Breaking News
भामसं के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश भगोर अध्यक्ष, सौरभ शर्मा जिला मंत्री बने

 

 

 

 

महानगर की कमान ललित दक्ष, मंत्री श्री राधा रंजन शर्मा को सौंपी गयी
बाबा न्यूज
आगरा। सेठ पदमचंद जैन खंदारी कैंपस में भारतीय मजदूर संघ आगरा का जिला कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न हुआ। सम्मेलन में भारतीय मजदूर संघ के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनुपम ने दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में संभाग संगठन मंत्री शंकर लाल, प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र राणा, प्रदेश मंत्री देवेंद्र वर्मा, विभाग प्रमुख चंद्रभान, मुकेश चाहर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नवीन जिला कार्यकारिणी का गठन करते हुए जिले की कमान फिर एक बार जिला अध्यक्ष के रुप में ओमप्रकाश भगोर को सौंपी गई है एवं जिला मंत्री सौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रभात गौतम, सह मंत्री चंद्रेश शर्मा प्रचार मंत्री सोमेश शर्मा को सर्वसम्मति से चुना गया। इसी प्रकार महानगर की कमान ललित दक्ष एवं मंत्री श्री राधा रंजन शर्मा को सौंपी गयी।
दूसरी बार जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश भगोर ने बताया कि श्रमिकों की समस्याओं को जोरदारी के साथ उठाया जाएगा। इस बार भी हर किसी को साथ लेकर काम किया जाएगा।

आम के घेवर का भोग और रक्षासूत्र बांधकर मनाया रक्षाबंधन उत्सव

 


प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज के मंदिर में पुरुषोत्तम मास के दौरान हुआ रक्षाबंधन उत्सव का आयोजन
बाबा न्यूज
आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर श्रीमाधुराधीश जी मंदिर में रक्षाबंधन उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। ठाकुर जी को आम व मलाई के घेवर का भोग लगाकर रक्षासूत्र बांधा गया। इसके उपरान्त सभी श्रद्धालुओं को भी रक्षासूत्र बांधकर चंदन का तिलक लगाया गया। मंदिर परिसर में प्रात:काल से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने ठाकुर श्री माधुराधीश जी के दर्शन कर विशेष पूजन-अर्चन किया तथा पुरुषोत्तम मास के महत्व को आत्मसात करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त की।
उत्सव के अंतर्गत मंदिर को रंग-बिरंगे पुष्पों, आकर्षक बंदनवारों एवं पारंपरिक सजावट से भव्य रूप प्रदान किया गया। ठाकुर जी का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसमें उन्हें सुंदर रेशमी वस्त्र, स्वणार्भूषण और मनोहारी राखियों से अलंकृत किया गया। भक्तों ने वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य भगवान को रक्षा सूत्र अर्पित कर विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। रक्षाबंधन उत्सव के अवसर पर विशेष कीर्तन का आयोजन भी किया गया। भक्तों ने राधे-राधे, श्याम नाम की महिमा व श्रीकृष्ण के भजनों से मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर दिखाई दिए। आरती के समय मंदिर परिसर जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयघोषों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में आए भक्तों ने ठाकुर जी के चरणों में रक्षा सूत्र अर्पित कर अपने परिवार की सुख-शांति और मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर मुख्य रूप से हितेश लवानिया, मंदिर के महन्त नन्दन श्रोत्रिय, ब्रज खंडेलवाल, जुगल श्रोत्रिय, दिनेश कुमार, हितेश कुमार, अभिजात लवानिया,रवि दीक्षित, धर्म पचौरी, सौरभ खंडेलवाल आदि उपस्थित थे।

पंजाबी विरासत परिवार की अनूठी पहल : मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर बढ़ाया उत्साह

 

