और गरीब व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएं। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने इस व्यवस्था को वापस नहीं लिया और इसे जबरन लागू करने की कोशिश की, तो शहर कांग्रेस कमेटी लोगों के हित में आंदोलन करेगी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि व्यापारियों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस आगे भी आवाज उठाती रहेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान शहर अध्यक्ष भगवान दत्त पाठक, संतोष पांडेय, रमेश चंद्र प्रजापति, विवेक सिंह, नरेश चंद्र चौधरी, संतोष कुमार, राकेश दत्त त्रिपाठी, अशोक साहू, महेश श्रीवास्तव समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

बल्केश्वर क्षेत्र में किया स्वच्छता अभियान का शुभारंभ

 


एक माह तक वार्ड-91 की गली-गली और कोने-कोने में चलेगा सफाई अभियान: पार्षद मुरारी लाल गोयल पेंट वाले
बाबा न्यूज
आगरा। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है गुरुवार को सुबह बल्केश्वर क्षेत्र में साप्ताहिक स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया। क्षेत्रीय पार्षद समाजसेवी मुरारी लाल गोयल पेंट वालों के नेतृत्व में सहयोग से नगर निगम कर्मियों और क्षेत्रवासियों द्वारा शांति स्वीट्स से लेकर बल्केश्वर चौराहा तक हाथों में झाड़ू लेकर सफाई की गई और कूड़े-कचरे को इकट्ठा करके ठेला गाड़ी में डाला गया।
इस अवसर पर समाजसेवी पार्षद मुरारी लाल गोयल पेंट वालों ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा और स्वास्थ्य का मूल मंत्र है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक बल्केश्वर के वार्ड 91 क्षेत्र में नगर निगम के सहयोग से हर ब्लॉक, हर चौराहा, हर गली, हर मलिन बस्ती, श्रमिक बस्ती, हर कॉलोनी, हर स्कूल, अस्पताल व शराब के ठेकों सहित कोने-कोने में सफाई के अभियान चलाया जाएगा
अभियान शुभारंभ के मौके पर सेनेटरी इंस्पेक्टर रचना गुप्ता,डॉ महेश फौजदार,संतोष गुप्ता, विश्वनाथ भारद्वाज,मयंक खंडेलवाल,मीनाक्षी शर्मा, दीपक चौहान,उमेश आशीर्वाद,गुरदास लालवानी, संजय शर्मा,कमल किशोर बंसल आदि उपस्थित रहे।