Breaking News
करवा चौथ पर शाम तक सजी रहीं दुकानें:सफेद गजरे की सबसे ज्यादा डिमांड; दुकानदार बोलें- बारिश से बिक्री प्रभावित

वाराणसी में करवा चौथ पर गुरुवार को शाम तक करवा, छलनी, पूजा की थाली और फूलों की दुकानें सजी रहीं। सफेद गजरे और सजी हुई थालियों की डिमांड ज्यादा देखने को मिल रही है। दुकानों पर मीडिल क्लास के बजट में 75 रूपये से लेकर 200 तक की थालियां बिक रही है। वहीं फूलों का दाम भी बड़ा हुआ है। 10 रूपये का गेंदे का गजला 25 रूपय तक बिक रहा है। हालांकि फूल हो या करवा दुकानों पर बारिश की असर भी पड़ा है। दुकानदारों का कहना है कि बारिश के कारण बोहनी करना भी मुश्किल हो रहा है। एक दो लोग आ रहे है। 75 से 200 रुपए तक की मिल रही पूजा की थाली
करवा चौथ पर पूजा के लिए बाजार में अलग-अलग तरह की थालियां उपलब्ध रहीं। सादी थाली 75 रुपए से शुरू होकर सजी हुई थाली 200 रुपए तक में बिकी। वहीं, रंगीन करवा 50 रुपए और सादा करवा करीब 40 रुपए में मिला। दुकानदारों के मुताबिक, त्योहार के बावजूद बारिश के कारण ग्राहक कम पहुंचे, जिससे बिक्री उम्मीद से कम रही। फूलों के दाम बढ़े, सफेद गजरे की सबसे ज्यादा मांग
करवा चौथ पर पूजा और शृंगार के लिए फूल खरीदने भी महिलाएं बाजार पहुंचीं। इस बार फूलों के दाम बढ़े हुए रहे। जो माला पहले 10 रुपए में मिलती थी, उसकी कीमत बढ़कर 20 रुपए हो गई। फूल विक्रेताओं के मुताबिक, सफेद गजरे की सबसे ज्यादा मांग रही। इसके अलावा करवा चौथ पर विशेष रूप से चढ़ाए जाने वाला कुश 20 रुपए में बिक रहा। चंदौली से फूल बेचने आईं महिलाएं, बारिश से कम हुई कमाई
फूल बेचने के लिए दूर-दूर से महिलाएं वाराणसी की फूल मंडी पहुंचीं। चंदौली से आई एक महिला ने बताया कि उन्हें त्योहार पर अच्छी कमाई की उम्मीद थी, लेकिन बारिश के कारण बिक्री प्रभावित हुई। उन्होंने कहा हम चंदौली से आए हैं। जितनी कमाई की उम्मीद थी, उतनी नहीं हो रही है। बारिश के कारण असर पड़ा है। दुकानदारों को ग्राहकों का इंतजार करवा चौथ के दिन दुकानदारों ने सुबह से ही पूजा सामग्री और फूलों की दुकानें सजा ली थीं। हालांकि, बारिश के कारण बाजार में ग्राहकों की आवाजाही कम रही। दुकानदारों का कहना है कि त्योहार के बावजूद बिक्री उम्मीद के मुताबिक नहीं हुई। शाम तक दुकानें सजी रहीं और दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते रहे।

कासगंज में 30 किलो अवैध आतिशबाजी के साथ एक गिरफ्तार:नदरई तिराहे के पास तीन बोरों में मिला आतिशबाजी बनाने का सामान

दीपावली से पहले कासगंज पुलिस अवैध आतिशबाजी के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी दौरान गुरुवार को कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से करीब 30 किलो अवैध आतिशबाजी और इसे बनाने का सामान मिला। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई कोतवाली कासगंज इलाके में नदरई तिराहे के पास की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पप्पू पुत्र रामचन्द्र, निवासी ग्राम नदरई, थाना और जिला कासगंज के रूप में हुई है। आतिशबाजी और इसे बनाने का सामान तीन बोरों में रखा था।
कोतवाली कासगंज में भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 और विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 5/9 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। कोतवाली कासगंज के प्रभारी जगदीश चंद्र राजपूत के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ 2025 में भी अवैध आतिशबाजी से जुड़ा केस दर्ज हुआ था। पुलिस ने बताया कि दीपावली तक इलाके में अवैध आतिशबाजी बनाने और रखने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

गोंडा भाजपा किसान मोर्चा की नई जिला कार्यसमिति घोषित:51 पदाधिकारियों को जिम्मेदारी, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण के करीबी भी शामिल