बाबा न्यूज 

आगरा। पंजाबी विरासत परिवार, आगरा द्वारा रविवार को होटल पूनम प्लाजा में आयोजित सम्मान समारोह में हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं विशेष उपहार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में समाज के उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर अपने परिवार, समाज तथा शिक्षण संस्थानों का नाम रोशन किया है। विशेष रूप से आगरा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्योगपति श्री सतपाल सिंह बत्रा द्वारा अपने स्वर्गीय माता-पिता की पावन स्मृति में आकर्षक उपहार भेंट किए गए।
समारोह को संबोधित करते हुए पंजाबी विरासत परिवार के अध्यक्ष पूरन डावर ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो समाज और राष्ट्र के विकास का मार्ग प्रशस्त करती है। मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान कर उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देना हम सभी का दायित्व है। कार्यकारी अध्यक्ष अनिल वर्मा ने कहा कि समाज की नई पीढ़ी की उपलब्धियां पूरे समाज के लिए गर्व का विषय हैं। महामंत्री बंटी ग्रोवर ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया और कहा पंजाबी विरासत समाज के बच्चों के भविष्य के लिए सदा प्रयत्नशील है ।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों एवं समाज के वरिष्ठजनों ने पंजाबी विरासत परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए इसे प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों के चेहरों पर सम्मान प्राप्त करने की खुशी साफ दिखाई दी और पूरे वातावरण में उत्साह एवं गौरव का भाव बना रहा।
सतीश अरोरा एवं प्रभात कृष्ण अरोरा चैरिटेबल सोसाइटी के सहयोग से आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना एवं समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में 55 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ गिरधर शर्मा महासचिव अपसा,संत बाबा प्रीतम सिंह ज़ी उपस्थित रहे रानी सिंह,चरणजीत थापर, राजेन्द्र शर्मा, ओम सेठ, शीला बहल,वंदना कक्कड़, सन्नू बत्रा, सौभाग्य अरोरा, मोनिका सचदेवा, परमजीत सरना, समृद्धी अरोरा, अंजना आसिजा रवि नारंग,गगन छाबड़ा, विकास मेहरा, हिमांशु सचदेवा, राज कुमार घई, सुनील बग़गा,राजेंद्र कत्याल आदि उपस्थित रहे।

न्यू इनकम टैक्स एक्ट-2025 लाएगा कर व्यवस्था में बड़ा बदलाव

 

 

सेमिनार में न्यू इनकम टैक्स एक्ट-2025 पर मंथन, विशेषज्ञों ने बताए कर अनुपालन और पेनल्टी-प्रॉसिक्यूशन के नए प्रावधान
बाबा न्यूज
आगरा। द इंस्टिट्यूट आॅफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स आॅफ इंडिया की आगरा शाखा की ओर से न्यू इनकम टैक्स एक्ट, 2025 पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन संजय प्लेस स्थित होटल हॉलिडे इन में किया गया। शुभारम्भ इंदौर से आये वक्ता सीए अशीष गोयल, कानपुर से आये वक्ता सीए राजीव मेहरोत्रा, शाखा के अध्यक्ष सीए सौरभ नारायण सक्सेना, उपाध्यक्ष सीए आयुष गोयल, सचिव सीए सचिन बुबना और कोषाध्यक्ष एवं सिकासा अध्यक्ष सीए अंकित मित्तल ने दीप प्रवज्जलित कर किया।

प्रथम सत्र के वक्ता सीए अशीष गोयल ने बताया कि न्यू इनकम टैक्स एक्ट भारतीय कर व्यवस्था में एक महत्वपूर्ण परिवर्तन लेकर आया है। इसका उद्देश्य कर कानूनों को सरल, स्पष्ट और समयानुकूल बनाना है, जिससे करदाताओं के लिए अनुपालन आसान हो सके तथा कर प्रशासन अधिक प्रभावी बन सके। वर्तमान समय में आयकर विभाग तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली के माध्यम से वित्तीय लेन-देन पर पैनी नजर रख रहा है। ऐसे में आय, निवेश और संपत्तियों का सही खुलासा करना प्रत्येक करदाता की जिम्मेदारी है। न्यू इनकम टैक्स एक्ट, 2025 में पूंजीगत लाभ पूंजीगत लाभ वह आय है, जो किसी पूंजीगत संपत्ति जैसे भूमि, भवन, शेयर, प्रतिभूतियां, म्यूचुअल फंड या अन्य निवेश के हस्तांतरण से प्राप्त होती है।