गोंडा में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष देवेंद्र दीक्षित ने गुरुवार शाम 5:30 बजे जिला कार्यसमिति की घोषणा की। किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौधरी, अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अरुण सिंह उर्फ गप्पू और भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी की संस्तुति के बाद नई कार्यसमिति घोषित की गई। इसमें 51 पदाधिकारियों और सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई है। जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को संगठन में शामिल किया गया है। नई कार्यसमिति में आठ जिला उपाध्यक्ष, तीन महामंत्री और आठ जिला मंत्री बनाए गए हैं। इसके अलावा मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी, कार्यालय और शोध विभागों में भी पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। गौरव सिंह समेत 8 बने जिला उपाध्यक्ष कैसरगंज के पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी माने जाने वाले गौरव सिंह उर्फ मोनू को जिला उपाध्यक्ष बनाया गया है। उनके साथ सुरेंद्र सिंह, बिंदेश्वरी वर्मा, श्याम किशोर मिश्रा, राकेश सिंह चौहान, तपसी राम गौतम, आनंद प्रकाश ओझा और नरेंद्र कुमार उर्फ थानेदार मिश्रा को भी जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला महामंत्री पद पर रामकुमार मौर्य, रवि दुबे और वैभव सिंह को नियुक्त किया गया है। जिला मंत्री के रूप में राकेश, भूपेश मिश्रा, सूर्य प्रकाश सिंह, बृजेश तिवारी, सुरेंद्र सिंह, विकास सिंह, संतोष दुबे और गिरजेश त्रिपाठी को जिम्मेदारी दी गई है। विभिन्न विभागों में भी नियुक्तियां आत्माराम वर्मा को जिला कोषाध्यक्ष और विजयपाल शुक्ला को जिला सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है। कैलाश नाथ शुक्ला और अवधेश पांडेय को भी कोष संबंधी जिम्मेदारी दी गई है। जिला मीडिया संयोजक करुणा शंकर ओझा और सह मीडिया संयोजक के रूप में संतोष वाल्मीकि व रविंद्र कुमार सिंह को जिम्मेदारी मिली है। नीरज तिवारी को जिला सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है, जबकि दुर्गेश गुप्ता और शिवकुमार मौर्य को सह संयोजक नियुक्त किया गया है। हिमांशु सिंह को जिला कार्यालय मंत्री तथा अजय शुक्ला और मयंकर यादव को जिला कार्यालय सह मंत्री बनाया गया है। अमरेश तिवारी को जिला आईटी संयोजक नियुक्त किया गया है। शिवम तिवारी, देव प्रकाश, अंशुमन, जितेंद्र कुमार मिश्रा और कौशलेंद्र मिश्र को आईटी विभाग में सह संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। शोध प्रमुख और कार्यसमिति सदस्य भी घोषित अनूप कुमार मिश्रा को जिला शोध प्रमुख बनाया गया है। राजेश्वर तिवारी और अर्जुन निषाद को जिला सह शोध प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यसमिति सदस्य के रूप में सुशील मिश्रा, रोहित सिंह, राघवेंद्र तिवारी, मनोज कुमार पांडेय, अग्रसेन वर्मा, अनिल सिंह, उषा, संतोष सिंह और सुशील कुमार श्रीवास्तव को शामिल किया गया है। संगठन मजबूत करने पर जोर भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष देवेंद्र दीक्षित ने नवनियुक्त पदाधिकारियों और कार्यसमिति सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई टीम जिले में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करेगी और किसानों से जुड़ी सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेगी।

PET परीक्षा के चलते नोएडा के 32 स्कूल बंद:डीआईओएस ने जारी किया आदेश, 30 अक्टूबर को दो पालियों में होगी परीक्षा

उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 के चलते गौतमबुद्धनगर के 32 स्कूलों में 30 अक्टूबर को अवकाश रहेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने गुरुवार, 29 अक्टूबर को इस संबंध में आदेश जारी किया है। इन स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। आदेश के तहत संबंधित विद्यालयों में तत्काल प्रभाव से अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि, जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी नहीं रहेगी। PET परीक्षा के चलते लिया गया निर्णय जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 30 अक्टूबर को गौतमबुद्धनगर के चिह्नित 32 परीक्षा केंद्रों पर PET की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए इन केंद्रों से जुड़े विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्यों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को भी भेजी गई है। स्कूलों के नाम की सूची
भाव देवरस सरस्वती विद्या मंदिर,भारतीय आदर्श इंटर कॉलेज, भवानी शंकर इंटर कॉलेज नोएडा, बिहारी लाल इंटर कॉलेज दनकौर, ब्लूम इंटरनेशनल स्कूल, चौधरी केशराम इंटर कॉलेज, गगन पब्लिक स्कूल, गौतम बुद्ध बालक इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज होशियारपुर नोएडा, राजकीय इंटर कॉलेज सेक्टर-12 नोएडा, ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल ग्रेटर नोएडा, जनता इंटर कॉलेज रोजा याकूबपुर, जेपी पब्लिक स्कूल ग्रेटर नोएडा, कुवारी मायावती राजकीय बालिका स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुवारी मायावती राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बादलपुर, महामाया बालिका इंटर कॉलेज नोएडा, मॉडर्न स्कूल नोएडा, नवजीवन इंटर कॉलेज, नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज, राव कासल पब्लिक स्कूल, आरएसएस इंटरनेशनल स्कूल,सावित्री बाई फुले बालिका इंटर कॉलेज, श्री अग्रसेन आदर्श इंटर कॉलेज दादरी, श्री गांधी इंटर कॉलेज गोढ़ी बछेड़ा सनराइजविल स्कूल, वैदिक कन्या इंटर कॉलेज, मिहिर भोज पीजी कॉलेज, अमीचंद इंटर कॉलेज,राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नोएडा, पंडित सालग्राम इंटर कॉलेज, नोएडा एजुकेशनल एकेडमी और जागरण पब्लिक स्कूल नोएडा शामिल है। सभी स्कूलों में छुट्टी नहीं डीआईओएस के आदेश में परीक्षा केंद्र बनाए गए विद्यालयों में ही अवकाश की बात कही गई है। इसे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में छुट्टी का आदेश नहीं माना जाना चाहिए। अभिभावकों और विद्यार्थियों को अपने विद्यालय से अवकाश की पुष्टि करने की सलाह दी जाती है।

देवरिया में 5 नवंबर को युवा उत्सव:नशामुक्त भारत थीम पर होंगी प्रतियोगिताएं, युवाओं की सहभागिता पर जोर

देवरिया में युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से 5 नवंबर 2026 को संत विनोबा पीजी कॉलेज के सभागार में जनपद स्तरीय युवा उत्सव आयोजित किया जाएगा। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 के तहत होने वाले उत्सव की थीम ‘नशामुक्त विकसित भारत’ रखी गई है। तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन को व्यवस्थित बनाने, अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने और प्रतियोगिताओं के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। उत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग और कविता लेखन प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें जनपद के निवासी या यहां अध्ययनरत 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। समूह विधाओं में अधिकतम 10 प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे। प्रतिभागियों के लिए माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है।

सेंट जॉन्स कॉलेज ने फुटबॉल में दोनों वर्गों में मारी बाजी

बाबा न्यूज
आगरा। सेंट जॉन्स कॉलेज, आगरा में डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के तत्वावधान में अंतर-महाविद्यालयीय फुटबॉल प्रतियोगिता (पुरुष एवं महिला वर्ग) का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सेंट जॉन्स कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों में विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। पुरुष वर्ग में सेंट जॉन्स कॉलेज ने छलेसर कैंपस को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। इस मुकाबले में सेंट जॉन्स कॉलेज के खिलाड़ी हम्माद ने एक गोल किया।
महिला वर्ग में सेंट जॉन्स कॉलेज की टीम ने बैकुंठी देवी महिला महाविद्यालय को हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस मुकाबले में कॉलेज की खिलाड़ी दीक्षा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल किए, जबकि प्रियंका कुंतल ने भी तीन गोल दागकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। दोनों वर्गों में कॉलेज की जीत से महाविद्यालय में हर्ष का माहौल रहा।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एस. पी. सिंह, डॉ. अखिलेश सक्सेना (खेल निदेशक, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा), प्रो. संजय जैन, प्रो. विन्नी जैन, प्रो. संजीव जैन, डॉ. ऋषि रमन, डॉ. अभिषेक जॉन, डॉ. प्रिंस कुमार, डॉ. दिनेश कुमार, डॉ. राम कुमार तथा संदीप नायक सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे।
खेल संयोजक प्रो. राजीव फिलिप एवं आयोजन सचिव श्रीमती अमृता ऐंड ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

 

डीजीपी ने सुनी रिटायर्ड पुलिस अफसरों की फरियाद:ऑनलाइन मेडिकल रीइंबर्समेंट के लिए जिला स्तर पर हेल्प डेस्क की पहल