द्वितीय सत्र के वक्ता सीए राजीव मेहरोत्रा ने बताया कि पेनल्टी और प्रॉसिक्यूशन आयकर कानून के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। पेनल्टी का उद्देश्य आर्थिक दंड के माध्यम से अनुपालन सुनिश्चित करना है, जबकि प्रॉसिक्यूशन गंभीर कर अपराधों के विरुद्ध निवारक उपाय है। इनकम टैक्स एक्ट, 2025 का प्रयास है कि कानून को सरल बनाया जाए, छोटे मामलों में कठोरता कम की जाए तथा गंभीर कर चोरी के मामलों में प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए, इसलिए प्रत्येक करदाता को सही रिकॉर्ड रखना, समय पर रिटर्न दाखिल करना तथा पारदर्शी कर अनुपालन अपनाना चाहिए। कर अनुपालन केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में हमारी सहभागिता भी है।

सीए सौरभ नारायण सक्सेना व सचिव सीए सचिन बुबना ने बताया कि न्यू इनकम टैक्स एक्ट, 2025 भारतीय कर व्यवस्था में व्यापक एवं दूरगामी परिवर्तन लेकर आया है। चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं कर सलाहकारों के लिए इन नए प्रावधानों की गहन समझ आवश्यक है ताकि वे करदाताओं एवं ग्राहकों को सटीक, अद्यतन एवं प्रभावी परामर्श प्रदान कर सकें। सेमिनार में बड़ी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, कर सलाहकारों एवं कर-व्यवसायियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का विशेषज्ञ वक्ताओं ने विस्तार से समाधान किया। संचालन सीए अविरल अग्रवाल एवं सीए दिनेश मंगलानी ने किया। इस अवसर सीए पंकज मिश्रा, सीए अजय जैन, सीए पूजा असवानी, सीए आशुतोष शर्मा, सीए आशीष जैन, सीए मनोज खुराना, सीए अंजलि अग्रवाल, सीए अंकिता गुप्ता आदि मौजूद रहे।

राजेश गर्ग बने अध्यक्ष, श्रीभगवान बने सचिव

भारत विकास परिषद निकुंज शाखा के 12वें अधिष्ठापन समारोह का किया आयोजन
बाबा न्यूज
आगरा। भारत विकास परिषद (भाविप) निकुंज शाखा का 12वां अधिष्ठापन समारोह ताज रोड स्थित होटल क्लार्क शिराज में आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खण्डेलवाल, संस्थापक अध्यक्ष प्रमोद कुमार अग्रवाल, प्रांतीय संरक्षक विनय सिंघल, मार्गदर्शक सुभाष वर्मा, विशिष्ट अतिथि तरुण शर्मा, बसंत गुप्ता और राहुल गर्ग ने दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह में भाविप निकुंज शाखा के नवीन सत्र 2026-27 के अध्यक्ष राजेश कुमार गर्ग, सचिव श्रीभगवान सिंघल, कोषाध्यक्ष सीए प्रवीन कुमार गर्ग को प्रांतीय महासचिव सीए विवेक अग्रवाल ने पद की शपथ दिलाई। पंकज बंसल को संयोजक संपर्क, कन्हैया अग्रवाल को संयोजक सेवा, संजय अग्रवाल को संयोजक संस्कार और आशीष गर्ग को संयोजक पर्यावरण, सपना गर्ग को संयोजक महिला सहभागिता की शपथ ने दिलाई। नए सदस्यों को दीक्षा अधिकारी प्रांतीय वित्त सचिव अमित गुप्ता ने शपथ दिलाई।

समारोह में परिषद् के प्रवीन मित्तल के उद्देश्यों की जानकारी दी। संचालन अंजू सिंघल व पूनम सिंघल ने किया। धन्यवाद शुभम सिंघल ने दिया। शाखा के सदस्यों का स्वागत अमित गर्ग ने किया। पिछले वर्ष का लेखा-जोखा सीए प्रवीन कुमार गर्ग ने दिया। इस अवसर पर टीटू अग्रवाल, रितेश गर्ग, दिनेश भाटिया, सचिन अग्रवाल, प्रतिक गर्ग, सीए अभिषेक अग्रवाल, गोपाल गुप्ता, पारस अग्रवाल, सीए गौरांग माहेश्वरी, लवेश मंगल, भव्य गर्ग,सविता, मान्या, स्नेहिल, निकिता, पूजा, गार्गी, नीतू, अंकिता, कल्पना, खुशबु, कृपा, रति आदि मौजूद रहे।

 

नितिन गोयल बने अध्यक्ष, समीर जैन बने सचिव

भारत विकास परिषद समर्पण शाखा के 32वें अधिष्ठापन समारोह का हुआ आयोजन
बाबा न्यूज
आगरा। भारत विकास परिषद (भाविप) समर्पण शाखा का 32वां अधिष्ठापन समारोह फतेहाबाद रोड स्थित डबल ट्री बाय हिल्टन में आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्र बजाजा कमेठी के अध्यक्ष अनिल कुमार जिंदल, महामंत्री राजीव अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि महासचिव सीए विवेक अग्रवाल और ब्रज प्रान्त गतिविधि संयोजक एडवोकेट अखिलेश भटनागर ने दीप प्रज्वलित कर किया।

समारोह में भाविप समर्पण शाखा के नवीन सत्र 2026-27 के अध्यक्ष नितिन गोयल, सचिव समीर जैन, कोषाध्यक्ष उमंग गोयल को प्रांतीय उपाध्यक्ष रवि शिवहरे ने पद की शपथ दिलाई। रिंकेश मित्तल को संयोजक संपर्क, उत्सव मित्तल को संयोजक सेवा, मोनिका दौनेरिया को संयोजक संस्कार और अनुभव अग्रवाल को संयोजक पर्यावरण, पूजा बंसल को संयोजक महिला सहभागिता की शपथ दिलाई।

कार्यकारणी सदस्यों को अधिष्ठापन अधिकारी राष्ट्रीय गतिविधि संयोजक राहुल गर्ग ने और नए सदस्यों को दीक्षा अधिकारी प्रांतीय वित्त सचिव अमित गुप्ता ने शपथ दिलाई। समारोह में मार्गदर्शक सीए अमिता गर्ग ने परिषद् के उद्देश्यों की जानकारी दी। संचालन दीपक मनचंदा, संगम सिंघल व मोनिका अस्थाना ने किया। धन्यवाद विशाल सक्सेना ने दिया। शाखा के सदस्यों का स्वागत अनुपम बंसल ने किया। पिछले वर्ष का लेखा-जोखा पूर्व अध्यक्ष विजित गुप्ता ने दिया और गत वर्ष के कार्यक्रमों का विवरण पूर्व सचिव नवनीत गर्ग ने दिया। इस अवसर पर प्रदीप सिंघल, सीए उमेश गर्ग, संजीव दौनेरिया, देवेंन्द्र मंडलास, संजीव मित्तल, निधि गोयल, पूजा गोयल, लवली जैन, पायल अग्रवाल, आयुषी भटनागर, सौरभ गोयल आदि मौजूद रहे।

पेड़-पौधे प्रकृति की अमूल्य धरोहर : नवीन जैन

विश्व पर्यावरण दिवस पर राज्यसभा सांसद ने किया पौधारोपण
बाबा न्यूज
आगरा। पर्यावरण दिवस के अवसर पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत शास्त्रीपुरम स्थित अपने आवास पर पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
पौधारोपण के उपरांत राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज केवल एक विषय नहीं, बल्कि पूरी मानवता के अस्तित्व से जुड़ा हुआ मुद्दा बन चुका है। बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग, जल संकट और लगातार बदल रहे मौसम चक्र ने पूरी दुनिया को चिंतित किया है। ऐसी परिस्थितियों में वृक्षारोपण सबसे प्रभावी और सरल उपायों में से एक है, जिसके माध्यम से पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं। वृक्ष हमें शुद्ध वायु, छाया, फल, औषधियां तथा जीवनदायिनी आॅक्सीजन प्रदान करते हैं। इसके साथ ही वे भूजल संरक्षण, जैव विविधता को बढ़ावा देने और प्राकृतिक आपदाओं के प्रभाव को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यदि हमें अपनी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण देना है तो आज से ही पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस प्रयास करने होंगे।

नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया “एक पेड़ माँ के नाम अभियान केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान प्रकट करने का एक भावनात्मक और प्रेरणादायी प्रयास है। यह अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण का भी संकल्प ले। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक नियमित रूप से देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है।
राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही धरती को हरा-भरा, स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

 

जानवरों के शोषण में शामिल समुदायों के लिए वैकल्पिक आजीविका सृजित हो : सत्यवीर सिंह  

 