लखनऊ में बुधवार को पीपीएस (सेवानिवृत्त) ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन का वार्षिक अधिवेशन आयोजित हुआ। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण शामिल हुए। उन्होंने सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं को सुनते हुए कई अहम आश्वासन दिए। डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि लाइसेंस संबंधी मांग पर शासन स्तर पर बातचीत कर उचित निर्देश जारी कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने ऑनलाइन मेडिकल रीइंबर्समेंट में पेंशनर्स को आ रही तकनीकी दिक्कतों को दूर करने के लिए जिले स्तर पर हेल्प डेस्क स्थापित करने की पहल की बात कही। इससे सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को फॉर्म भरने और अन्य ऑनलाइन कामों में मदद मिलेगी। उन्होंने जिले स्तर पर सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के साथ नियमित संवाद की व्यवस्था बनाने पर भी जोर दिया, ताकि उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। 100 साल के सेवानिवृत्त न्यायाधीश भी पहुंचे कार्यक्रम में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश कमलेश्वर नाथ (100 वर्ष), पूर्व डीजीपी विलास मणि त्रिपाठी, ए.के. जैन, रामेश्वर दयाल, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन प्रशांत कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। एसोसिएशन के अध्यक्ष गौतेन्द्र पाल सिंह ने डीजीपी का आभार जताते हुए सदस्यों से सक्रिय जीवनशैली अपनाने और जरूरत पड़ने पर एक-दूसरे, समाज और विभाग का सहयोग करने की अपील की। एसोसिएशन की ओर से मुख्य अतिथि और अन्य विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित भी किया गया। अधिवेशन पुलिस रेडियो ट्रेनिंग स्कूल, महानगर में एसोसिएशन के अध्यक्ष गौतेन्द्र पाल सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ से हुआ। महासचिव श्याम पाल सिंह ने बताया कि पिछले एक साल में एसोसिएशन के 46 सदस्यों का निधन हो गया। उपस्थित सदस्यों ने दिवंगत साथियों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रमोद तिवारी बोले- विधानसभा चुनाव बैलेट पेपर से कराएं:कांग्रेस नेता ने पीएम के तंज पर कहा- आपकी परेशानी, बेसब्री समझ रहा हूं

पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर विधान परिषद (MLC) चुनावों के नतीजों को लेकर कांग्रेस पार्टी पर तंज कसा है। इस पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रमोद तिवारी ने वीडियो जारी कर पीएम के तंज का जवाब दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना तिवारी मोना के पिता प्रमोद तिवारी ने कहा आप शायद पहले प्रधानमंत्री हैं, जो एमएलसी के सीमित चुनाव पर बोल रहे हैं। प्रमोद तिवारी ने कहा हम आपकी परेशानी, बेसब्री, बेकरारी समझ सकते हैं। यहां बैलेट पेपर से चुनाव हुआ न। आपका कहना है कि बैलेट पेपर से चुनाव हुआ, फिर भी कांग्रेस कुछ नहीं कर पाई। प्रमोद बोले हिम्मत तो बांधिये प्रमोद तिवारी ने कहा अब तो हिम्मत बांधिए, अब क्यों घबरा रहे हैं? आने वाले चुनाव उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब के बैलेट पेपर से करा डालिए। जो परिणाम आएं, उसी हिसाब से 2029 में करा लीजिएगा। प्रमोद तिवारी ने कहा आपको तकलीफ नहीं हो रही होगी, पर मैं देख रहा हूं। पहले आप अयोध्या हारे। फिर काशी हारे। इस बार काशी हारे, प्रयागराज हारे, मथुरा हारे।
तो सारे तीर्थ स्थलों से जो सीधा संदेश आ रहा है कि भाजपा चंदा चोर है वह यही है। प्रमोद तिवारी ने कहा कि चंदा चोरी कि सजा मिल रही है। कहा कि वैसे भी एमएलसी का चुनाव, जिसकी सरकार उसका एमएलसी, होता रहा है। फिर भी मैं इतना कहूंगा पीछे मत हटिएगा। लोकसभा के और इन प्रदेशों के चुनाव बैटल पेपर करा डालिये।

ओला इलेक्ट्रिक को उपभोक्ता आयोग का झटका:अलीगढ़ में स्कूटी में बार-बार खराबी पर ग्राहक को नई स्कूटी देने या 1.02 लाख लौटाने का आदेश