वन्यजीव अपराध और ज़ब्ती पर वाइल्डलाइफ एसओएस में कार्यशाला का आयोजन 

बाबा न्यूज 

आगरा। वाइल्डलाइफ एसओएस ने न्यायपालिका, उत्तर प्रदेश वन विभाग, पुलिस विभाग और जिला प्रशासन के सहयोग से मथुरा स्थित हिंदुस्तान कॉलेज ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में वन्यजीव अपराध और वन्यजीव अपराध से प्राप्त आय की जब्ती पर तीसरी कार्यशाला का आयोजन किया।

वन विभाग, न्यायपालिका, पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों के ज्ञान, जांच क्षमताओं और अंतर-एजेंसी समन्वय को बढ़ाने के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जो वन्यजीव अपराध से निपटने में लगे हुए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य वन्यजीव तस्करी नेटवर्क को खत्म करने और अभियोजन परिणामों में सुधार करने के लिए कानूनी और प्रवर्तन तंत्र को मजबूत करना था।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति सत्यवीर सिंह द्वारा आगरा और मथुरा मंडलों के जिला एवं सत्र न्यायाधीशों, आगरा जोन के जिला वन अधिकारी और मथुरा जोन के जिला वन अधिकारी की उपस्थिति में कार्यशाला का औपचारिक उद्घाटन किया गया।

इस कार्यशाला में वाइल्डलाइफ एसओएस के सह-संस्थापक और सीईओ कार्तिक सत्यनारायण द्वारा भारत भर में वाइल्डलाइफ एसओएस के क्षेत्रीय अभियानों से संबंधित प्रमुख केस स्टडी पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए गए। इनमें प्रवर्तन निदेशालय के संयुक्त निदेशक दीपक चौहान, इलाहाबाद उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता सुशील कुमार शुक्ला, चंडीगढ़ स्थित पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता और राष्ट्रीय जांच एजेंसी के विशेष अभियोजक करमबीर सिंह नलवा, ज्योति सागर एंड एसोसिएट के पार्टनर कुमार किसलय, नई दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय के विशेष अभियोजक विनय कुमार ओझा और कानूनी पत्रकार तरुण नांगिया भी शामिल थे। कार्यशाला में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के  न्यायाधीश सत्यवीर सिंह  वन्यजीव संरक्षण के लिए तीन दशकों की समर्पित सेवा के लिए वाइल्डलाइफ एसओएस की सराहना की और इस बात पर जोर दिया कि पुनर्वास, जागरूकता और मार्गदर्शन अक्सर दंड की तुलना में अधिक सार्थक और स्थायी परिवर्तन लाते हैं। जानवरों के शोषण में शामिल समुदायों के लिए वैकल्पिक आजीविका सृजित करते हुए उनको बचाने के संस्था के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए, उन्होंने अधिकारों और कर्तव्यों के बीच गहरे संबंध और सभी जीवित प्राणियों की रक्षा के दायित्व पर प्रकाश डाला। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत को उद्धृत करते हुए, उन्होंने कहा कि “किसी राष्ट्र का न्याय उसके गरीबी में रहने वाले नागरिकों द्वारा महसूस की जाने वाली सुरक्षा की भावना में निहित है।” हाथी संरक्षण एवं देखभाल केंद्र में एक नेत्रहीन हथनी की दयनीय स्थिति को याद करते हुए, उन्होंने जानवरों के प्रति सहानुभूति और करुणा की आवश्यकता पर बल दिया। डॉ. बी. आर. अंबेडकर और डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम के आदर्शों का आह्वान करते हुए, उन्होंने जाति और सामाजिक विभाजनों से मुक्त समाज का आह्वान किया और पूर्व मुख्य न्यायाधीश बी. आर. गवई के इस कथन का हवाला दिया कि अधिकार तभी सार्थक होते हैं जब लोग उनके प्रति जागरूक हों। उन्होंने वाइल्डलाइफ एसओएस को करुणा, पुनर्वास, जागरूकता निर्माण और सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के एक आदर्श के रूप में मान्यता देते हुए अपना संबोधन समाप्त किया।

वाइल्डलाइफ एसओएस के सह-संस्थापक और सीईओ, कार्तिक सत्यनारायण ने कहा, “न्यायपालिका, प्रवर्तन एजेंसियों और संरक्षण एक्सपर्ट्स को एक साथ लाकर, इस कार्यशाला का उद्देश्य भारत की समृद्ध जैव विविधता की रक्षा करते हुए वन्यजीव अपराधों की जांच, अभियोजन और रोकथाम के लिए आवश्यक सामूहिक क्षमता को मजबूत करना है।”

वाइल्डलाइफ एसओएस की सह-संस्थापक और सचिव, गीता शेषमणि ने कहा*, “संरक्षण तभी सफल होता है जब संस्थाएं मिलकर काम करती हैं। इस कार्यशाला जैसी क्षमता निर्माण पहल वन्यजीव कानूनों, जांच प्रक्रियाओं और अभियोजन रणनीतियों की बेहतर समझ विकसित करने में मदद करती हैं, जिससे अंततः वन्यजीवों की अधिक प्रभावी सुरक्षा में योगदान मिलता है।”

भारत के सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता श्री सत्य नारायण वशिष्ठ ने समापन भाषण दिया और वाइल्डलाइफ एसओएस के डायरेक्टर कंज़रवेशन प्रोजेक्ट्स श्री बैजू राज एम.वी. ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।

शिक्षक, छात्र-छात्राएं प्रकृति संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं: प्रो.सीके गौतम 

 

विश्व पर्यावरण दिवस पर आगरा कॉलेज में विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया 

बाबा न्यूज 

आगरा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आगरा कॉलेज, आगरा में संस्थान नवाचार परिषद (IIC) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से विविध जागरूकता कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में एक विशेष “सिग्नेचर वॉल” स्थापित की गई, जिस पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम, उप-प्राचार्य प्रो. पी. बी. झा, शिक्षकगण, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने हस्ताक्षर कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। यह सिग्नेचर वॉल प्रकृति संरक्षण के प्रति सामूहिक जागरूकता एवं उत्तरदायित्व का सशक्त प्रतीक बनी।

कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र-छात्राओं द्वारा सीड बॉल (Seed Ball) निर्माण गतिविधि का आयोजन किया गया। इस अभिनव गतिविधि के माध्यम से हरित क्षेत्र में वृद्धि, जैव विविधता संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन का संदेश दिया गया। इसके अतिरिक्त महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा स्वच्छता अभियान चलाकर परिसर की व्यापक सफाई की गई। इन गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण का संदेश समाज तक पहुंचाया गया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम एवं उप-प्राचार्य प्रो. पी. बी. झा ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता एवं महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों से प्रकृति संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान नवाचार परिषद (IIC) के संकाय एवं छात्र सदस्यों के साथ-साथ राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) समिति के कार्यक्रम अधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारीगण एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सामाजिक एवं नैतिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना तथा समाज को स्वच्छ, हरित एवं सतत् विकास की दिशा में प्रेरित करना था।

 

विश्वविद्यालय में नहीं हो रही कर्मचारियों की मांगो पर कोई सुनवाई :अखिलेश चौधरी

 

विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ का धरना शुरू, लंबित मांगों को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी

बाबा न्यूज 

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर  धरना शुरू कर दिया है। कर्मचारी संघ का कहना है कि लंबे समय से कर्मचारियों की महत्वपूर्ण मांगों का समाधान नहीं किया गया, जिसके चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए विवश होना पड़ा।

कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अखिलेश चौधरी ने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों को लेकर कई बार विश्वविद्यालय प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक स्तर पर कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब किया जा रहा है।

अध्यक्ष अखिलेश चौधरी ने बताया कि धरने पर बैठे कर्मचारियों की प्रमुख मांगे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की प्रोन्नति प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करना, पात्र तृतीय श्रेणी कर्मचारियों को एसीपी का लाभ प्रदान करना, प्रोन्नत कर्मचारियों को एक वेतन वृद्धि देना, अवशेष संविदा कर्मचारियों को स्थायी करना, कर्मचारियों के हित में अधिक ब्याज दर उपलब्ध कराने वाले बैंक की स्थापना तथा शासनादेश के अनुरूप प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के पदनाम प्रदान करना शामिल है।

कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अखिलेश चौधरी ने चेतावनी दी है कि मांगों के समाधान तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से वार्ता कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।

धरने में बैठने वालों में अध्यक्ष अखिलेश चौधरी, उपाध्यक्ष निखिल शर्मा, से मंत्री कुलदीप यादव, डॉ संतोष यादव, राजेश भटनागर, रीनेश शर्मा, वेद प्रकाश शर्मा, संजय चौहान सौरभ शर्मा आदि लोग थे।