ओला इलेक्ट्रिक की स्कूटी में बार-बार तकनीकी खराबी आने के मामले में जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने कंपनी को बड़ा झटका दिया है। आयोग ने ओला इलेक्ट्रिक टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड को ग्राहक वैभव शर्मा को नई स्कूटी देने या उसकी कीमत 1,02,505 रुपये वापस करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही 10 प्रतिशत सालाना साधारण ब्याज, मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न के लिए 10 हजार रुपये और मुकदमे के खर्च के रूप में पांच हजार रुपये अलग से देने होंगे। यह फैसला आयोग के अध्यक्ष हसनैन कुरैशी और सदस्य पूर्णिमा सिंह राजपूत की संयुक्त पीठ ने सुनाया। आदेश का पालन 45 दिन के भीतर करना होगा।
एडवोकेट शिवम नायक ने बताया कि वैभव शर्मा ने 31 दिसंबर 2023 को ओला एस1 एक्स प्लस इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी। खरीद के कुछ समय बाद ही स्कूटी में तकनीकी समस्याएं आने लगीं। पार्किंग लॉक नहीं खुलता था, पासवर्ड से स्कूटी अनलॉक करने में परेशानी होती थी और रिवर्स गियर भी काम नहीं करता था। सीट ठीक से लॉक नहीं होती थी और ओला ऐप से कनेक्टिविटी की समस्या भी बनी रहती थी। स्कूटी अचानक बंद हो जाती थी और कई बार दोबारा चालू नहीं होती थी।
सर्विस सेंटर के चक्कर काटे, फिर भी नहीं मिली राहत
वैभव शर्मा ने कंपनी के सर्विस सेंटर पर कई बार शिकायत की। ऑनलाइन टिकट दर्ज कराने और ईमेल के जरिए समस्या बताने के बावजूद उनका आरोप था कि खराबियों का स्थायी समाधान नहीं किया गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, कई शिकायतें बिना संतोषजनक समाधान के बंद कर दी गईं। इससे उन्हें आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानी उठानी पड़ी। इसके बाद उन्होंने जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, अलीगढ़ में परिवाद दाखिल किया।
शिकायत में वैभव शर्मा ने दोषपूर्ण स्कूटी बदलने या उसे ठीक कराकर वारंटी के साथ वापस देने, दो लाख रुपये क्षतिपूर्ति और 10 हजार रुपये वाद खर्च दिलाने की मांग की थी।
कंपनी ने आरोपों को नकारा
ओला इलेक्ट्रिक की ओर से शिकायत के आरोपों को निराधार बताया गया। कंपनी का तर्क था कि स्कूटी में कोई बड़ा विनिर्माण दोष नहीं था और सर्विस टीम ने वारंटी की शर्तों के अनुसार शिकायतों पर कार्रवाई की थी। कंपनी ने जॉब कार्ड का हवाला देते हुए परिवाद खारिज करने की मांग की।
दोनों पक्षों के साक्ष्यों और दस्तावेजों पर विचार करने के बाद आयोग ने फैसला सुनाया। आदेश के मुताबिक, कंपनी को 45 दिन के भीतर नई स्कूटी देनी होगी या 1,02,505 रुपये लौटाने होंगे। इस राशि पर 10 प्रतिशत सालाना साधारण ब्याज भी देना होगा। इसके अतिरिक्त 10 हजार रुपये मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न के लिए और पांच हजार रुपये वाद व्यय के रूप में देने होंगे। आदेश का पालन नहीं करने पर उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 की धारा 72 के तहत कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

चित्रकूट में दो बाइक की टक्कर में युवक की मौत:सीने पर पहिया चढ़ने से अमित ने तोड़ा दम; जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

चित्रकूट जिला मुख्यालय में बुधवार शाम करीब 5 बजे भैरोपागा रोड पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। एक बाइक सवार युवक सड़क पर गिरा और मोटरसाइकिल का पहिया उसके सीने पर चढ़ गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अमित पुत्र जय नारायण, निवासी बिहारा ग्राम पंचायत, छिवलहा पुरवा, कर्वी के रूप में हुई है। अमित बुधवार शाम जिला मुख्यालय से घर लौट रहा था, तभी सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उसकी बाइक टकरा गई।
टक्कर के बाद स्थानीय लोगों ने अमित को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। उसकी मौत की सूचना मिलने पर परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अभयराज सिंह ने बताया कि पुलिस को भैरोपागा रोड पर दो मोटरसाइकिलों की टक्कर की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की है। हादसे के संबंध में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।